रूस का दावा- यूक्रेन ने इस साल का सबसे बड़ा हमला किया, डैन जॉनसन और टिनशुई येउंग

इमेज स्रोत, TATYANA MAKEYEVA / AFP via Getty Images
रूसी अधिकारियों ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस पर इस साल का अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है. रूसी अधिकारियों के मुताबिक़, हमले में सात लोगों की मौत हुई है.
इस दौरान क़रीब 822 ड्रोन्स का इस्तेमाल किया गया, जिनमें से 600 ड्रोन्स ने राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाक़ों को निशाना बनाया.
मॉस्को के रीजनल गवर्नर के मुताबिक़, राजधानी पर हाल के वर्षों के यह सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक है. हमले में रूसी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज़ के एक वेयरहाउस को भी निशाना बनाया गया. घटना में तीन लोग घायल हुए हैं.
यह वेयरहाउस मॉस्को के सेंटर से क़रीब 25 किलोमीटर दूर कोलेदीनो इलाक़े में स्थित है. हमले के बाद मौक़े पर आग लग गई और वेयरहाउस के ऊपर धुएँ का बड़ा गुबार दिखाई दिया.
रूस के दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र में रातभर हुए हमलों में पांच लोगों की मौत हुई है. वहीं, यूक्रेन की सीमा से लगे बेलगोरोद में एक नागरिक बस को निशाना बनाए जाने के बाद एक महिला की मौत हो गई. मॉस्को में ड्रोन हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की भी जान गई.
वहीं, यूक्रेन पर रूस के हमलों में भी कम से कम सात लोगों की मौत हुई है और 39 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
रूस और यूक्रेन के बीच हमले लगातार तेज़ हो रहे हैं. रूस ने हाल के हफ़्तों में यूक्रेन के कई इलाक़ों पर मिसाइल हमले बढ़ाए हैं. इसके जवाब में यूक्रेन भी रूस के अंदरूनी इलाक़ों में ड्रोन हमले कर रहा है.
