लाइव, इमरान ख़ान की पार्टी के ख़िलाफ़ कार्रवाई, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पूर्व विपक्षी नेता ख्वाजा फारूक अहमद समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त हो गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
अमेरिका की इन कार्रवाइयों पर संयुक्त राष्ट्र ने दी चेतावनी, जानिए क्या कहा, रॉबर्ट ग्रीनॉल
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, यूएन रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सेना की ओर से कैरेबियन क्षेत्र में कथित मादक पदार्थ तस्करों पर किए गए हमले की ये तस्वीरें जारी किए जाने के दो दिन बाद आई है
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि नशीले पदार्थों की कथित तस्करी करने वाले जहाज़ों पर अमेरिका के हालिया हवाई हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं और इन्हें मानवता के ख़िलाफ़ अपराध माना जा सकता है.
संयुक्त राष्ट्र के विशेष रैपोर्टियर बेन सॉल की रिपोर्ट के मुताबिक़, पिछले साल सितंबर से कैरेबियन और प्रशांत महासागर में अमेरिकी जल क्षेत्र से बाहर कम से कम 68 अमेरिकी हमले हुए हैं, जिनमें 220 से ज़्यादा लोग मारे गए.
सॉल ने कहा कि भले ही इन हमलों में निशाना बनाए गए लोगों की पहचान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के सदस्यों के तौर पर की जा सके, लेकिन उन्होंने अमेरिका पर कोई सशस्त्र हमला नहीं किया था, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अमेरिका को आत्मरक्षा में सैन्य कार्रवाई करने का अधिकार नहीं मिलता.
यह रिपोर्ट अमेरिकी सेना के उस बयान के दो दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि कैरेबियन में एक जहाज़ पर किए गए हमले में चार लोग मारे गए.
इमरान ख़ान की पार्टी के ख़िलाफ़ कार्रवाई, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार, नसीर चौधरी, बीबीसी उर्दू के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की जेल से रिहाई के लिए 'इस्लामाबाद कूच' का आह्वान किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पूर्व विपक्षी नेता ख्वाजा फारूक अहमद समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने मुजफ्फराबाद में ख्वाजा फारूक अहमद के आवास पर छापा मारा और उन्हें पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया.
डीएसपी इश्तियाक गिलानी ने गिरफ्तारियों की पुष्टि करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान पीटीआई से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
उनके अनुसार, बैठक में शामिल कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को, जिनमें ख्वाजा फारूक अहमद भी शामिल थे, पुलिस अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया.
पीटीआई के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई, जब पीटीआई के संस्थापक इमरान खान की रिहाई के लिए 27 सितंबर को इस्लामाबाद की ओर विरोध प्रदर्शन और मार्च के आह्वान को लेकर ख्वाजा फारूक अहमद के आवास पर एक बैठक चल रही थी.
पीटीआई के केंद्रीय महासचिव मीर अतीक ने बताया कि ख्वाजा फारूक अहमद समेत करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने ख्वाजा फारूक अहमद के घर पर हुई बैठक के दौरान हुई गिरफ्तारियों की निंदा की.
सीजेपी के सौरव दास बोले- चुनाव आयोग समझौता कर चुका है, जवाब देना होगा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सौरव दास ने कहा है कि चुनाव आयोग ने सरकार से समझौता कर लिया है
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा है कि चुनाव आयोग एक ऐसा संस्थान बन चुका है जिसने समझौता कर लिया है.
सोमवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में सौरव दास ने कहा, ''भारत का चुनाव आयोग पूरी तरह समझौता कर चुका संस्थान है. चुनाव आयोग एसआईआर कर रहा है और सभी को नोटिस भेज रहा है. यह उसकी नाकामी का एक उदाहरण है.''
उन्होंने कहा, ''इसके अलावा, जिस तरह कई सवाल उठे हैं, चाहे ईवीएम को लेकर हों, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर हों या मोदी सरकार की ओर से तेजी से चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति का मामला. इनसे अब यह धारणा और मजबूत होती जा रही है कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र रूप से काम करने में सक्षम नहीं है.''
सौरव दास ने कहा, ''ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग अब सिर्फ़ दबाव में नहीं बल्कि सरकार के साथ मिलीभगत से काम कर रहा है. अब चुनाव आयुक्तों को जल्द ही जवाबदेह ठहराया जाएगा.''
उन्होंने कहा, ''अपनी सरकारें बनाने के लिए जिन युवाओं और जनता का वोट चुराया जा रहा है वो अब इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. चुनाव आयोग की जवाबदेही जल्द ही तय होगी. उन्हें जवाब देना होगा. उनकी ये व्यवस्था ज़्यादा समय तक नहीं चल सकेगी.''
अमेरिका का दावा- 23 सितंबर से दुनियाभर में ईरानी एयरलाइंस हो जाएंगी बंद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने पूरी दुनिया में ईरानी एयरलाइंस पर प्रतिबंध लगाने का एलान किया है
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को चेतावनी दी कि अमेरिकी प्रतिबंधों के दबाव में ईरान की एयरलाइनों के लिए दो दिन बाद दुनियाभर में काम करना मुश्किल हो जाएगा.
उन्होंने कहा, ''अगर वे कहीं उतरते हैं तो आप उन्हें ईंधन नहीं दे सकते, लैंडिंग से जुड़ी सेवाएं नहीं दे सकते, उन्हें टिकट नहीं बेच सकते. ऐसा करने पर आपको डॉलर के फ़ाइनेंशियल सिस्टम से बाहर कर दिया जाएगा.”
इस साल फरवरी के आख़िर में अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमले शुरू कर दिए थे.
इसके जवाब में ईरान ने तेल और गैस सप्लाई के एक अहम समुद्री मार्ग होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर दिया था. इसके बाद यह संघर्ष मध्य-पूर्व के दूसरे हिस्सों तक फैल गया और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल के दाम काफ़ी बढ़ गए.
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका ने उन सभी ईरानी एयरलाइनों पर प्रतिबंध लगा दिए थे, जिन पर पहले ऐसे प्रतिबंध नहीं लगाए गए थे.
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने ईरान के एविएशन सेक्टर को समर्थन देने वाली कंपनियों को भी निशाना बनाया, जिनमें ईरान के बाहर स्थित कंपनियां भी शामिल हैं.
बेसेंट की यह टिप्पणी चीन के उप प्रधानमंत्री हे लीफेंग के साथ आर्थिक वार्ता के एक दिन बाद आई.
इन वार्ताओं का मक़सद इस गुरुवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली शिखर बैठक की ज़मीन तैयार करना है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
ज़हीर ख़ान होंगे आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीएसके ने आईपीएल 2027 के लिए ज़हीर ख़ान को अपना मुख्य नियुक्त करने का एलान किया है
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सोमवार को भारत के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान को आईपीएल 2027 सीज़न के लिए अपना नया मुख्य कोच नियुक्त करने का एलान किया है.
ज़हीर, स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे. फ्लेमिंग ने 18 साल बाद इस फ्रेंचाइज़ी के साथ अपना जुड़ाव खत्म कर लिया है.
चेन्नई से जुड़ने से पहले ज़हीर 2025 सीज़न में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर थे, लेकिन एक साल बाद उन्होंने यह पद छोड़ दिया था.
47 साल के ज़हीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
2011 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान वह 21 विकेट लेकर टूर्नामेंट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ थे.
चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा , ''चेन्नई सुपर किंग्स ने भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान को टाटा आईपीएल 2027 के लिए टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है.''
बयान में कहा गया, ''2011 विश्व कप में भारत की सफल मुहिम का अहम हिस्सा रहे ज़हीर को सभी फॉर्मेट में खेलने का व्यापक अनुभव है. उन्होंने 14 साल के करियर में भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. आईपीएल में ज़हीर ने 100 मैच खेले और संन्यास के बाद कोचिंग की भूमिका निभाई.”
ट्रंप प्रशासन पर केस क्यों करना चाहते हैं सीएनएन समेत अमेरिका के तीन मीडिया आउटलेट, एलिसिया करी और बर्न्ड डेबुसमैन, व्हाइट हाउस संवाददाता
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने शुक्रवार को सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाऊ पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की
सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ ने कहा है कि वे व्हाइट हाउस में प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद ट्रंप प्रशासन के ख़िलाफ़ मुक़दमा करेंगे.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इन तीनों मीडिया संस्थानों पर रोक लगाने का एलान किया था.
उन्होंने इन संस्थानों पर अपनी टीम के बारे में ''मनगढ़ंत बातें या झूठ'' लिखने का आरोप लगाया.
इन कंपनियों ने कहा कि शनिवार को उनके पत्रकारों को व्हाइट हाउस में प्रवेश नहीं दिया गया.
सोमवार को जारी एक संयुक्त बयान में तीनों मीडिया संस्थानों ने कहा कि वे ''अपने फर्स्ट अमेंडमेंट के अधिकारों की रक्षा करने और इस सिद्धांत को बचाने के लिए कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं. सरकार यह तय नहीं कर सकती कि प्रेस क्या रिपोर्ट करे.”
अमेरिकी संविधान का पहला संशोधन (फर्स्ट अमेंडमेंट) सरकार को प्रेस की स्वतंत्रता को ''कम करने'' से रोकता है. अदालतें पारंपरिक रूप से इसकी व्याख्या इस रूप में करती रही हैं कि सरकार मीडिया की रिपोर्टिंग की सामग्री के आधार पर उसके साथ भेदभाव नहीं कर सकती.
सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ ने अपने बयान में कहा, ''बिना किसी पूर्व सूचना या प्रक्रिया के व्हाइट हाउस ने हमारे पत्रकारों की मान्यता रद्द कर दी, क्योंकि उसे हमारी रिपोर्टिंग पर आपत्ति थी.”
उन्होंने कहा, ''अगर इसे चुनौती नहीं दी गई, तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और सरकार के दख़ल से मुक्त स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए ख़तरा है.''
बीबीसी न्यूज़ ने इस मामले पर व्हाइट हाउस से प्रतिक्रिया मांगी है.
कार्टून: क्या फ़ायदा वीआईपी होने का?
इमेज कैप्शन, दिल्ली एसआईआर में कई बड़ी हस्तियों को नोटिस पर आज का कार्टून
अखिलेश यादव का दावा- यूपी में चुनावी कामकाज से पिछड़े अफ़सरों को हटाया जा रहा है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में चुनाव से जुड़े काम से पिछड़े अफ़सरों को हटाया जा रहा है
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य में चुनावी ड्यूटी से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अफ़सरों को हटाया जा रहा है.
उन्होंने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''पीडीए (पिछड़े, दलित अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारियों को ढूंढ-ढूंढ कर हटाया जा रहा है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि चुनाव का काम देखने के लिए कोई भी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक अफ़सर न रहे. हम एक लिस्ट बनाएंगे और सबके सामने जारी करेंगे.''
उन्होंने पत्रकारों को चुनौती देते हुए कहा, ''रिटर्निंग ऑफिसर बनने वाले या चुनाव का काम देखने वाला एक भी अफ़सर आपको पीडीए समाज का आदमी मिल जाए तो हमें बता दीजिए.''
उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले कितनी भी तैयारी कर लें, जनता उसे हराने के लिए तैयार बैठी है.
अखिलेश यादव ने कहा, ''जिस दिन चुनाव की घोषणा होगी उसी दिन बीजेपी चुनाव हार जाएगी.''
उत्तर प्रदेश में 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है.
यूपी: बिजनौर में कूड़े के ढेर में विस्फोट, दो भाई झुलसे, शहबाज़ अनवर, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, SHAHBAZ ANWAR
इमेज कैप्शन, धमाके के बाद विस्फोट स्थल पर पर पहुंची पुलिस टीम और दमकलकर्मी
उत्तर प्रदेश में बिजनौर के गांव वाजिदपुर में एक कूड़े के देर में अचानक विस्फोट हो गया. इस विस्फोट में वहां मौजूद दो किशोर सगे भाई बुरी तरह झुलस गए.
बिजनौर के एएसपी (पूर्वी) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बीबीसी को बताया, ''ये हादसा रविवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे हुआ. विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे किशोर भाइयों की पहचान गांव के ही लगभग 17 वर्षीय रोहित और 15 वर्षीय रोहन के रूप में हुई है.''
उन्होंने बताया, '' ये बच्चे जंगल से घास काटने की बात कह घर से निकले थे.दोनों किशोर भाइयों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. इस मामले में फोरेंसिक टीम और पुलिस टीमें जांच कर रही हैं, पुलिस ने एक एफ़आईआर भी दर्ज की है.हमें शक है कि यहां पास में ही एक एक पटाखा फैक्ट्री है. इस फैक्ट्री का कचरा यहां फेंका गया था.''
इमेज स्रोत, SHAHBAZ ANWAR
इमेज कैप्शन, विस्फोट के बाद धमाका स्थल पर जुटे लोग
इस विस्फोट की आवाज़ कई किलोमीटर तक सुनाई दी.
धमाके की आवाज़ के बारे में गांव वाजिदपुर की ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी ने बीबीसी से कहा, ''जिस जगह ये हादसा हुआ है, वो स्थान गांव से क़रीब एक किलोमीटर दूर है, यहां एक बंद पड़े ईंट भट्टे में ये घटना हुई. धमाका इतना तेज़ था कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज़ सुनाई दी. जब हमने बच्चों को देखा तो वे बुरी तरह झुलसे हुए थे. उन्हें दिखाई भी नहीं दे रहा था. ये किशोर एक दलित परिवार से हैं जो निर्धनता से पहले ही जूझ रहा है.''
टोक्यो की ओर तेजी से बढ़ रहा दुजुआन तूफ़ान,16 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, कानागावा प्रीफेक्चर में समुद्र में उठती तेज़ लहरें. कानागावा में भूस्खलन की वजह से एक महिला के एक मकान में दबने की आशंका है
जापान में टोक्यो की ओर बढ़ रहे ताक़तवर तूफ़ान की वजह से भारी बारिश की आशंका है. इससे यहां रिकार्ड बारिश हो सकती है.
दुजुआन तूफ़ान की रफ़्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है, जबकि इसके झोंकों की रफ्तार 194 किलोमीटर प्रति घंटे तक है.
इसके कारण तोकाई क्षेत्र में 350 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, चीबा में पिछले महीने रिकार्ड बारिश हुई थी
तूफ़ान की आशंका को देखते हुए जापान के पांच प्राथमिक प्रशासनिक डिवीजन में 16 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है.
कानागावा में भूस्खलन से एक मकान के दब जाने के बाद दमकलकर्मियों को आशंका है कि एक महिला मलबे में जिंदा दबी हो सकती है.
तूफ़ान की आशंका को देखते हुए 300 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. कुछ ट्रेन सेवाओं को रोक दिया गया है.
एशियन गेम्स: 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में भारत को दो मेडल, हिमांशु ढिल्लों को सिल्वर और रुद्रांश को ब्रॉन्ज़
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हिमांशु ढिल्लों ने एयर राइफल शूटिंग में जीता सिल्वर मेडल
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में भारत के हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है.
भारत के ही रुद्रांश पाटिल ने इसमें ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है.
मेडल जीतने के बाद ढिल्लन ने कहा, ''देश के लिए कुछ करना अपने आप में एक ख़ास एहसास है. मेरे लिए यह बेहद गर्व का पल है. यह मेरा सीनियर स्तर पर पहला व्यक्तिगत पदक है, इसलिए मैं बेहद खुश हूं.''
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेडल जीतने पर हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांशु पाटिल को बधाई दी है.
जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारत पदक तालिका में 12वें नंबर पर है.
सबसे ज़्यादा 37 मेडल चीन ने जीते हैं. जापान 32 मेडल के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 22 मेडल के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
हामिद करज़ई ने अफ़ग़ानिस्तान पर पाकिस्तान के 'हमले' को लेकर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने कुनार और पक्तिका में 'पाकिस्तानी हमले' की निंदा की है
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने कुनार और पक्तिका में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है. इन हमलों में कई अफ़ग़ान नागरिक मारे गए और घायल हुए.
उन्होंने हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
पूर्व राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की मौजूदा सुरक्षा समस्याओं को अफ़ग़ानिस्तान को लेकर उसकी गलत नीतियों का नतीजा बताया है.
उन्होंने पाकिस्तान से अपनी नीतियों की समीक्षा करने और अफ़ग़ानिस्तान के साथ अच्छे पड़ोसी संबंध, बेहतर रिश्तों और सभ्य तरीके से संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की है.
अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान शासन ने दावा किया है कि रविवार रात को पाकिस्तानी सेना ने कुनार और पक्तिका प्रांतों में आम लोगों के इलाक़ों पर बमबारी की है.
तालिबान शासन के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की जानकारी देते हुए कहा कि उचित जवाब दिया जाएगा.
रिवोल्यूशनरी गार्ड की अमेरिका को चेतावनी- अगला हमला हुआ तो दुनिया देखेगी नए हथियार
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमला करता है तो ऐसे नए हथियारों का इस्तेमाल किया जाएगा, जो दुनिया को हैरान कर देंगे.
रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने कहा है, "अगर अमेरिका हमला करता है, तो ईरान ऐसे नए हथियारों का इस्तेमाल करेगा, जो दुनिया को हैरान कर देंगे. ईरान ने ऐसे हथियार बनाए हैं और उनकी ताक़त बढ़ाई है, जिनका इस्तेमाल युद्ध के मौजूदा दौर में नहीं किया गया है."
उन्होंने इन हथियारों को ईरान के 'रणनीतिक हथियार' बताया, जिनका इस्तेमाल 'ज़रूरत पड़ने पर' किया जाएगा.
आईआरजीसी के प्रवक्ता की यह चेतावनी ख़तम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के उस बयान के बाद आई, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका कुछ देशों की मंज़ूरी मिलने के बाद फिर से कार्रवाई शुरू करना चाहता है.
डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ही फ़ॉक्स न्यूज़ से अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर बातचीत की थी.
इसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर निकट भविष्य में 'बहुत बड़ी चीज़ें' होने वाली हैं और वह इस संबंध में 'फ़ैसला लेने वाले' हैं.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 सितंबर को अमेरिका जाएंगे, विदेश मंत्रालय ने बताया
इमेज स्रोत, Peter KOVALEV / POOL / AFP via Getty Images
चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका दौरे पर रहेंगे.
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर जिनपिंग अमेरिका जा रहे हैं.
इससे पहले शुक्रवार को व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से पत्रकारों ने जिनपिंग के दौरे को लेकर सवाल किए थे.
ट्रंप ने इनके जवाब में कहा, "हमारे बीच अच्छे संबंध रहे हैं. वह अगले हफ़्ते यहां होंगे... हमारी बहुत अच्छी बैठक होगी."
उन्होंने कहा था, "यहां हमारे बीच कई अलग-अलग समझौते होंगे. चीन हमें काफ़ी टैरिफ़ दे रहा है. इससे उन्हें बहुत ज़्यादा नुकसान हो रहा था, और मैं ऐसा नहीं करना चाहता था."
गौरतलब है कि इस साल मई में बीजिंग में भी ट्रंप और जिनपिंग की मुलाक़ात हुई थी.
जापान में एशियन गेम्स के बीच भीषण तूफ़ान का अलर्ट, 300 उड़ानें रद्द
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जापान के मौसम विभाग के मुताबिक़, तूफ़ान के प्रभाव से मंगलवार तक कई इलाक़ों में रिकॉर्ड बारिश हो सकती है
जापान की राजधानी टोक्यो और आसपास के इलाक़ों में भीषण तूफ़ान को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है.
अधिकारियों ने लोगों से भूस्खलन और बाढ़ के संभावित ख़तरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है.
दरअसल, शक्तिशाली तूफ़ान ‘डुजुआन’ जापान के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है. यह इस साल जापान में आने वाला 25वां तूफ़ान है. तूफ़ान के असर को देखते हुए क़रीब 300 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
इसके अलावा, कई ट्रेन सेवाओं को भी अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है.
जापान के मौसम विभाग के मुताबिक़, तूफ़ान के प्रभाव से मंगलवार तक कई इलाक़ों में रिकॉर्ड बारिश हो सकती है. विभाग ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को ख़ास तौर पर भूस्खलन के ख़तरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने टोकाई क्षेत्र में 350 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान जताया है. वहीं, कांटो और इज़ू द्वीपों में 300 मिलीमीटर और तोहोकू क्षेत्र में 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है.
गौरतलब है कि तूफ़ान का अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है, जब जापान में एशियन गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं.
जापान के एशियन गेम्स दल के प्रमुख कोसे इनौए ने बताया कि अधिकारियों ने जापान ओलंपिक कमेटी के साथ बैठकें की हैं.
इन बैठकों का मक़सद तूफ़ान से पैदा होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए ज़रूरी तैयारियों की समीक्षा करना है.
रूस चुनाव: शुरुआती रुझानों में पुतिन की पार्टी का ये है हाल
इमेज स्रोत, Mikhail METZEL / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पहले से ही व्लादिमीर पुतिन की पार्टी की जीत के क़यास थे (फ़ाइल फ़ोटो)
रूस में संसदीय चुनावों के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थन वाली सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी ने बड़ी बढ़त हासिल की है.
बीबीसी फ़ारसी ने शुरुआती रुझानों के आधार पर बताया, पुतिन की पार्टी संसद में दो-तिहाई सीटों पर अपना क़ब्ज़ा बरक़रार रखने की स्थिति में है.
बीबीसी रशियन सर्विस के मुताबिक़,सोमवार सुबह तक 90.43 प्रतिशत मतपत्रों की गिनती पूरी हो चुकी थी. यूनाइटेड रशिया को 57.86 प्रतिशत वोट मिले हैं.
रूस के यूक्रेन युद्ध का विरोध करने वाली प्रमुख पार्टियों की ग़ैर-मौजूदगी के बीच पहले से ही पुतिन की पार्टी की जीत के क़यास थे.
उदारवादी और युद्ध-विरोधी याब्लोको पार्टी को चुनावी सूची से बाहर कर दिया गया था.
इस बीच मॉस्को पर ड्रोन हमलों की ख़बरें भी सामने आई हैं. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने दावा किया कि राजधानी को निशाना बनाकर 450 ड्रोन भेजे गए.
उन्होंने इन हमलों को मॉस्को पर हुआ अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया.
रूसी अधिकारियों के मुताबिक़, पिछले दो दिनों में यूक्रेन की ओर से मॉस्को को सैकड़ों ड्रोन के ज़रिए निशाना बनाया गया.
उत्तर प्रदेश: ओवैसी के गठबंधन प्रस्ताव पर कांग्रेस ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Jwala Kotesh/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) चार-पांच सीटें जीत सकती है, लेकिन सरकार बीजेपी की बनवा देती है.
दरअसल, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा है कि उत्तर प्रदेश में कोई अकेले बीजेपी को नहीं रोक सकता.
ओवैसी ने कहा कि उन्होंने बिहार में भी ग़ैर-बीजेपी दलों को एक साथ आने की अपील की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई और राज्य में बीजेपी ने गठबंधन वाली सरकार बना ली.
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में बीजेपी के ख़िलाफ़ पार्टियों के साथ गठबंधन के लिए तैयार है.
इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोमवार को कहा, "बीजेपी को हराना मुख्य लक्ष्य है और सिर्फ़ मुसलमान बीजेपी को नहीं हरा सकते. अगर बीजेपी जीतती है और सरकार बनाती है, तो इसका नुक़सान मुसलमानों को ही उठाना पड़ता है. हैदराबाद का राजनीतिक माहौल उत्तर प्रदेश से अलग है."
उन्होंने कहा, "ओवैसी जी 4-5 सीटें जीत सकते हैं, लेकिन सरकार बीजेपी की बनवा देते हैं. आप उन पांच विधायकों का क्या करेंगे? इसलिए लोगों को समझदारी से काम लेना चाहिए. लोगों को सोच-समझकर और सही फ़ैसला लेना चाहिए."
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी पहले ही साफ़ कर चुकी है कि वह एआईएमआईएम के साथ गठबंधन नहीं करने जा रही है.