स्टुअर्ट बिन्नी के टीम में चयन पर सवाल

प्रकाशित

भारत की वर्ल्ड कप क्रिकेट टीम में स्टुअर्ट बिन्नी को शामिल करने पर ट्विटर पर लोगों ने काफ़ी नाराज़गी जताई है.

दरअसल उनके पिता रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड यानी बीसीसीआई की चयन समिति के सदस्य हैं.

रितिक ठाकुर लिखते हैं, "विश्व कप के लिए टीम के चयन के पहले ही तय हो गया था कि टीम में सात बल्लेबाज़, पांच गेंदबाज़, दो ऑलराउंडर और एक स्टुअर्ट बिन्नी होंगे."

वहीं पिता-पुत्र की सफलता के संदर्भ में अक्षय शेओरान लिखते हैं, 'क्रिकेट में स्टुअर्ट बिन्नी वैसे ही हैं जैसे बॉलीवुड में अभिषेक बच्चन'.

जबकि ऋषभ ठाकुर ने इसमें राहुल गांधी का नाम भी जोड़ दिया है. उनके मुताबिक़ "स्टुअर्ट बिन्नी भारत के नए राहुल गांधी और अभिषेक बच्चन हैं."

'स्टुअर्ट लिटिल से तुलना'

नॉट दैट बाबा नाम से हुए ट्वीट में कहा गया है, "स्टुअर्ट बिन्नी और स्टुअर्ट लिटिल में क्या फ़र्क है? स्टुअर्ट लिटिल अपनी मेहनत से बना हीरो है."

वहीं कह के पहनो नाम से एक तस्वीर ट्वीट की गई है, जिसमें गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग को हँसते हुए दिखाया गया है जबकि नीचे लिखा है कि 'जब स्टुअर्ट बिन्नी को चुना गया तो यह प्रतिक्रिया दिखी'.

विनायक ने इसमें महेंद्र सिंह धोनी का ज़िक्र करते हुए कहा है, "अगर एमएसडी जोगिंदर शर्मा से अंतिम ओवर करवाकर जीत सकते हैं तो वह स्टुअर्ट बिन्नी का भी बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं. आख़िर धोनी तो धोनी हैं."

बिन्नी चयनकर्ता

झुनझुनवाला ने श्रीश्री मंगल नाम से किए ट्वीट में सवाल उठाया है, "क्या रोजर बिन्नी के राष्ट्रीय चयनकर्ता होने और स्टुअर्ट बिन्नी के विश्व कप की टीम में चुने जाने में कोई हितों का टकराव या कॉन्फ़्लिक्ट ऑफ़ इंटरेस्ट नहीं है."

बाबू साहेब के ट्वीट के अनुसार, "स्टुअर्ट बिन्नी किस आधार पर चुने गए, नासा और इसरो इस बारे में रिसर्च कर ही रहे हैं."

स्टुअर्ट बिन्नी के पिता रोजर बिन्नी 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे. उस विश्व कप में उन्होंने सर्वाधिक 18 विकेट लिए थे.

<bold>(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> क्लिक </caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link>करें. आप हमसे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी जुड़ सकते हैं.)</bold>