उत्तरी अमरीका में भयानक बर्फ़ीला तूफ़ान

प्रकाशित

उत्तर पूर्वी अमरीका में भयानक बर्फ़ीला तूफ़ान कहर ढा रहा है. तूफ़ान की वजह से सात लोगों की मौत हो गई है.

ग्रेट लेक्स से निकलने के बाद बफ़ैलो इलाक़े में तूफ़ान ने बर्फ़ की पांच फ़ीट ऊंची तह बना दी है. और भविष्यवाणी की गई है कि यह और ज़्यादा ख़तरनाक हो सकता है.

तूफ़ान के कारण बफ़ैलो इलाक़े में पांच लोग मारे गए, जिनमें एक मौत कार हादसे की वजह से हुई जबकि तीन को दिल का दौरा पड़ने से जान गंवानी पड़ी.

अमरीका के सभी 50 राज्यों में जमा देने वाला तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जिनमें फ़्लोरिडा और हवाई के इलाक़े भी शामिल हैं.

बफ़ैलो इलाक़े की निवासी लिंडा ओकले ने बताया, "हमने घर से बाहर आने की कोशिश की और हम ख़ुशकिस्मत थे कि बर्फ़ हटाकर दरवाज़ा खोल पाए."

उनका कहना था, "हम सिर्फ़ यह सोच रहे हैं कि आपात स्थिति में हम बाहर आ सकते हैं, हालांकि कहीं जा नहीं सकते."

तूफ़ान के चलते लोगों को अपने घरों और कारों में बंद रहना पड़ रहा है. तेज़ हवाएं और बर्फ़ से पटी सड़कों के कारण हादसे हो रहे हैं और कई हिस्सों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

नियाग्रा यूनिवर्सिटी की एक महिला बास्केटबॉल टीम घंटों सड़क पर फंसी रही. बाद में उन्हें अधिकारियों ने वहां से निकाला.

न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्र्यू कुओमो ने सौ से ज़्यादा नेशनल गार्ड्स को सड़कें साफ़ करने और इधर-उधर गिरे पड़े वाहनों को हटाने के काम में लगाया है.

राष्ट्रीय मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ जगहों पर एक दिन में छह फ़ीट चार इंच तक बर्फ़ गिरने का रिकॉर्ड बन सकता है.

न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में बुधवार को ट्रेन सेवाएं रोक दी गईं.

अमरीका में शनिवार से अब तक क़रीब 20 लोगों की मौत इसी वजह से हो चुकी है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi%20" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)