कनाडा और अमरीका के बीच नहीं हुआ व्यापार समझौता

डोनल्ड ट्रंप
प्रकाशित

अमरीका और कनाडा के बीच नॉर्थ अमरीकन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी नाफ्टा में संशोधन के बारे में बातचीत बेनतीजा रही है.

अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि वे अगले हफ्ते एक बार फिर कनाडा के अधिकारियों से मुलाक़ात करेंगे और समझौते पर पहुँचने का प्रयास करेंगे.

इससे पहले, अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के हवाले से कहा गया था कि कनाडा के साथ कोई भी समझौता अमरीकी शर्तों के आधार पर ही होगा. हालाँकि ट्रंप ने बाद में कहा कि उन्होंने ऑफ दि रिकॉर्ड बातचीत में ऐसा कहा था.

ट्रंप ने कहा कि अब चूंकि बात सामने आ गई है तो कनाडा समझ ही गया होगा कि वो (ट्रंप) क्या चाहते हैं.

हाल ही में अमरीका ने मेक्सिको के साथ व्यापार समझौता किया था और फिलहाल उसकी इसी पर आगे बढ़ने की योजना है.

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि त्रिपक्षीय समझौते के लिए इसके क्या मायने हैं, जिसके तहत एक लाख करोड़ डॉलर का व्यापार होता है.

व्हाइट हाउस के लिए अमरीकी सदन को नए व्यापार समझौते की जानकारी देने के लिए ज़रूरी 90 दिनों का नोटिस देने का शुक्रवार को आखिरी दिन था. अमरीका को एक दिसंबर से पहले नई नाफ़्टा डील पर हस्ताक्षर करने हैं. इसी दिन मेक्सिको के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुएल लोपेज़ ओब्राडोर पदभार संभालेंगे.

क्यों नहीं हुई डील?

जस्टिन ट्रूडो और डोनल्ड ट्रंप

अमरीका चाहता है कि उसके दुग्ध उत्पादों के लिए कनाडा अपने बाज़ार खोले, दवाओं के पेटेंट को आगे बढ़ाए. साथ ही अमरीका ये भी चाहता है कि कनाडा निवेशकों और सरकारों के बीच के झगड़ों को सुलझाने के लिए बने अंतरराष्ट्रीय पैनलों को खत्म करने पर राज़ी हो जाए.

अमरीकी अधिकारियों का कहना था कि शुक्रवार की बैठक में ख़ासकर दुग्ध उत्पादों को लेकर सहमति नहीं बन सकी. कनाडा इसमें किसी तरह की रियायत देने को तैयार नहीं है और प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का कहना है कि वो इस मुद्दे पर अपने पहले के रुख़ पर कायम हैं.

कनाडा के विदेश मामलों के मंत्री क्रिश्टिया फ्रीलैंड ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है और समझौता 'होने ही वाला है.'

उन्होंने कहा कि कनाडा के सामने अमरीका जैसी डेडलाइन की समस्या नहीं है. उन्होंने कहा, "कनाडा के लिए अहम ये है कि अच्छी डील हो और जैसे ही हम कनाडा के लिेए अच्छी डील मिलेगी, हम डील कर देंगे."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)