लाइव, ट्रंप और शी जिनपिंग ने मिलाया हाथ, बीजिंग का वो हॉल जहां हो रही है मुलाक़ात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज बीजिंग के 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' में मुलाकात हो रही है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. न्यूयॉर्क में चल रहा था चीन का सीक्रेट पुलिस स्टेशन, एक अमेरिकी नागरिक दोषी करार, नारडीन साद, बीबीसी न्यूज़

    64 साल के लू जियानवांग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 64 साल के लू जियानवांग को न्यूयॉर्क में चीनी सीक्रेट पुलिस स्टेशन चलाने का दोषी पाया गया

    एक अमेरिकी नागरिक को अमेरिका में चीन का पहला सीक्रेट पुलिस स्टेशन चलाने का दोषी पाया गया है.

    64 साल के लू जियानवांग पर आरोप था कि उन्होंने 2022 की शुरुआत में न्यूयॉर्क के मैनहटन स्थित चाइनाटाउन इलाके में चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय (एमपीएस) के लिए यह स्टेशन खोला और संचालित किया.

    उन्हें चीन सरकार के अवैध एजेंट के तौर पर काम करने और मामले से जुड़े सबूत नष्ट कर न्याय में बाधा डालने के आरोपों में दोषी ठहराया गया.

    यह फ़ैसला ऐसे समय आया है, जब इसी सप्ताह कैलिफ़ोर्निया की एक मेयर ने चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने के आरोप लगने के बाद इस्तीफ़ा दिया था.

    यह फै़सला न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में एक सप्ताह तक चली जूरी सुनवाई के बाद आया.

    न्यूयॉर्क निवासी लू जियानवांग, जिन्हें हैरी लू के नाम से भी जाना जाता है, को अब अधिकतम 30 साल तक की जेल हो सकती है. अभियोजकों ने यह जानकारी दी.

    उनके सह-आरोपी चेन जिनपिंग ने दिसंबर 2024 में चीन जनवादी गणराज्य (पीआरसी) के एजेंट के रूप में साज़िश करने का दोष स्वीकार कर लिया था. वह इस विदेशी पुलिस स्टेशन से जुड़े मामले में सज़ा सुनाए जाने का इंतज़ार कर रहे हैं.

    एफ़बीआई के सहायक निदेशक जेम्स सी. बार्नेकल जूनियर ने कहा, “लू जियानवांग ने न्यूयॉर्क शहर में मौजूद इस पुलिस स्टेशन का इस्तेमाल चीन सरकार के राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने और पीआरसी के विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया.”

    कम से कम 53 देशों में ऐसे 100 से अधिक केंद्रों की मौजूदगी की खबरें सामने आई हैं. मानवाधिकार संगठनों ने चीन पर आरोप लगाया है कि वह इन ठिकानों का इस्तेमाल विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों को धमकाने और उन पर निगरानी रखने के लिए करता है.

    चीन ने इन ठिकानों को पुलिस स्टेशन मानने से इनकार किया है. उसका कहना है कि ये “सेवा केंद्र” हैं, जो विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों को प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराते हैं.

    चीन के मुताबिक, इन सेवाओं में महामारी के दौरान सहायता और ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण जैसी सुविधाएं शामिल थीं.

  2. ट्रंप और शी जिनपिंग ने मिलाया हाथ, बीजिंग का वो हॉल जहां हो रही है मुलाक़ात

    ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, CGTN

    इमेज कैप्शन, 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' के बाहर शी जिनपिंग ने राष्ट्रपति ट्रंप का स्वागत किया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज बीजिंग के 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' में मुलाकात हो रही है.

    ट्रंप वहां अभी पहुंच गए हैं और उन्होंने शी जिनपिंग से हाथ मिलाया है.

    ट्रंप का स्वागत करने के लिए शी जिनपिंग ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल की सीढ़ियों से नीचे उतरते दिखाई दिए.

    उन्होंने रेड कार्पेट पर डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात की. चीन की सैन्य टुकड़ी भी वहां अपनी जगह पर तैनात दिखी.

    'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' तियानआनमेन स्क्वायर के पश्चिम में स्थित एक सरकारी भवन है. इसका इस्तेमाल अन्य सरकारी गतिविधियों और विदेशी नेताओं के स्वागत के लिए किया जाता है.

    शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' के बाहर ट्रंप का स्वागत किया
    'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल'

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह तियानआनमेन स्क्वायर के पास स्थित है
    'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल'

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजिंग में यही वो हॉल है जहां आज ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच मुलाक़ात होगी

    ट्रंप बुधवार को बीजिंग पहुंचे थे. वहां उनका स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग ने किया, जिसके बाद वह फोर सीजंस होटल गए, जहां उन्होंने रात बिताई.

    'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल'

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' आम तौर पर सरकारी कामकाज के लिए इस्तेमाल होता है

    आज उनके आधिकारिक कार्यक्रमों का पहला दिन है.

    आज के कार्यक्रम में शामिल है-

    • ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में शी जिनपिंग के साथ स्वागत समारोह

    • दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता

    • शाम को आयोजित होने वाला राजकीय भोज

    'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल'

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल' आम तौर पर विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए इस्तेमाल किया जाता है
  3. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पहुंचे चीन, कैसे हुआ स्वागत- देखें तस्वीरों में

    उपराष्ट्रपति हान झेंग ने ट्रंप का स्वागत किया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उपराष्ट्रपति हान झेंग ने ट्रंप का स्वागत किया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिन के अहम दौरे पर बुधवार शाम बीजिंग पहुंचे. हालांकि मुख्य आयोजन गुरुवार और शुक्रवार को होने हैं.

    गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति का पहला आधिकारिक कार्यक्रम बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ स्वागत समारोह से होगा.

    दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसके बाद शाम को राजकीय भोज रखा गया है.

    राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एलन मस्क समेत कई अमेरिकी टेक कंपनियों के सीईओ भी शामिल हैं

    ट्रंप के प्रतिनिधिमंडल में टेस्ला के एलन मस्क और एनवीडिया के जेनसन हुआंग समेत कई टेक कंपनियों के सीईओ भी मौजूद हैं.

    राष्ट्रपति के काफिले तक पहुंचने के दौरान ट्रंप का स्वागत ब्रास बैंड की धुनों और झंडे लहराते लोगों की प्रस्तुति के साथ किया गया.

    ट्रंप का स्वागत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप का स्वागत एक बच्ची ने फूल का गुलदस्ता देकर किया
    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बुधवार को बीजिंग पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का रेड कार्पेट स्वागत किया गया

    इस दौरान लोग 'वेलकम वेलकम, अ वॉर्म वेलकम' के नारे लगा रहे थे.

    अमेरिका और चीन के झंडे भी वहां लगाए गए थे, जिसे दो दिन की अहम बैठक से पहले एकता के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.

    ट्रंप का स्वागत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और चीन के झंडे लहराकर ट्रंप का स्वागत किया गया

    राष्ट्रपति ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था.

    उपराष्ट्रपति हान झेंग एयर फोर्स वन से उतरने के बाद ट्रंप के स्वागत के लिए रनवे पर मौजूद थे.

    हान झेंग चीन के शीर्ष नेताओं में शामिल हैं और उनके स्वागत के लिए भेजे जाने को बीजिंग की तरफ से ट्रंप को सम्मान देने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

    इससे पहले 2017 के दौरे के दौरान चीन ने ट्रंप के स्वागत के लिए अपेक्षाकृत निचले स्तर के नेता और स्टेट काउंसलर यांग जिएची को भेजा था.

    हान झेंग पिछले साल ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे.

    राष्ट्रपति ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच आज मुलाक़ात होनी है
  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप विस्तार से पढ़ सकते हैं-

    नीट परीक्षा कराने में क्या कोई ख़ामी है और कहाँ हो सकता है पेपर लीक?

    सोने पर बढ़े टैरिफ़ का फ़ायदा क्या यूएई को मिलेगा, भारतीय वाक़ई कम कर देंगे ख़रीदारी?

    सीएम जोसेफ़ विजय ने एक ज्योतिषी को ओएसडी रखा और फिर हटाया, क्या है पूरा मामला

    'अच्छा मदरसा यहीं मिल जाए तो वहां क्यों जाएंगे': उन परिवारों की कहानी जिनके बच्चों को मदरसा जाने से रोका गया