एकता को अज़हर ने किया 30 बार इनकार

    • Author, मधु पाल
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन के जीवन पर बनने वाली फ़िल्म 'अज़हर' का फर्स्ट लुक आ चुका है.

फ़िल्म में इमरान हाशमी मुख्य किरदार यानि मोहम्मद अज़हरुद्दीन की भूमिका में दिखेंगे.

फ़िल्म के जरिेए क्रिकेटर अज़हरुद्दीन की ज़िंदगी के कई पहलुओं को बयां किया जाएगा. इस पोस्टर लुक को लॉन्च करने इमरान हाशमी, एकता कपूर के साथ खुद अज़हर भी मौजूद थे.

एकता कपूर इससे पहले भी फ़िल्म 'डर्टी पिक्चर' के ज़रिए बड़े पर्दे पर सिल्क स्मिता की ज़िन्दगी को उजागर कर चुकी हैं.

एकता कहती हैं," इतना आसान नहीं था अज़हर से हाँ कहलवाना. मुझे उनसे कम से कम 30 बार मिलना पड़ा और जब उससे भी काम नहीं बना तो मुझे मेरे पिता जीतेंद्र से बात करनी पड़ी क्योंकि अज़हर और मेरे पिता बहुत अच्छे दोस्त हैं. इस फ़िल्म में अज़हर की ज़िन्दगी से जुड़े तीन पहलू खुदा, शादी और मैच फ़िक्सिंग दिखेंगे."

इमरान की अलग एक्टिंग स्किल्स

अपने ऊपर बन रही इस बायोपिक पर अज़हर कहते हैं, "मेरी ज़िन्दगी से जुड़े तीनों पहलुओं को आप इस फ़िल्म में देखेंगे. जब आप ये फ़िल्म देखेंगे तब आपको मेरी भावनाओं के बारे में बेहतर तरीके से पता चलेगा."

इमरान के अभिनय पर अज़हर ने कहा, "मैं जानता हूँ कि बहुत से लोग इमरान की एक्टिंग नहीं देखते वो सिर्फ इमरान के दूसरे स्टाइल को देखने जाते हैं, लेकिन इस फ़िल्म से सब लोग इमरान की एक्टिंग स्किल्स को भी जान पाएंगे."

'संगीता बिजलानी ही निभाए रोल'

इमरान हाशमी तो अज़हर बनने के लिए खुद अज़हर से क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहे हैं, लेकिन इस फ़िल्म में अज़हर की पत्नी का किरदार कौन कर रहा है इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है.

लेकिन खुद अज़हर चाहते हैं कि उनकी पत्नी संगीता बिजलानी ही उनकी पत्नी का किरदार निभाए.

अज़हर के साथ साथ धोनी पर भी बायोपिक बन रही है जो अगले साल रिलीज़ होगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>