लाइव, झारखंड: स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने रद्द की 44 भर्ती परीक्षाएं

झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच मंगलवार देर रात अनियमितताओं के चलते 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का फ़ैसला लिया.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द किए जाने की घोषणा पर स्टूडेंट्स ने यूं मनाया जश्न
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • तमिलनाडु के सीएम विजय
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • लखीसराय में भगदड़ से सात लोगों की मौत
  • पश्चिम बंगाल: बीरभूम के होटल में आग से 7 लोगों की मौत
  • जेसीबी में बैठकर उफनते नाले को पार करती महिलाएं

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. झारखंड: स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बीच सरकार ने रद्द की 44 भर्ती परीक्षाएं

    सीएम हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, Mohd Zakir/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेपीएससी और जेएसएससी में इंटरनल विजिलेंस सेल का गठन किया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन)

    झारखंड सरकार ने छात्र आंदोलन के बीच मंगलवार देर रात अनियमितताओं के चलते 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने का फ़ैसला लिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सरकार ने देर रात आठ अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर इसकी जानकारी दी. रद्द की गई परीक्षाओं में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) की ओर से 2014 के बाद आयोजित परीक्षाएं शामिल हैं.

    सरकार के फ़ैसले के मुताबिक़, ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफ़ेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और फ़ॉरेस्ट रेंज ऑफ़िसर समेत कई पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाएं रद्द की गई हैं.

    इसके अलावा सरकारी पॉलिटेक्निक में लेक्चरर, सीनियर साइंटिफ़िक ऑफ़िसर, असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ़ फ़ॉरेस्ट समेत कई प्रशासनिक और तकनीकी पदों के लिए आयोजित परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं.

    सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं में कहा गया है कि जेपीएससी-जेएसएससी में हुई अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए हाईकोर्ट से फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध किया जाएगा. इसके साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी में इंटरनल विजिलेंस सेल का गठन किया जाएगा.

    वहीं, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में जेपीएससी-जेएसएससी में सुधार के लिए गठित समिति को दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी होगी.

  2. ईरान के साथ मध्य पूर्व के इस देश ने रोका व्यापारिक लेन-देन

    शेख़ मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नाह्यान

    इमेज स्रोत, Antonio Masiello/Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख़ मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नहयान

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान के साथ सभी व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन को अगले आदेश तक निलंबित करने की घोषणा की है.

    समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, यूएई के विदेश मंत्रालय ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने, शांति और सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा होने के मद्देनज़र यह फ़ैसला लिया है.

    इससे कुछ घंटे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि ईरान ने यूएई की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दाग़ी थीं.

    हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने यूएई के इस दावे को ख़ारिज किया है.

    जबकि यूएई ने कहा है कि एक मिसाइल यूएई के क्षेत्रीय जल से बाहर गिरी, जबकि दूसरी देश के जलक्षेत्र में आकर गिरी.

    उल्लेखनीय है कि मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के बाद यूएई उन देशों में शामिल रहा, जिसे ईरान के हमलों का सबसे अधिक सामना करना पड़ा.

  3. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आपतक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.