अमरीका: यौन संबंध से ज़ीका का मामला

ज़ीका वायरस का संक्रमण

इमेज स्रोत, AFP Getty

प्रकाशित

अमरीका के टेक्सास में यौन संक्रमण के ज़रिए ज़ीका वायरस का पहला मामला सामने आया है.

द सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ एंड प्रीवेंशन ने इस बात की पुष्टि की है कि दल्लास काउंटी में एक व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित हुआ है.

दल्लास काउंटी के एक अधिकारी ने कहा कि वो बीमार इंसान एक ऐसे व्यक्ति के साथ यौन संबंध बनाने के बाद ज़ीका वायरस के संक्रमण का शिकार हुआ जो उस देश से आया था जहां ये वायरस पाया जाता है.

अमरीका में अभी तक इस बात के कोई सुबूत नहीं मिले हैं कि मच्छरों के ज़रिए ये वायरस फैल रहा है.

अमरीका में इस वायरस के पाए जाने का ये पहला मामला है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंगलवार को ही ज़ीका वायरस को अतंरराष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य के लिए ख़तरा क़रार दिया था.

दल्लास काउंटी स्वास्थ्य और मानवसेवा विभाग के निदेशक ज़कारी थॉमसन ने इस बारे में कहा, ''अब जब कि हम जानते हैं कि यौन संबंध बनाने से ये वायरस एक से दूसरे तक जा सकता है, इस वायरस से कैसे बचा जाए इस बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए अभियान चलाने में हमें काफ़ी मदद मिलेगी''.