भारत मनाने जा रहा है 80वाँ स्वतंत्रता दिवस, लाल क़िले से पीएम मोदी का लगातार 13वां संबोधन

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है. इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लाल क़िले से हर साल की परंपरा के अनुसार, सुबह 7:30 बजे तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे.
नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक स्थल से यह लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा. संबोधन से पहले मोदी तीनों सेनाओं और दिल्ली पुलिस के जवानों से बनी गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे.
ध्वजारोहण के दौरान स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत करेंगे और इसके बाद राष्ट्रगान होगा.
समारोह में क़रीब 27,000 लोग शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 5,000 विशेष अतिथि, आम लोग और देश के युवा शामिल होंगे.
स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के ज़रिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं.
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की असीम शुभकामनाएं. यह राष्ट्रीय पर्व हमें देश के वीर सेनानियों के अद्भुत साहस, अथक संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अतुलनीय समर्पण का स्मरण कराता है. आइए, उनके आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करें."
