दुबई से इसराइल जा रही फ्लाइट को अचानक सऊदी में लैंड करना पड़ा, पायलटों के आपस में झगड़ने की रिपोर्ट

दुबई फ्लाई
इमेज कैप्शन, शुरू में ऐसा माना गया कि फ्लाइट को हाईजैक कर लिया गया है (प्रतीकात्मक फोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

दुबई से तेल अवीव जा रहा फ्लाईदुबई का एक यात्री विमान बुधवार सुबह सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया. फ्लाइट को यहीं लैंड करना पड़ा.

इसराइली मीडिया में बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान पायलटों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसके बाद विमान ने इमरजेंसी कोड भेजा और कुछ समय के लिए हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई.

एफ़ज़ेड1073 के रूप में संचालित इस विमान में क़रीब 180 इसराइली यात्री सवार थे. विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा, जो सामान्य आपात स्थिति का संकेत देता है. इसके बाद कोड बदलकर 7500 कर दिया गया, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप का संकेत है. बाद में विमान ने फिर से शुरुआती कोड 7700 भेजा.

यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़ घटना के दौरान, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया.

फ्लाइट रडार24 के डेटा के मुताबिक इस विमान ने सऊदी अरब के ऊपर अचानक दिशा बदलने और नीचे उतरने के कुछ ही देर बाद क़रीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी किया.

इसराइली प्रसारक एन12न्यूज़ के चीफ़ पॉलिटिकल एनलिस्ट अमित सेगल ने एक्स पर लिखा है, ''ऐसा लगता है कि दोनों पायलटों के बीच उड़ान के दौरान हाथापाई हो गई, जिसके बाद पूरे मध्य पूर्व में हाई अलर्ट कर दिया गया.''

इस टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने लिखा है, ''आज सुबह इस घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह हाई अलर्ट पर कर दिया. अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ. लेकिन उड़ान के दौरान पायलटों का आपस में हाथापाई पर उतर जाना और विमान को रास्ता बदलकर उतारना निश्चित तौर पर कोई आम अनुभव नहीं है.''

समाचार एजेंसी रॉयटर्स से एक इसराइली अधिकारी ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पायलटों के बीच हाथापाई होने के बाद दोनों ने इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे.

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों में से किसी पायलट ने जानबूझकर इमरजेंसी सिग्नल भेजा था या नहीं.

इससे पहले इसराइल के तीन सुरक्षा अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया था कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस उड़ान को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया. इसराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख अयाल ज़मीर ने वायुसेना के कमांडर और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन भी किया.

फ्लाईदुबई दुबई और तेल अवीव के बीच रोजाना उड़ानें संचालित करती है. यह मार्ग इसराइली नागरिकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.