शेक्सपियर के नाटक पर पाकिस्तानी फ़िल्म

    • Author, शुमैला जाफ़री
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू संवाददाता, लाहौर
  • प्रकाशित

कई साल बाद लाहौर की मशहूर सलाउद्दीन हवेली की दीवारें रंग-बिरंगी पतंगों से सजी हैं.

ड्रम वाले लगातार ड्रम बजा रहे हैं, नौजवान लड़के-लड़कियां पीले कपड़े पहनकर छत पर इकट्ठे हैं. लेकिन पतंग उड़ाने के लिए नहीं, बल्कि उर्दू फ़िल्म "रहम" की शूटिंग देखने के लिए.

यह फ़िल्म शेक्सपियर के नाटक "मेयर फॉर मेयर" पर आधारित है.

भारत में शेक्सपियर के नाटकों पर कई फ़िल्में बनी हैं, लेकिन लाहौर में शेक्सपियर के नाटकों पर आधारित किसी फ़िल्म की शूटिंग पहली बार हुई है.

इस फ़िल्म के लेखक और निर्माता मोहम्मद जमाल हैं.

मोहम्मद जमाल के मुताबिक़ इस्लामी माहौल में शेक्सपियर के किसी नाटक पर आधारित यह पहली फ़िल्म है.

जब उनसे पूछा गया कि आख़िर अपनी फ़िल्म के लिए उन्होंने शेक्सपियर के नाटकों को क्यों चुना तो उन्होंने बताया "शेक्सपियर ने जब यह नाटक लिखा था तो ब्रिटेन में धार्मिक भावना रखने वाली कट्टरपंथी सरकार बन गई थी. यह नाटक तो बहुत मशहूर नहीं हुआ लेकिन मुझे लगा कि कई संदर्भों से यह हमारे आज के हालात की तरह है. इस नाटक में दया और सहिष्णुता है, और इसी सोच की आज दुनिया को सबसे ज़्यादा ज़रूरत है".

ख़ालिद बट ने फ़िल्म में नवाब साहब की भूमिका निभाई है, जो राज्यपाल के सचिव हैं. एक समय ऐसा आता है जब राज्यपाल उनके फ़ैसले लेने की क्षमता परखने के लिए अपने सारे अधिकार नवाब साहब को सौंपकर छिप जाते हैं. फिर नवाब साहब अपनी हमदर्दी के साथ कड़ी सज़ा देकर समझाने-बुझाने और चेतावनी देने के बाद अपराधियों को छोड़ देते हैं.

फ़िल्म में हर तरह का काम पाकिस्तानी और ब्रिटिश लोगों ने किया है. फ़िल्म की शूटिंग लाहौर में ही की गई और शेक्सपियर के दौर की कहानी लाहौर के वातावरण में ढाली गई है.

सुनील शंकर "रहम" में एंजेलो की भूमिका कर रहे हैं. सुनील ने बताया, "इस फ़िल्म में बहुत सारे मोड़ और नाटक हैं.

शेक्सपियर के नाटक पर आधारित होने के बावजूद "रहम" अजनबी नहीं लगेगी, बल्कि दर्शक महसूस करेंगे कि यह हमारे अपने समाज और घरों की कहानी है".

फ़िल्म की शूटिंग पूरी हो गई है. संपादन के बाद उसे कांस फ़िल्म महोत्सव में दिखाया जाएगा. दूसरी ओर उम्मीद है कि "रहम" पाकिस्तान में ईद के मौक़े पर रिलीज़ की जाएगी.

यह फ़िल्म शेक्सपियर के निधन के चार सौ साल पूरे होने के समारोह के मौक़े पर रिलीज़ होगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक करें. <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>