भारत ने श्रीलंका को दिया 364 का लक्ष्य

अजिंक्या रहाने, शिखर धवन
इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रकाशित

रविवार को कटक में खेले जा रहे श्रीलंका के ख़िलाफ़ पहले एकदिवसीय मैच में भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 364 का लक्ष्य रखा है.

भारत ने 50 ओवरों में पाँच विकेट खोकर 363 रन बनाए हैं.

भारत की तरफ़ से अजिंक्य रहाने(111) और शिखर धवन(113) शतक बनाकर आउट हुए. सुरेश रैना 52 रन बनाकर आउट हुए.

श्रीलंका की तरफ़ से एस रनदीव ने तीन विकेट लिए. वहीं एसएमए प्रियरंजन और पीएमएस गामागे ने एक-एक विकेट लिए.

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

अचानक फ़ैसला

धोनी

इस सिरीज़ का फ़ैसला आनन-फ़ानन में तब लिया गया था जब वेतन को लेकर बोर्ड से विवाद पर वेस्टइंड़ीज़ की टीम भारत दौरा बीच में ही छोड़कर चली गई थी.

वेस्टइंड़ीज़ को भारत में तब एक वनडे, एक ट्वेंटी-20 और तीन टेस्ट मैच और खेलने थे.

नाराज़ बीसीसीआई ने वेस्टइंड़ीज़ क्रिकेट बोर्ड से क्रिकेट संबध तो तोड़े ही दिए, शनिवार को उस पर 258 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति का दावा भी ठोक दिया.

एंजेलो मैथ्यूज
इमेज कैप्शन, श्रीलंका टीम का नेतृत्व एंजेलो मैथ्यूज़ करेंगे

श्रीलंका के साथ सिरीज़ के लिए टीम इंडिया के नियमित कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आराम देकर शुरुआती तीन मैचों के लिए विराट कोहली को कप्तान बनाया गया.

श्रीलंका के ख़िलाफ़ घरेलू प्रदर्शन की बात करें तो भारत ने आठ में से सात वनडे सिरीज़ जीती हैं, जबकि एक बराबरी पर छूटी है.

भारतीय टीम के लिए शुरुआती मुक़ाबले काफ़ी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि चार नवंबर को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिये टीम का चयन होना है और चयनकर्ताओं की श्रृंखला पर नज़र रहेगी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi%20" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi%20" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi%20" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>