वसंत के आगमन के 7 मनमोहक रंग

प्रकाशित

सर्दियों के जाते ही दुनिया भर में कई प्राकृतिक ठिकाने वसंत के रंग में रंग जाते हैं.

इन्हें देखते ही झलक मिलती है कि अब दिन लंबे होने वाले हैं और तापमान बढ़ने वाला है.

नीदरलैंड के कई हिस्से तो रंग बिरंगे ट्यूलिप के फूलों से भर जाते हैं. इन्हें देखकर ऐसा लगता है मानो ट्यूलिप की कारपेट बिछ गई हो.

सक्रिय जीवन

कई जीव वसंत के आने से सक्रिय हो जाते हैं. उत्तरी अमरीका में पाए जाने वाली गिलहरी का मांद से निकलना वसंत के आने की सूचना देता है. कनाडा और अमरीका में तो इनके जरिए ही वसंत के आने की भविष्यवाणी की जाती है.

लॉटरी का आयोजन

अमरीकी प्रांत अलास्का में रहने वालों के लिए वसंत ना केवल ठिठुराने वाली सर्दी से छुटकारा दिलाता है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए फायदे का सौदा भी साबित होता है.

यहां हर साल सालाना नेनाना आइस क्लासिक लॉटरी की प्रतियोगिता होती है. स्थानीय लोग इसमें हिस्सा लेकर अनुमान लगाते हैं कि तानाना नदी की बर्फ कब पिघलेगी.

जमी हुई नदी पर हर साल ट्रायपॉड लगाया जाता है और उसे एक घड़ी से कनेक्ट किया जाता है, जैसे ही बर्फ पिघलती है, घड़ी रुक जाती है. बीते साल इस लॉटरी को जीतने वालो को रिकॉर्ड तीन लाख तिरसठ हजार छह सौ सत्ताइस डॉलर मिले.

चेरी के फूल

जापान में चेरी के फूलों के खिलने की ख़बर इसी मौसम में सुर्खियां बनाती है. इन फूलों को देखने के लिए आउटडोर पार्टियों का आयोजन होता है, जिसे हानामी कहते हैं. अमरीका और कनाडा जैसे देशों में भी चेरी के फूलों का स्वागत उत्सव की तरह किया जाता है.

नया जीवन

वसंत के आगमन पर भेड़ अपने बच्चों को जन्म देती हैं.

उत्तर अमरीका के पर्वतीय इलाकों में पाए जाने वाले लंबी सिंगों वाली मादा भेड़ अपने बच्चे को जन्म देने के लिए एकदम ऊंची चोटी तक चली जाती हैं ताकि अपने बच्चे को शिकारियों की नजर से बचा सके.

नवजात भेड़ कुछ ही घंटों में सक्रिय हो जाती हैं और पवर्त की चोटियों पर चढ़ने उतरने लगती हैं.

अप्रवासी प्यार

कई देशों में अप्रवासी पक्षियों की पहली झलक वसंत के आने की सूचना देती है. लाल रंग के गले वाली चिड़िया (आर्किलोकेएस कोलूब्रिस) उत्तर अमरीका में बड़ी संख्या में इस दौरान नजर आती हैं.

ये मेक्सिको की खाड़ी से करीब 500 मील की दूरी तय करके अमरीका पहुंचती हैं. लेकिन लंबे समय तक रुकती नहीं. वे अपने पुरुष साथी के साथ संसर्ग करके अगस्त से पहले वापसी पर रवाना हो जाती हैं.

रंग और गुलाल

परंपरागत तौर पर मानव समुदाय वसंत के मौसम को नई शुरुआत के तौर पर देखता है.

हिंदूओं का खास त्योहार होली भी इसी मौसम में मनाया जाता है. इसमें लोग एक दूसरे पर रंग-गुलाल लगाते हैं.

वैसे ये त्योहार अच्छी फसल और जमीन की उर्वरकता के उत्सव के तौर पर मनाया जाता है.

<italic><bold>अंग्रेज़ी में <link type="page"><caption> मूल लेख</caption><url href="http://www.bbc.com/earth/story/20150302-signs-of-spring-around-the-world" platform="highweb"/></link> यहां पढ़ें, जो <link type="page"><caption> बीबीसी अर्थ</caption><url href="http://www.bbc.com/earth" platform="highweb"/></link> पर उपलब्ध है.</bold></italic>

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href=" https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>