डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ इन मुद्दों पर सहमति का किया एलान, 'अंतिम फ़ैसले' पर यह कहा
इमेज स्रोत, Kent NISHIMURA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नाकाबंदी को हटाया जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
कहा है कि ईरान को यह मानना होगा कि उसके पास 'कभी भी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा'.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ सहमति बन गई है और 'अंतिम फ़ैसला' लेने के लिए वह बैठक करने जा रहे हैं.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा,
"ईरान को इस बात पर सहमत होना होगा कि
उसके पास कभी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा. होर्मुज़ स्ट्रेट को तुरंत खोला जाना
चाहिए और बिना किसी शुल्क के जहाज़ों की आवाजाही की अनुमति होनी चाहिए."
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नाकाबंदी को
हटाया जा रहा है और जो जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए थे वे अब 'घर लौटने' की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी सहमति बनी
है कि पिछले साल ईरान के परमाणु ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों की वजह से जो 'न्यूक्लियर डस्ट' ज़मीन के नीचे दब गई है उसे अमेरिका बाहर निकालेगा.
ट्रंप ने कहा कि यह काम ईरान और
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ क़रीबी समन्वय से किया जाएगा और इसके
बाद उस सामग्री को नष्ट कर दिया जाएगा.
उन्होंने आगे कहा, "कम महत्व के कुछ दूसरे मुद्दों पर भी सहमति बन गई
है. अब मैं अंतिम फ़ैसला लेने के लिए सिचुएशन रूम में बैठक करने जा रहा हूं."
रूस ने रोमानिया में 'रूसी ड्रोन' के टकराने की घटना को बेबुनियाद बताया
इमेज स्रोत, Pavel Bednyakov / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा था कि 'रोमानिया में ड्रोन को लेकर मचे हंगामे' का इस्तेमाल 'पश्चिमी देश' यूक्रेन युद्ध से ध्यान हटाने के लिए कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
रूस ने रोमानिया की रिहायशी इमारत से
'रूसी ड्रोन' के टकराने के आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता
मारिया ज़खारोवा ने रूस के आरटी चैनल से बातचीत की है. इस बातचीत को समाचार
एजेंसी आरआईए ने रिपोर्ट किया है.
ज़खारोवा ने कहा, "हम जो भी आरोप सुन रहे हैं, ख़ासतौर पर यूरोपीय संघ के देशों में कहीं ड्रोन
से जुड़े मामलों को लेकर, वे सभी
बेबुनियाद हैं. अब तक एक भी तथ्य, सामग्री
या सबूत पेश नहीं किया गया है."
इससे पहले रूस की सरकारी समाचार
एजेंसी तास ने ज़खारोवा के हवाले से कहा था कि 'रोमानिया में ड्रोन को लेकर मचे हंगामे' का इस्तेमाल 'पश्चिमी
देश' यूक्रेन युद्ध से ध्यान हटाने के लिए
कर रहे हैं.
तास ने क्रेमलिन के प्रवक्ता
दिमित्री पेस्कोव का बयान भी प्रकाशित किया. रिपोर्ट के मुताबिक़, पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
रोमानिया में ड्रोन घटना से 'वाक़िफ़' हैं.
तास ने यह भी कहा कि इस कथित घटना के जवाब
में रूस के दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' यानी निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर रूसी विदेश
मंत्रालय 'जल्द प्रतिक्रिया देगा'.
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने आरोप
लगाया कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत
से 'रूसी ड्रोन' के टकराने से दो लोग घायल हो गए.
रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना
के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि
अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी' था.
कर्नाटक: शनिवार को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, डीके शिवकुमार ने क्या कहा, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पोस्ट में शिवकुमार ने सिद्धारमैया की जमकर तारीफ़ की (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को
कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस विधायक दल की औपचारिक बैठक कल
यानी शनिवार शाम 4 बजे होगी.
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के सचिव
अल्लामाप्रभु पाटिल ने एक अधिसूचना में कहा कि यह बैठक विधानसभा के कॉन्फ़्रेंस
हॉल में आयोजित की जाएगी.
अधिसूचना में कहा गया, "बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस विधायक दल के नेता
सिद्धारमैया करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद में सदन के नेता एनएस भोसाराजू और
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में मौजूद रहेंगे."
शिवकुमार के एक क़रीबी नेता के
मुताबिक़, नए चुने गए सीएलपी नेता मंत्रियों के
शपथ ग्रहण के लिए सदस्यों की सूची को अंतिम रूप देने दिल्ली जाएंगे. नेता ने कहा,
"फ़िलहाल 1 जून, 3 जून और 5 जून की तारीख़ों पर चर्चा हो रही
है."
इससे पहले शिवकुमार ने दिल्ली में
मीडिया से कहा था कि वह शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ तय करने से पहले विधायक दल की
बैठक के नतीजे का इंतज़ार करेंगे.
उन्होंने कहा, "शपथ ग्रहण समारोह पर फ़ैसला लेने से पहले मुझे
पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से सलाह करनी होगी."
हालांकि, कर्नाटक में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.
सिद्धारमैया और शिवकुमार ने दिन में
पार्टी के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल
गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात कर उनका आभार जताया और आशीर्वाद लिया. शिवकुमार ने पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग से भी मुलाक़ात की.
सोशल मीडिया पोस्ट में शिवकुमार ने
सिद्धारमैया की जमकर तारीफ़ की.
उन्होंने लिखा, "भगवान न तो वरदान देते हैं और न ही श्राप. वह
सिर्फ़ अवसर देते हैं. असल में मायने यह रखता है कि हम उन अवसरों का क्या करते
हैं. सिद्धारमैया जी का जीवन इस सोच की बेहतरीन मिसाल है."
शिवकुमार ने कहा, "मैसूर के एक साधारण गांव से लेकर कर्नाटक के
मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफ़र दृढ़ता, संघर्ष
और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है. मुख्यमंत्री पद से हटते
समय मैं कर्नाटक के लोगों के लिए उनकी वर्षों की सेवा और नेतृत्व के प्रति दिल से
आभार और गहरा सम्मान व्यक्त करता हूं."
कॉकरोच जनता पार्टी ने लॉन्च किया अपना पहला 'ग्राउंड कैंपेन'
इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke
इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद बनी थी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्ट में अपना
पहला कैंपेन लॉन्च करने की घोषणा की है.
इस कैंपेन को 'लाइफ़ ऑफ़ ए कॉकरोच' यानी 'कॉकरोच की ज़िंदगी' नाम दिया गया है.
सीजेपी ने एक वीडियो पोस्ट में कहा,
"आज हम एक नेशनल कैंपेन लॉन्च कर रहे
हैं. यह कैंपेन हर उस कॉकरोच के लिए है, जो सरकार
की नाकामियों और लापरवाहियों से परेशान है."
सीजेपी की पोस्ट में कहा गया,
"सारे कॉकरोचेज़ अपने आसपास के किसी
भी सरकारी सिस्टम की फोटो या वीडियो निकालें. मुद्दा कुछ भी हो सकता है. सरकारी
स्कूल, कॉलेज या अस्पताल की हालत, घर के बाहर जमा कूड़ा या खुला हुआ नाला, पीने का पानी या बाहर की हवा की गंदगी, दलित, आदिवासी,
किसान या महिलाओं पर सिस्टम का दबाव या किसी
सरकारी दफ़्तर में खुलेआम चल रहा भ्रष्टाचार."
सीजेपी ने कहा है कि इन समस्याओं का
वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर पार्टी को टैग करना है. पार्टी इन शिकायतों को आगे
बढ़ाएगी और कार्रवाई की मांग करेगी.
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकान्त की टिप्पणियों के बाद कॉकरोच अचानक सुर्खियों में आया था.
कुछ ही दिनों में इंस्टाग्राम पर इसके 1.7 करोड़ से ज़्यादा फ़ॉलोअर हो गए थे. इसे अभिजीत दीपके ने बनाया, जो एक राजनीतिक संचार रणनीतिकार और बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र हैं.
अभिजीत का कहना है कि यह विचार एक मज़ाक के तौर पर आया था. लेकिन राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव को नहीं लगता कि यह महज़ एक मज़ाक है.
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को फिर दिया गया बंगला खाली करने का नोटिस, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना से
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राबड़ी देवी जनवरी 2006 से 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी
देवी को पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने
का फिर से नोटिस दिया गया है.
बिहार सरकार का कहना है कि अब यह बंगला मंत्री नंद
किशोर राम को आवंटित किया गया है.
बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेसी
सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बीती 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को 39,
हार्डिंग रोड आवंटित किया गया था.
उन्होंने कहा कि उनके बंगले को तैयार
भी कर दिया गया है. लेकिन राबड़ी देवी ने 10, सर्कुलर रोड खाली नहीं किया.
लेसी सिंह का कहना है कि विभाग ने
उन्हें कई बार नोटिस जारी किया है.
उन्होंने कहा कि अब यह बंगला नंद किशोर
राम को आवंटित हो गया है, इसलिए
राबड़ी देवी को खाली कर देना चाहिए.
लेसी सिंह ने इसमें किसी तरह की
राजनीति के आरोपों को खारिज़ किया है.
राबड़ी देवी जनवरी 2006 से 10,
सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही हैं.
वहीं, नंदकिशोर राम बीजेपी का दलित चेहरा बनकर उभरे हैं. वह रामनगर सीट से
जीते हैं. इस सीट से बीजेपी की पद्मश्री भागीरथी देवी जीतती रही थीं.
आज़म ख़ान के बेटे अब्दुल्ला को दो पासपोर्ट मामले में मिली राहत, कोर्ट ने सुनाया यह फ़ैसला, गौरव गुलमोहर, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अब्दुल्ला आज़म ने निचली अदालत के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सेशन कोर्ट में अपील दायर की थी (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल्ला
आज़म को दो पासपोर्ट मामले में बड़ी क़ानूनी राहत मिली है. एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट
ने निचली अदालत से सुनाई गई सात साल की सज़ा को रद्द करते हुए उन्हें बरी कर दिया
है.
अब्दुल्ला आज़म समाजवादी पार्टी के
वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म ख़ान के बेटे हैं. वह रामपुर की स्वार विधानसभा
सीट से विधायक रह चुके हैं.
अब्दुल्ला आज़म ने निचली अदालत के
फ़ैसले के ख़िलाफ़ सेशन कोर्ट में अपील दायर की थी. इसी अपील पर सुनवाई के बाद
अदालत ने शुक्रवार को फ़ैसला सुनाया.
अपीलकर्ता पक्ष के वकील नासिर
सुल्तान ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "आकाश सक्सेना ने रामपुर के थाना सिविल लाइन में 30 जुलाई 2019 को एक
एफ़आईआर दर्ज कराई थी. उसमें आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला आज़म खां ने जाली दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग समय पर दो अलग-अलग पासपोर्ट जारी करा लिए और उनका
आईडी के रूप में इस्तेमाल भी किया."
इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने पांच
दिसंबर 2025 को मोहम्मद अब्दुल्ला आज़म खां को सात साल की सज़ा सुनाई थी.
उन्होंने बताया, "उस निर्णय के ख़िलाफ़ क्रिमिनल अपील रामपुर के
एमपी-एमएलए कोर्ट में दायर की गयी थी, जिसमें
आज फ़ैसला आया है. इस फ़ैसले में नीचे की ट्रायल कोर्ट के फ़ैसले को पलट दिया गया
है और सज़ा को रद्द कर दिया गया है."
हालांकि इस मामले में राहत मिलने के
बावजूद अब्दुल्ला आज़म फ़िलहाल जेल से बाहर नहीं आएंगे. दूसरे मामलों में भी वह सज़ा काट रहे हैं.
फ़ैसला सुनाए जाने के बाद समाजवादी
पार्टी कार्यकर्ताओं ने अदालत के बाहर जश्न भी मनाया. हालांकि अभियोजन पक्ष के पास
इस फ़ैसले को हाई कोर्ट में चुनौती देने का विकल्प मौजूद है.
सीबीएसई का पोर्टल एक जून से खुलेगा, स्टूडेंट्स के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिज़ल्ट आने के बाद कॉपी जांचने की नई प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं (सांकेतिक तस्वीर)
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड
(सीबीएसई) ने शुक्रवार को कहा कि पोस्ट-रिज़ल्ट गतिविधियों के लिए पोर्टल एक जून
से खुलेगा.
पोस्ट-रिज़ल्ट गतिविधियों में उत्तर
पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन जैसी चीज़ें शामिल हैं. साथ ही बोर्ड ने स्टूडेंट्स की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है.
सीबीएसई ने एक्स पर एक बयान में कहा
कि जो स्टूडेंट्स उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन
करना चाहते हैं, उनके लिए प्रक्रिया को 'पारदर्शी और तकनीकी अड़चनों से मुक्त बनाने'
के लिए यह फ़ैसला लिया गया है.
बयान में कहा गया, "जो स्टूडेंट्स पोस्ट-रिज़ल्ट एक्टिविटीज़ पोर्टल
पर आवेदन करना चाहते हैं, उनकी
उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को पारदर्शी और
तकनीकी अड़चनों से मुक्त बनाए रखने के लिए यह तय किया गया है कि निर्धारित पोर्टल
अब 1 जून 2026 से खुलेगा."
सीबीएसई ने कहा, "यह फ़ैसला मूल्यांकन के सर्वोच्च मानकों और
प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है."
बोर्ड ने स्टूडेंट्स के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किया है.
हेल्पलाइन: 1800 11 8004
ईमेल: resultcbse2026@cbseshiksha.in
सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिज़ल्ट आने
के बाद कॉपी जांचने की नई प्रक्रिया ऑनस्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) पर सवाल उठ रहे
हैं. विपक्ष ने भी इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.
सीबीएसई के अनुसार, इस साल 12वीं की परीक्षा में 17 लाख 68 हजार 962
स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. इनमें से 4 लाख 4 हजार 319 स्टूडेंट्स ने री-इवैल्यूशन
के लिए आवेदन किया है. यानी क़रीब 22.85 फ़ीसदी स्टूडेंट्स ने पुनर्मूल्यांकन की
मांग की है.
ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल: दूसरे क्वालिफ़ायर में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच दो बार क्यों हुआ टॉस
इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह मैच न्यू चंडीगढ़ में हो रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफ़ायर
मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस जीत लिया है. टीम के कप्तान रियान
पराग ने पहले बल्लेबाज़ी चुनी है.
मैदान में दो बार टॉस हुआ. पहली बार
जब गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने सिक्का उछाला और रियान पराग ने कॉल ली,
तो रेफरी को सुनाई नहीं दिया, जिसके बाद दूसरी बार टॉस किया गया.
यह मैच न्यू चंडीगढ़ में हो रहा है.
इस मैच को जीतने वाली टीम खिताब के लिए फ़ाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से
भिडे़गी.
पहले क्वालिफ़ायर में आरसीबी ने
गुजरात को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.
रोमानिया में 'रूसी ड्रोन' टकराने के बढ़ा तनाव, क्रेमलिन से आई प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, एएफ़पी के मुताबिक़, रूसी वाणिज्य दूतावास में तैनात कॉन्सुल को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया गया है
रोमानिया की रिहायशी इमारत से 'रूसी ड्रोन' के टकराने की घटना पर रूसी राष्ट्रपति कार्यालय और विदेश मंत्रालय की
प्रतिक्रिया आई है.
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर
पुतिन रोमानिया में ड्रोन घटना से "वाक़िफ़" हैं.
तास ने यह भी कहा कि इस घटना के जवाब
में रूस के दूत को 'पर्सोना
नॉन ग्राटा' यानी निष्कासित किए जाने के फ़ैसले पर रूसी
विदेश मंत्रालय 'जल्द प्रतिक्रिया देगा'.
तास के मुताबिक़, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया
ज़खारोवा ने कहा है कि 'रोमानिया में ड्रोन को लेकर मचे
हंगामे' का इस्तेमाल 'पश्चिमी देश' यूक्रेन
युद्ध से ध्यान हटाने के लिए कर रहे हैं.
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत से रूसी ड्रोन के टकराने से दो लोग घायल हो गए हैं.
रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी' था.
इस घटना के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया था.
इसके बाद स्थानीय मीडिया में ऐसी रिपोर्ट्स आईं कि रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान ने कहा है कि उनका प्रशासन दक्षिण-पूर्वी शहर कॉन्स्टांटा में रूसी वाणिज्य दूतावास में तैनात रूसी दूत को निष्कासित करेगा और दूतावास को बंद कर देगा.
एएफ़पी के मुताबिक़, रूसी दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया गया है.
कार्टून: उनका भी मिड डे मील?
इमेज कैप्शन, बरेली में शिक्षकों को गायों के लिए चारा दान करने के आदेश पर आज का कार्टून
ऋषभ पंत लखनऊ की कप्तानी से हटे, फ़्रेंचाइज़ी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पंत की कप्तानी में एलएसजी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है (फ़ाइल फ़ोटो)
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने कहा
है कि फ़्रेंचाइज़ी ने ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया
है.
एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी
ने कहा, "ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ
फ़्रेंचाइज़ी से संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया
है."
उन्होंने कहा, "ऐसे फ़ैसले कभी आसान नहीं होते. कप्तान के तौर पर
ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए
हम उनके आभारी हैं."
ऋषभ पंत साल 2025 में एलएसजी से
जुड़े थे. उनसे पहले टीम की कप्तानी केएल राहुल कर रहे थे.
दिल्ली कैपिटल्स से रिलीज़ किए जाने
के बाद पंत को एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था.
पंत की कप्तानी में एलएसजी अच्छा
प्रदर्शन नहीं कर पाई है. आईपीएल 2025 में एलएसजी प्वॉइंट्स टेबल पर सातवें स्थान
पर थी, जबकि इस साल टीम दसवें स्थान पर है.
पंजाब के स्थानीय चुनावों में आम आदमी पार्टी को बढ़त, बीजेपी का क्या है हाल?
इमेज स्रोत, Mayank Mongia/BBC
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के समर्थक जश्न मना रहे हैं
पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों के
नतीजे शुक्रवार को घोषित किए जा रहे हैं. अब तक के नतीजों के मुताबिक़, राज्य की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सबसे
ज़्यादा सीटें जीतकर पहले स्थान पर है.
बीबीसी पंजाबी सेवा के मुताबिक़,
शाम चार बजे तक के घोषित परिणामों में आम आदमी
पार्टी ने 772 सीटें जीती हैं.
कांग्रेस 304 सीटें जीतकर दूसरे
स्थान पर है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 227
सीटें जीती हैं.
शिरोमणि अकाली दल ने 153 सीटें जीती
हैं, जबकि बीजेपी को अब तक 91 सीटें और
बहुजन समाज पार्टी को 6 सीटें मिली हैं.
शाम चार बजे तक कुल 1553 सीटों के
परिणाम घोषित हुए हैं. वोटों की गिनती अभी जारी है.
पंजाब में मंगलवार, 26 मई को निकाय चुनावों के लिए मतदान हुआ था.
शुक्रवार को 8 नगर निगमों, 75 नगर
परिषदों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित किए जा रहे हैं.
शेयर बाज़ार में लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़का
इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, शुक्रवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,278.69 अंक तक नीचे गया (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय शेयर बाज़ार में लगातार तीसरे
दिन भी गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़क गया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
यह गिरावट कमज़ोर मानसून के अनुमान और
अमेरिका-ईरान युद्धविराम से जुड़ी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच आई है.
पीटीआई के मुताबिक़, शुक्रवार को बाज़ार के अंतिम मिनटों में तेज़
बिकवाली के दबाव की वजह से 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,092.06 अंक यानी 1.44
प्रतिशत गिरकर 74,775.74 पर बंद हुआ.
दिन में कारोबार के दौरान यह
1,278.69 अंक यानी 1.68 प्रतिशत टूटकर 74,589.11 तक पहुंच गया था.
वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ़्टी 359.40 अंक यानी 1.50 प्रतिशत फिसलकर
23,547.75 पर बंद हुआ.
इमेज स्रोत, BSEIndia
क्वाड गुट पर चीन की टिप्पणी के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय का आया बयान
इमेज स्रोत, MEAIndia
इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्वाड किसी के विरोध के लिए नहीं है
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
रणधीर जायसवाल ने क्वाड गुट पर चीन की टिप्पणी के बाद प्रतिक्रिया दी है.
शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान जायसवाल से सवाल किया गया कि 'हाल ही में क्वाड की बैठक के बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि
क्वाड सहयोग को किसी तीसरे पक्ष को टारगेट नहीं करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि
वे इस तरह के गुटीय टकराव का समर्थन नहीं करते.'
इस पर रणधीर जायसवाल ने कहा,
"क्वाड किसी (उद्देश्य) के लिए है,
यह किसी के विरोध के लिए नहीं है. क्वाड
प्रोजेक्ट्स को एक साथ करने के लिए है, इंडो-पैसिफ़िक
क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए है."
उन्होंने कहा, "क्वलाइमेट एक्शन, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और अन्य कई क्षेत्रों
में क्वाड कई पहल और प्रोजेक्ट्स लेकर आया है."
क्वाड देशों में भारत, अमेरिका, जापान और
ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं.
इस हफ़्ते मंगलवार को नई दिल्ली के
हैदराबाद हाउस में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने बैठक की थी. भारतीय विदेश
मंत्री एस जयशंकर के मुताबिक़, बैठक में
इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र में समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी.
चीन ने इस बैठक का विरोध किया था.
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा था कि चीन ऐसे 'छोटे समूहों' का समर्थन नहीं करता.
माओ ने कहा, "हम हमेशा मानते रहे हैं कि देशों के बीच सहयोग से
क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलना
चाहिए और उसका निशाना किसी तीसरे पक्ष को नहीं बनाया जाना चाहिए."
उन्होंने कहा था, "हम ख़ास 'छोटे
समूहों' या गुटीय टकराव का समर्थन नहीं करते
और किसी भी सहयोग को क्षेत्र के देशों के बीच आपसी भरोसे और सहयोग को कमज़ोर नहीं करना
चाहिए."
रूसी ड्रोन के रिहायशी इमारत से टकराने के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना ने बताया कि इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी मूल का' था
रोमानिया की एक रिहायशी इमारत से रूसी ड्रोन के टकराने के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया है और कहा है कि देश की सुरक्षा उसकी 'सर्वोच्च
प्राथमिकता' है.
रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना
के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि
गालाती के अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी मूल का' था.
इस घटना पर रूस की ओर से अब तक कोई
प्रतिक्रिया नहीं आई है.
ओआना ने कहा, "विदेश मंत्रालय आधिकारिक तौर पर यह बताएगा कि रूस
की इस ग़ैर-ज़िम्मेदाराना हरकत का दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों पर क्या असर
पड़ेगा."
रोमानिया के राष्ट्रपति ने देश की
सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद की बैठक भी बुलाई है.
क्या है मामला?
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया
है कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास रोमानिया के गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत
से रूसी ड्रोन के टकराने से दो लोग घायल हो गए हैं.
आपात विभाग ने बताया कि ड्रोन में
मौजूद विस्फोटक के फट जाने से इमारत की 10वीं मंज़िल पर आग लग गई.
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा
कि स्थानीय समयानुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात क़रीब 1 बजे के बाद दो एफ़-16
लड़ाकू विमान और एक हेलिकॉप्टर तैनात किए गए.
यूरोपीय संघ के नेताओं ने इसे 'स्पष्ट और गंभीर उल्लंघन' बताया है, जबकि नेटो ने कहा है कि "रूस का लापरवाह व्यवहार सभी के लिए
ख़तरा है."
मौसम विभाग ने हरियाणा-राजस्थान के इन इलाक़ों के लिए जारी किया आंधी-पानी का अलर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आईएमडी ने यह अलर्ट अगले दो घंटे के लिए जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने
शुक्रवार को हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाक़ों में तेज़ हवाएं चलने और बारिश को
लेकर अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी ने यह अलर्ट अगले दो घंटे के
लिए जारी किया है.
मौसम विभाग के बयान में कहा गया,
"अगले 2 घंटे के दौरान हरियाणा के
चरखी दादरी, लोहारू, महेंद्रगढ़ और राजस्थान के सादुलपुर, पिलानी में धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली
गिरने की बहुत अधिक आशंका है."
आईएमडी के मुताबिक़, इस दौरान इन इलाक़ों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति
घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल में शामिल होने की दी अनुमति
इमेज स्रोत, Luke Hales/Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी (फ़ाइल फ़ोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रेसलर
विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के लिए होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेने की
अनुमति दे दी है.
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पीएस
नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने शुक्रवार को यह आदेश दिया.
अदालत भारतीय कुश्ती महासंघ
(डब्ल्यूएफ़आई) की याचिका पर सुनवाई कर रही थी. इसमें दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश
को चुनौती दी गई थी, जिसमें विनेश फोगाट को ट्रायल में
शामिल होने की अनुमति दी गई थी.
पीटीआई के मुताबिक़, कोर्ट ने डब्ल्यूएफ़आई की ओर से पेश वकील से कहा,
"हाई कोर्ट आदेश दे चुका है, जिससे उम्मीद और अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. अब उन्हें
(विनेश) यह कहकर वापस घर भेजना कि हम कुछ नहीं कर सकते, ठीक नहीं होगा."
दिल्ली: नीट यूजी का री-एग्ज़ाम देने वाले स्टूडेंट्स को डीटीसी बस में फ़्री यात्रा की सुविधा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नीट यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी में 21 जून को नीट (यूजी) की परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स को डीटीसी बस में मुफ़्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''21 जून को होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दिल्ली सरकार वैध प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाने पर सभी डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देगी.''
उन्होंने लिखा, ''छात्रों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण इस दिन किसी भी अभ्यर्थी को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह हमारी प्राथमिकता है.''
पेपर लीक के कारण रद्द हुई नीट अंडर ग्रेजुएट की परीक्षा अब दोबारा 21 जून को होगी.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सरकार की मंज़ूरी के बाद शुक्रवार को परीक्षा की नई तारीख़ घोषित की.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, "नीट यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द करने का फ़ैसला लिया गया."
उन्होंने बताया था कि दोबारा परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी.
अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.