लाइव, सऊदी ने हमले के बाद बंद किया ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन, इराक़ी क्षेत्र से हुआ हमला

सऊदी अरब ने शुक्रवार को एलान किया कि उसने ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया. इसी पाइपलाइन पर गुरुवार को कई ड्रोन हमले हुए थे.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ख़राब नेटवर्क से परेशान शख़्स टावर पर चढ़ा
  • एशिया कप फ़ाइनल में भारतीय टीम
  • 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को इस तरह दी गई श्रद्धांजलि
  • दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन
  • सत्य निकेतन इलाक़े के एक पीजी में रहने वाली स्टूडेंट दीपिका
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • चीन की लिफ़्ट

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. महिला एशिया कप: श्रीलंका ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया, फ़ाइनल में भारत से होगा मुक़ाबला

    श्रीलंका की टीम

    इमेज स्रोत, Sameera Peiris/Getty Images

    इमेज कैप्शन, महिला एशिया कप 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका का सामना भारतीय टीम से होगा

    श्रीलंका ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    दुबई में शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया. अब फ़ाइनल में श्रीलंका का सामना भारतीय महिला टीम से होगा.

    पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाए. कप्तान फ़ातिमा सना ने 36 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली. शवाल जुल्फ़िकार ने 24 और गुल फ़िरोज़ा ने 21 रन बनाए.

    श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अथापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि नीलाक्षिका और सुगंधिका को 1-1 सफलता मिली.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत ख़राब रही. फ़ातिमा सना ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव बना दिया.

    टीम ने 40 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए. कविशा ने 33 और हर्षिता ने 36 रन बनाए. नीलाक्षिका ने 18 और इमेशा दुलानी ने 24 रन का योगदान दिया.

    श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन बनाकर मुक़ाबला अपने नाम किया. पाकिस्तान के लिए फ़ातिमा सना ने 4 विकेट लिए.

    भारत पहले से ही फ़ाइनल में पहुंच चुका है. उसने पहले सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को हराया था. भारत और श्रीलंका के बीच फ़ाइनल 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

  2. सऊदी ने हमले के बाद बंद किया ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन, इराक़ी क्षेत्र से हुआ हमला

    हमला

    इमेज स्रोत, Handout/Houthi Media Center via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सऊदी के अधिकारियों के मुताबिक़, इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं और पाइपलाइन को भी नुक़सान पहुंचा है (सांकेतिक तस्वीर)

    सऊदी अरब ने शुक्रवार को एलान किया कि उसने ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया. इसी पाइपलाइन पर गुरुवार को कई ड्रोन हमले हुए थे.

    सऊदी के अधिकारियों के मुताबिक़, इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं और पाइपलाइन को भी नुक़सान पहुंचा है.

    सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि 10 सितंबर की सुबह ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर कई हमले किए गए. इसके बाद किसी बड़े नुक़सान को रोकने और सुरक्षा के मद्देनज़र पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.

    सऊदी के विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले में मानवीय क्षति तो हुई ही है, लेकिन इसके साथ जो बाकी नुक़सान हुआ, उसकी मरम्मत और बहाली का काम किया जा रहा है.

    मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पाइपलाइन को निशाना बनाने वाले कई ड्रोन इराक़ी क्षेत्र से लॉन्च किए गए थे.

    हालांकि, सऊदी अरब का कहना है कि वो फ़िलहाल जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा.

    सऊदी विदेश मंत्रालय ने बताया, "इराक़ के प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब से अपील की है कि इराक़ सरकार को अपने देश से होने वाले ऐसे हमलों को रोकने के लिए ज़रूरी क़दम उठाने का समय दिया जाए."

    इसी अनुरोध को देखते हुए सऊदी अरब ने फ़िलहाल जवाबी कार्रवाई नहीं करने और इराक़ी सरकार के प्रयासों का समर्थन करने का फ़ैसला किया है.

    हालांकि, सऊदी अरब ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है.

    गौरतलब है कि ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन सऊदी अरब की एक अहम तेल पाइपलाइन है. यह देश के पूर्वी हिस्से में मौजूद तेल क्षेत्रों को पश्चिमी तट से जोड़ती है. पाइपलाइन पर यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है.

  3. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.