'शाहरूख़ ये रोल मुझसे अच्छा न कर सकते थे'

    • Author, सुप्रिया सोगले
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

कुछ महीने पहले हरियाणा में आरक्षण को लेकर हुए हिंसक जाट आंदोलन से हताश अभिनेता रणदीप हुड्डा कहते हैं कि आरक्षण नहीं होना चाहिए.

रणदीप हुड्डा हरियाणा के हैं और दंगों से काफ़ी आहत हुए. उन्होंने ट्विटर पर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी.

बीबीसी से ख़ास बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतनी तरक्क़ी के बाद भी ऐसा हुआ, इसका अफ़सोस है.

इसके पीछे वह राजनीतिक इतिहास को ज़िम्मेदार मानते हैं लेकिन उस पर टिप्पणी नहीं करना चाहते.

आरक्षण के सवाल पर वह कहते हैं, ''आरक्षण तो होना ही नहीं चाहिए, लेकिन हमारी राजनीति जातिवाद पर आधारित है. हर जाति का लीडर 'ब्राउनी पॉइंट' के लिए आरक्षण की बात करता है.''

वे कहते हैं, ''मेरे ख़्याल से आरक्षण आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर होना चाहिए. जो ग़रीब हैं उन्हें मदद मिलनी चाहिए.''

'मानसून वेडिंग', 'किक', 'जिस्म 2' और 'मैं और चार्ल्स' जैसी फ़िल्मों से दर्शकों के दिल में जगह बनाने वाले रणदीप हुड्डा कहते हैं कि उन्हें बनावटी विनम्रता पसंद नहीं.

रणदीप ने कहा कि फ़िल्म इंडस्ट्री में वह बनावटी तौर पर किसी के पैर नहीं पड़े. वे कहते हैं कि ये बनावटी चीज़ें फ़िल्मी परिवार से आए अभिनेताओं को बखूबी आती हैं.

शाहरुख़ खान ने इच्छा जताई थी कि वह बड़े पर्दे पर चार्ल्स शोभराज का किरदार निभाना चाहते हैं, लेकिन यह मौक़ा रणदीप हुड्डा को मिला.

इस पर रणदीप कहते हैं, "मुझे माफ़ करना शाहरुख़, मैंने किरदार निभा दिया. पर मुझसे अच्छा निभा नहीं पाओगे."

रणदीप हुड्डा फ़िल्म 'सरबजीत' की वजह से चर्चा में थे. हालांकि 'सरबजीत' से पहले रणदीप की फ़िल्म 'लाल रंग' रिलीज़ होने वाली है. इसमें वे हरियाणवी जाट का किरदार निभा रहे हैं.

इस फ़िल्म में वह ख़ून की तस्करी करते दिखेंगे. इस फ़िल्म के लिए सलमान ख़ान एक गाना भी गाने वाले थे, पर व्यस्तताओं के चलते नहीं गा पाए.

22 अप्रैल को रिलीज़ हो रही इस फ़िल्म का निर्देशन सईद अहमद अफ़ज़ल ने किया है.

फ़िल्म में अक्षय ओबरॉय और रजनीश दुग्गल भी अहम भूमिका में दिखेंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)