रूस ने तैयार की दुनिया में कहीं भी मार करने वाली परमाणु मिसाइल: पुतिन

पुतिन
प्रकाशित

रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने कहा है कि रूस ने एक ऐसी परमाणु मिसाइल तैयार कर ली है जो पूरी दुनिया में कहीं भी मार कर सकती है और हर लक्ष्य को भेद सकती है.

पुतिन का दावा है कि इस मिसाइल को रोक पाना असंभव होगा.

पुतिन

रूस के राष्ट्रपति चुनाव से पहले पुतिन बतौर राष्ट्रपति अपने आख़िरी भाषण में बोल रहे थे.

रूस के सरकारी टीवी पर पुतिन ने लोगों को एक प्रज़ेंटेशन भी दिखाया. इसमें पुतिन ने कहा कि रूस ऐसे ड्रोन भी तैयार कर रहा है जिन्हें पनडुब्बियों से छोड़ा जा सकेगा और वो परमाणु हमला करने में सक्षम होंगे.

पुतिन

पुतिन ने आगे कहा कि रूस की इस नई मिसाइल को यूरोप और एशिया में बिछे अमरीकी डिफ़ेंस सिस्टम भी नहीं रोक सकते.

पुतिन ने रूसी संसद के दोनों सदनों को क़रीब दो घंटे तक संबोधित किया.

पुतिन

अमरीका को जवाब?

समीक्षकों के मुताबिक़, रूस के राष्ट्रपति का ये बयान अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के सैन्य ताक़त बढ़ाने वाले बयान का जवाब माना जा रहा है. अमरीका ने पिछले महीने ही अपने परमाणु असले को बढ़ाने और छोटे एटम बम तैयार करने की बात कही थी.

अमरीका के इस बयान के बारे में कहा गया था कि ये कहीं न कहीं रूस को चुनौती देने के लिए जारी किया गया बयान था.

चीन और अमरीका भी ऐसी मिसाइल तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं जो दुनिया में कहीं भी मार कर सके.

पुतिन

पुतिन ने अपने भाषण में ये भी कहा कि रूस ने अपनी सैन्य ताक़त का विस्तार दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए किया था.

हालांकि पुतिन ने बेबाकी से कहा कि रूस के ख़िलाफ़ अगर कोई परमाणु हथियार निकालेगा, तो रूस दोगुना ताक़त से उसका तात्कालिक जवाब देगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)