इसराइल में सरकार बनाने के लिए आज़नकोट ने नेतन्याहू को वार्ता के लिए बुलाया

इमेज स्रोत, Reuters
इसराइल में में विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइज़नकोट ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि उन्होंने बिन्यामिन नेतन्याहू को विस्तृत प्रस्ताव भेजा था, लेकिन उन्हें अब तक जवाब नहीं मिला है.
गादी आइज़नकोट ने लिखा, "इसराइल को जिस एकता की जरूरत है, मैं उसके लिए प्रतिबद्ध हूं और इसके लिए राजनीतिक कीमत चुकाने को भी तैयार हूँ. पिछले रविवार को नेतन्याहू के अनुरोध पर स्थापित एक गुप्त माध्यम के जरिए उन्हें एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया था."
"कुछ मामलों में हमने समझौते के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे. यह सब एक और गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले किया गया था. लेकिन अब तक हमें इन मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला है."
गादी आइज़नकोट ने आगे लिखा है, "अगर लिकुड पार्टी वास्तविक एकता के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों में उसके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूँ. मैं नेतन्याहू और उनकी टीम को आज रात हर्जलिया स्थित डैन अकाडिया होटल में आमंत्रित करता हूँ, जहां मैं अपनी वार्ता टीम के साथ ठहरा हुआ हूँ."
इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान लगातार जारी है.
इसराइली मीडिया ने रिपोर्ट किया है कि उन्होंने विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार गादी आइज़नकोट को पीएम पद के लिए रोटेशन का प्रस्ताव दिया है.
इसके तहत पहले दो साल आइज़नकोट और अगले दो साल नेतन्याहू प्रधानमंत्री रह सकते हैं. हालांकि, कुछ मुद्दे ऐसे हैं जिनकी वजह से नेतन्याहू और आइज़नकोट के बीच असहमतियां बरकरार हैं.









