बंगलौर पस्त, चेन्नई की टीम 27 रनों से जीती

प्रकाशित

बंगलौर में हुए आईपीएल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 27 रनों से मात दी है.

टॉस बंगलौर की टीम ने जीता और पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया. चेन्नई की टीम ने 20 ओवरों में आठ विकेट गंवाकर 181 का स्कोर खड़ा किया.

सलामी बल्लेबाज़ ड्वेन स्मिथ ने सधी हुई शुरुआत की और 39 रन बनाकर आउट हुए.

बाद में सुरेश रैना ने अच्छी पारी खेलते हुए 32 गेंदों में 62 रनों का योगदान दिया और 13वें ओवर में आउट होने से पहले टीम को 124 तक ले गए.

इसके बाद विकेट जल्दी जल्दी गिरते गए लेकिन डू प्लेसी ने 18 गेंदों में 33 रन बनाकर आख़िर में अहम योगदान दिया. वे अंत तक आउट नहीं हुए.

बंगलौर की ओर से चहल ने तीन विकेट चटकाए तो इक़बाल अब्दुल्ला ने दो विकेट लिए.

बंगलौर की पारी

बंगलौर की पारी की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही. उसके दोनों सलामी बल्लेबाज़ चौथा ओवर आते आते कुल 33 के स्कोर पर आउट हो चुके थे.

तीसरे नंबर पर आए कप्तान कोहली ने ज़रूर टिककर खेले लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों के गिरने का सिलसिला लगातार चलता रहा.

दिनेश कार्तिक 10 तो एबी डि विलियर्स 14 रन ही बना सके. टीम की रन बनाने की गति काफ़ी धीमी रही.

17वें ओवर में कोहली 42 गेदों में 51 रन बनाकर नेहरा की गेंद पर आउट हुए.

पूरी टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना सकी.

चेन्नई की ओर से बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए आशीष नेहरा ने चार विकेट लिए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)