क्या फिर से क्रिकेट खेल पाएँगे एबट?

एबट
प्रकाशित

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिलिप ह्यूज की दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर देश भर में शोक के बीच गेंदबाज़ शॉन एबट के भविष्य को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं.

लेकिन दुनिया के कई क्रिकेटर एबट के समर्थन में भी आगे आए हैं. ये भी आशंका जताई जा रही है कि शायद एबट फिर खेल ही न पाएँ.

22 वर्षीय एबट की गेंद पर ही ह्यूज को चोट लगी थी. गुरुवार को सिडनी के सेंट विंसेंट अस्पताल में 25 वर्षीय ह्यूज की मौत हो गई.

उधर, फ़िलिप ह्यूज के सम्मान में ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट ग्राउंड्स में झंडे झुका दिए गए हैं. क्रिकेटरों ने श्रद्धांजलि के रूप में अपने बल्ले घर के बाहर ही छोड़ दिए.

ह्यूज की मृत्यु की ख़बर ऑस्ट्रेलिया के अख़बारों में मुख्य और अंतिम पृष्ठ पर छाई रही.

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने अभी यह तय नहीं किया है कि अगले सप्ताह भारत के साथ होने वाली टेस्ट सिरीज़ खेली जाएगी या नहीं. वे पहले टीम के सदस्यों से बात करेंगे.

करियर

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान माइकल क्लार्क और ह्यूज की बहन मेगन ने एबट को सांत्वना दी. एबट को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से सलाह दी जा रही है.

लेकिन इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज़ डेविड लॉरेंस मानते हैं कि एबट का करियर ख़त्म हो सकता है.

वर्ष 1988 में लॉरेंस की एक गेंद वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ फिल सिमंस के सिर में जाकर लगी थी.

बीबीसी रेडियो फ़ाइव लाइव के साथ बातचीत में लॉरेंस ने कहा कि उन्हें इस बात का अंदाज़ा है कि एबट किस मन:स्थिति से गुज़र रहे होंगे.

लॉरेंस ने कहा, "जब आप फिर से गेंदबाज़ी करने के लिए जाएँगे, तो आपके दिमाग़ में बार-बार वो तस्वीर आएगी. क्या एबट पहले जैसे रह पाएँगे. मैं नहीं जानता."

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कहा है कि एबट अपना कर्तव्य निभा रहे थे. इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयन बॉथम ने कहा है कि वे ह्यूज और उनके परिजनों के लिए दुखी हैं, लेकिन एबट के लिए भी सोचना चाहिए.

'बदल गया क्रिकेट'

एबट

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वॉर्न ने क्रिकेट की दुनिया से अपील की है कि उन्हें एबट का सहयोग करना चाहिए.

बीबीसी रेडियो फ़ाइव लाइव के एक कार्यक्रम में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल स्लेटर ने कहा, "हम सभी रोये. मैं नहीं समझता हूं कि किसी ने भी यह सोचा होगा कि फ़िलिप नहीं रहेंगे." उन्होंने कहा कि यह घटना क्रिकेट जगत की आम घटना नहीं है. इस क्षण ने क्रिकेट को हमेशा के लिए बदल दिया.

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने भी युवा एबट की सहायता की अपील की है. ऑस्ट्रेलिया के ही पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जेसन गिलेस्पी ने कहा कि एबट अपना काम कर रहे थे.

ह्यूज

पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ वक़ार यूनुस ने कहा है कि एबट को सहायता की आवश्यकता है और उन्हें संयम से काम लेना चाहिए.

<bold>(बीबीसी हिंदी का <link type="page"><caption> एंड्रॉयड मोबाइल ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi&hl=en" platform="highweb"/></link> डाउनलोड करने के लिए क्लिक करें. आप हमसे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी जुड़ सकते हैं.)</bold>