लाइव, ममता बनर्जी के क़रीबी पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी का शव पार्टी कार्यालय में मिला

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है. लेकिन अधिकारियों ने उसके बारे में कुछ बताने से मना कर दिया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. झारखंड आंदोलन: स्टूडेंट्स ने अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफ़ा मांगा

    हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, HemantSorenJMM X/ANI

    इमेज कैप्शन, पीयूष कुमार ने बताया कि स्टूडेंट्स की मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारियों ने अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफ़े की मांग की है.

    प्रदर्शन कर रहे छात्र पीयूष कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्टूडेंट्स पिछले 22 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं.

    उन्होंने सरकार के ‘छात्रों की वार्ता, छात्रों के साथ’ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा, “पहले अंग्रेज बहादुर का राज था और अब सरकार बहादुर का राज है. आज उन्होंने ‘छात्रों की वार्ता, छात्रों के साथ’ अभियान शुरू किया है. हम यहां 22 दिनों से बैठे हैं, क्या हम कीड़े-मकोड़े हैं?”

    पीयूष कुमार ने कहा कि अब आंदोलन को लेकर स्टूडेंट्स ने कुछ फैसले लिए हैं और वे अपनी मांगों पर कायम रहेंगे.

    पीयूष कुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्टूडेंट लीडर पीयूष कुमार

    उन्होंने मांग की कि जेएसएससी और जेपीएससी की 11वीं से 13वीं परीक्षाओं को सरकार रद्द करे. साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए.

    उन्होंने कहा, “अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हो पा रही हैं तो मुख्यमंत्री जी इस्तीफ़ा दें.”

    पीयूष कुमार ने बताया कि सोमवार को झारखंड के सभी जिलों में सरकार का पुतला दहन किया जाएगा. इसके बाद भी अगर छात्रों की मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक छात्र मुख्यमंत्री आवास के बाहर डटे रहेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे.

  2. ममता बनर्जी के क़रीबी पूर्व मंत्री आशीष बनर्जी का शव पार्टी कार्यालय में मिला, प्रभाकर मणि तिवारी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    आशीष बनर्जी

    इमेज स्रोत, Sanjay Das

    इमेज कैप्शन, आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे, साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    ममता बनर्जी सरकार में मंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह उनके आवास से सटे पार्टी के दफ्तर में बरामद किया गया.

    वो पश्चिम बंगाल में बीरभूम ज़िले की रामपुरहाट सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे.

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कमरे में उनका शव पाया गया था. फ़िलहाल मौत के कारण की जांच की जा रही है.

    पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है. लेकिन अधिकारियों ने उसके बारे में कुछ बताने से मना कर दिया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

    आशीष साल 2001 से ही इस सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे थे. लेकिन इस साल बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

    इलाक़े के लोगों ने सबसे पहले आशीष के शव को फंदे से लटकते देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची रामपुरहाट थाने की पुलिस ने शव को बरामद किया.

    आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे थे. साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था.आशीष ने बर्दवान विश्वविद्यालय से बांग्ला में डॉक्टरेट करने के बाद रामपुरहाट कॉलेज में अध्यापन से करियर शुरू किया था. लेकिन बाद में राजनीति में शामिल हो गए. उनको ममता बनर्जी का क़रीबी माना जाता था.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  3. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Doordarshan National

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजली दी

    पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के विजय घाट स्थित उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.

    इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, "पुण्यतिथि पर अटल जी को याद कर रहा हूं. वह असाधारण दूर दृष्टि वाले महान राजनेता थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने देश को मज़बूत बनाया. सुशासन और जनकल्याण पर उनका जोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा."

    भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे.

    1996 में पहली बार वो मात्र 13 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे. वो दूसरी बार 1998 में प्रधानमंत्री बने मगर सरकार 13 महीने चली. तीसरी बार वो 1999 से 2004 तक प्रधानमंत्री रहे. उनका देहांत 16 अगस्त 2018 को हुआ था.

  4. ईरान ने क़तर पर अपने तीन पायलटों को क़ैद करने के लगाए आरोप, क्या बोला क़तर

    ईरानी सेना

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ़ की लापता लोगों की तलाश से जुड़ी समिति के प्रमुख ने दावा किया है कि तीन ईरानी पायलट क़तर की क़ैद में हैं.

    उन्होंने उनकी स्थिति स्पष्ट कराने में मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरए) से अपील की है.

    ईरानी मीडिया के मुताबिक़, ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद बाक़रज़ादेह ने आईसीआरए की अध्यक्ष मैरियाना स्पोल्यारिक को लिखे पत्र में कहा कि दो सुखोई-24 लड़ाकू विमान 2 मार्च 2026 को क़तर में मौजूद एक 'दुश्मन सैन्य अड्डे' को निशाना बनाने के मिशन पर भेजे गए थे.

    उनके मुताबिक़, मिशन पूरा करने के बाद वापस लौटते समय विमानों को दुश्मन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा, जिसके चलते चार ईरानी पायलट प्रभावित हुए.

    इन चार पायलटों में से एक माजिद काज़ेमी का शव बाद में ईरान लाया गया और उन्हें 29 अगस्त को शिराज में दफ़नाया गया.

    ब्रिगेडियर जनरल बाक़रज़ादेह ने दावा किया कि बाकी तीन पायलटों जवाद सालेही, अब्दुलमजीद दश्तियान और इमरान बहरूशियान को क़तर की सेना ने ज़िंदा पकड़ लिया था.

    क्या बोला क़तर

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने ईरान के इस दावे को ख़ारिज किया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए राजनयिक प्रयास जारी हैं. ऐसे में “इस समय इस तरह के भ्रामक बयानों” को लेकर उन्हें काफ़ी हैरानी हुई है.

    माजिद अल-अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा कि मार्च में क़तर के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन होने के बाद उन्होंने ईरानी पायलटों से संपर्क किया था और उनके उड़ान मार्ग की पुष्टि की थी.

    उनके मुताबिक़, जब पायलटों की ओर से संदेशों का कोई जवाब नहीं मिला तो क़तर ने “संघर्ष के नियमों और अंतरराष्ट्रीय कानून की ज़रूरतों के तहत” अपनी रक्षा के लिए कार्रवाई की.

    उन्होंने आगे कहा कि क़तर की खोज और बचाव टीमों ने इन पायलटों की तलाश के लिए अभियान चलाया था.

    प्रवक्ता ने बताया कि एक पायलट का शव बरामद हुआ था और उसे ईरान को सौंपने के लिए क़तर सरकार ने तेहरान से संपर्क भी किया था.

  5. तेलंगाना के मंदिर के मैनेजर पर नाबालिग से यौन उत्पीड़न का आरोप, पॉक्सो के तहत मामला दर्ज

    तेलंगाना

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास स्थित एक मंदिर के 66 साल के मैनेजर को एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है.

    पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह घटना 13 अगस्त को मंदिर परिसर के अंदर हुई थी.

    बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची.

    एजेंसी ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि आरोपी के ख़िलाफ़ रामचंद्रपुरम पुलिस थाने में पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

  6. ईरानी सांसद ने कहा- ट्रंप होर्मुज़ की चिंता छोड़ें, अपनी सुरक्षा की फ़िक्र करें

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा कि ट्रंप को होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर लगातार धमकियां देने के बजाय अपनी सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    अज़ीज़ी ने कहा कि ट्रंप को होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर लगातार धमकियां देने के बजाय अपनी सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अपनी सुरक्षा के लिए ट्रंप को शायद 'खाने के ट्रक' में छिपना पड़ सकता है.

    अज़ीज़ी का यह बयान ट्रंप के उस बयान के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने पिछली रात कहा था कि वह 'होर्मुज़ स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे.'

    बाद में व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप ने यह बात मज़ाक में कही थी. हालांकि, उनके इस बयान की मीडिया में काफ़ी चर्चा हुई है और ईरान के कई अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है.

  7. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आपतक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.