संजय मांजरेकर बोले, 'अगर मैं कोच होता तो वैभव को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ टीम में शामिल नहीं करता'

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अगर वो इंडिया-ए के कोच या मैनेजर होते, तो अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले जा रहे मैच के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करते.
दरअसल, सोमवार को श्रीलंका ए से सुपर ओवर में भारत ए की हार के बाद वैभव की मैदान पर विपक्षी श्रीलंकाई क्रिकेटर के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की हो गई थी. इसके बाद से वैभव की काफ़ी आलोचना हुई.
बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ वैभव ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए.
संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, "अगर मैं इंडिया ए का कोच या मैनेजर होता, तो अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ इस मैच के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करता. ऐसा सिर्फ़ उन्हें यह समझाने के लिए करता कि मैदान पर शारीरिक रूप से आक्रामक होना या हाथापाई करना ठीक नहीं है, चाहे उकसाने की वजहें कुछ भी रही हों."























