बिग बॉस सीज़न 8 के विजेता गौतम गुलाटी

गौतम गुलाटी, फ़राह ख़ान, करिश्मा तन्ना
    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

टीवी सीरियल 'दिया और बाती' से अपनी पहचान बना चुके गौतम गुलाटी बिग बॉस सीज़न 8 के विजेता बन गए हैं.

विनर होने के नाते गौतम को 50 लाख रूपये इनाम के तौर पर मिले हैं.

गौतम जबसे बिग बॉस के घर में आए तभी से काफ़ी लोकप्रिय रहे. फिर चाहे वो गौतम के एटिट्यूड की बात हो या फिर डांयड्रा के साथ उनके रोमांस की. पुनीत इस्सर के साथ उनकी दोस्ती हो, या फिर अली के साथ उनका झगड़ा.

गौतम गुलाटी, करिश्मा, प्रीतम, बिगबॉस फ़ाइनलिस्ट

शो के दौरान गौतम ने हर तरह से लोगों का दिल जीत लिया.

हालांकि विजेता के नाम की घोषणा शो के ग्रैंड फ़िनाले से पहले ही हो चुकी थी.

ट्विटर पर पहले से ही शो के सबसे चर्चित प्रतियोगी गौतम गुलाटी को विजेता बताया जा रहा था.

गौतम गुलाटी, बिग बॉस सीज़न आठ के विजेता

फ़िनाले से एक दिन पहले से ही गौतम गुलाटी सोशल नेटवर्किग साइट ट्वीटर पर ट्रेंड में बने हुए थे और हर तरफ़ उनके जीतने की चर्चा की जा रही थी.

बिग बॉस हल्ला बोल के संस्करण में उपविजेता रही करिश्मा तन्ना जो पुरे शो में गौतम से और बिग बॉस के बाक़ी सदस्यों से कई बार लड़ती झगड़ती नज़र आईं. तीसरे नंबर पर रहीं प्रीतम जिन्होंने 25 लाख रूपये की रक़म लेकर पहले ही अपना नाम वापस ले लिया.

गौतम गुलाटी अपने परिवार के साथ

गौतम गुलाटी ने बिग बॉस के घर में बहुत सारे दोस्त नहीं बनाए लेकिन उनकी दोस्ती पुनीत इस्सर के साथ काफ़ी अच्छी रही और गौतम के मित्र पुनीत चाहते थे की बिग बॉस हल्ला बोल का ख़िताब गौतम को ही मिले.

वहीं करिश्मा की दोस्ती मॉडल-एक्टर उपेन पटेल के साथ काफ़ी चर्चा में रही. उपेन और करिश्मा की नज़दीकियों ने लोगों के ध्यान को अपनी तरफ़ आकर्षित किया. बीबीसी से ख़ास बात-चीत के दौरान उपेन पटेल ने करिश्मा को विजेता बनाने की इच्छा ज़ाहिर की थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)