मैं यहां मस्ती करने नहीं आई हूं: कटरीना

    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

बॉलीवुड अभिनेत्री कटरीना कैफ़, अपने और अभिनेता रणबीर कपूर के ब्रेकअप की ख़बरों पर विराम लगाते हुए बोलीं कि वह यहां काम करने आई हैं.

बीते कुछ दिनों से अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री कटरीना कैफ़ के प्रेम संबंधों में खटास पड़ने की ख़बरें सुर्खियां बटोर रही हैं.

इन दिनों अपनी आगामी फ़िल्म 'फ़ितूर' के प्रमोशन में व्यस्त कैट से जब बीबीसी ने इस बारे में पूछा, तो वे बोलीं, ''मुझे किसी के कुछ बोलने से फ़र्क नहीं पड़ता. मैं अपनी निजी बातों को निजी ही रखना पसंद करती हूँ.''

रणबीर और कटरीना के ब्रेकअप में अभिनेता सलमान खान का भी नाम उछाला जा रहा है. मीडिया में आ रही ख़बरों में कहा जा रहा है कि रणबीर से रिश्ता तोड़ने के बाद कैट ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड सलमान ख़ान से एक पार्टी में गुपचुप मुलाक़ात की.

कैट ने इन ख़बरों को नकारते हुए कहा, ''ऐसी ख़बरों को मैं तवज्ज़ो नहीं देती.''

कैट अपने करियर का ज़िक्र करते हुए कहती हैं, ''मेरे पास दो-चार नौकरियां नहीं हैं. मेरे पास सिर्फ़ एक ही नौकरी है-अभिनय करना और उसी पर मैं निर्भर हूँ.''

उनका कहना था, ''फ़िल्म में अभिनय के बाद उसका प्रमोशन करना मेरे काम का हिस्सा है और मैं उसी के तहत मीडिया से मिलती हूँ और अपनी फ़िल्म के बारे में बताती हूँ.''

कैट ने कहा, ''मैं यहां मस्ती करने नहीं आई हूँ. मैं इंडस्ट्री में काम करती हूँ और उसी के सिलसिले में मुझे बात करना पसंद है.''

चार्ल्स डिकेंस के मशहूर उपन्यास 'ग्रेट एक्सपेक्टेशंस' पर आधारित फ़िल्म 'फ़ितूर' में कटरीना फ़िरदौस की भूमिका में दिखेंगी. उनके अलावा फ़िल्म में अभिनेता आदित्य रॉय कपूर भी हैं, जो नूर का किरदार निभा रहे हैं.

इस रोमेंटिक ड्रामा फ़िल्म का निर्देशन अभिषेक कपूर ने किया है. 12 फरवरी को रिलीज़ हो रही इस फ़िल्म में अभिनेत्री तब्बू बेग़म हज़रत की भूमिका में नज़र आएंगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>