लापता पाकिस्तानी विमान का मलबा अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी

इमेज स्रोत, @Pk_PAA_Official
शारजाह से कराची जा रहे पाकिस्तान के एक कार्गो विमान का मलबा मिल गया है. ये विमान पाकिस्तानी तट के पास लापता हो गया था, लेकिन विमान में सवार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.
बुधवार को अरब सागर में लापता हुए एक निजी कंपनी के मालवाहक विमान का मलबा ओरमारा के तट से 53 समुद्री मील दक्षिण में मिला.
पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की.
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (पीएए) का कहना है कि विमान के चालक दल को खोजने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है.
पीएए के अनुसार, पाकिस्तानी नौसेना और वायु सेना खोज अभियान में लगी हुई है.
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात 9:21 बजे रडार पर विमान को तेजी से नीचे उतरते हुए देखा गया और उसकी दिशा अचानक बदल गई, जिसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान से रडार और संचार संपर्क टूट गया था.
लापता विमान एक बोइंग 737 है और यह पाकिस्तान के कराची स्थित एक निजी एयरलाइन के2 एयरवेज़ का है.
एयरलाइन का कहना है कि विमान में मोहम्मद रिज़वान इदरीस (पायलट इन कमांड), फ़ैसल महमूद (फर्स्ट ऑफिसर), मोहम्मद तौफीक़ ख़ान (लोड मास्टर), आरिफ़ सिद्दीकी (इंजीनियर) और मोहम्मद हामिद (इंजीनियर) सहित चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.


