You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, लेबनान के मुद्दे पर ईरानी दावे के बाद नेतन्याहू का आया बयान, 'बफ़र ज़ोन' को लेकर ये कहा

स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता समाप्त हो गई है. दोनों ही पक्षों के बीच मध्यस्थ पाकिस्तान ने इस वार्ता को 'सकारात्मक' बताया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. हमें यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह और बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. लेबनान के मुद्दे पर ईरानी दावे के बाद नेतन्याहू का आया बयान, 'बफ़र ज़ोन' को लेकर ये कहा

    स्विट्ज़रलैंड में अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता समाप्त हो गई है. दोनों ही पक्षों के बीच मध्यस्थ पाकिस्तान ने इस वार्ता को 'सकारात्मक' बताया है.

    शांति वार्ता के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दावा किया कि बातचीत के दौरान मुख्य तौर पर 'लेबनान में युद्ध रोकने, ईरान की फ्रीज़ की गईं संपत्तियां रिलीज़ करने और ईरानी तेल के निर्यात से जुड़े मुद्दों' पर चर्चा हुई है.

    इसके बाद इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर दोहराया कि जब तक ज़रूरी होगा उनकी सेना लेबनान के 'बफ़र ज़ोन' में बनी रहेगी.

    नेतन्याहू ने एक्स पर जारी बयान में कहा, "रक्षा मंत्री और मेरे निर्देश आईडीएफ़ के लिए स्पष्ट हैं और इनमें कोई बदलाव नहीं हुआ है. दक्षिणी लेबनान में तैनात हमारे सैनिकों को किसी भी ख़तरे को नाकाम करने की पूरी आज़ादी है. इस मामले में आईडीएफ़ पर कोई प्रतिबंध नहीं है."

    उन्होंने कहा, "मैं इस बात पर अटल हूं कि उत्तरी इसराइल के निवासियों और देश के सभी नागरिकों की सुरक्षा के लिए जितने समय तक ज़रूरत होगी, हम दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र (बफ़र ज़ोन) में बने रहेंगे."

    इससे पहले रविवार को भी इसराइली प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने लेबनान के 'बफ़र ज़ोन' से सेना को नहीं हटाने की बात कही थी.

    लेबनान का मुद्दा इसलिए भी अहम है क्योंकि ईरान यह बात लगातार दोहरा रहा है कि अमेरिका के साथ समझौते में लेबनान समेत सभी मोर्चों पर युद्धविराम शामिल है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, लेबनान में इसराइल का सुरक्षा क्षेत्र सीमा से क़रीब 10 किलोमीटर अंदर है. इसराइल इसे बफ़र ज़ोन भी कहता है. इस इलाक़े में इसराइली सेना तैनात है.

  3. कर्नाटक: कांग्रेस के कार्यक्रम की वजह से स्टूडेंट्स का नीट री-एग्ज़ाम न दे पाने का आरोप

    कर्नाटक में नीट की पुन: परीक्षा देने से छूट गए विद्यार्थियों के मामले में कांग्रेस ने कहा है कि वे एक टीम बनाकर इस मामले की जांच कराएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक बयान में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने कहा है कि अगर जांच टीम को कहीं पर कोई लापरवाही मिली, जिसके चलते किसी स्टूडेंट का एग्ज़ाम छूटा है तो संबंधित स्टूडेंट को मुआवज़ा भी दिया जाएगा.

    साथ ही उन्होंने कहा कि जिन परीक्षार्थियों के एग्ज़ाम छूटे हैं, उसमें उनके निजी कारण हैं, लेकिन जिनके साथ भी ऐसा हुआ है, उसके लिए उन्हें खेद है.

    रविवार को नीट के री-एग्ज़ाम के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थी देरी से पहुंचे, जिसके चलते वे परीक्षा देने से रह गए थे. इस मामले में बीजेपी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक सरकार के ऊपर ठीक इंतज़ाम न करने का आरोप लगाया है.

    दरअसल, रविवार को कांग्रेस ने बेंगलुरु के पैलेस ग्राउंड में एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया था, जिसमें बीके हरिप्रसाद ने पार्टी के राज्य अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला.

    बीजेपी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इस मुद्दे पर दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस आयोजन के चलते हुई दिक्कतों से परीक्षा छूटने का आरोप लगाया.

    उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस के लिए लाखों स्टूडेंट्स के करियर से ज़्यादा राजनीतिक रैलियां और नाटक महत्वपूर्ण हैं.”

    बीजेपी के आरोपों को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खगड़े ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि बीजेपी अपनी कमियों को छिपाने के लिए ऐसे आरोप लगा रही है.

  4. दिल्ली के बाद अब गुजरात ने पूर्व अग्निवीरों को लेकर की यह अहम घोषणा

    गुजरात सरकार ने पुलिस और क़ानून व्यवस्था से जुड़े विभागों में भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों को 20 फ़ीसदी आरक्षण देने की घोषणा की है.

    यह आरक्षण राज्य के पुलिस बल, रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स, जेल विभाग और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में क्लास-3 की सीधी भर्ती के लिए लागू होगा.

    ग़ौरतलब है कि दो दिन पहले ही दिल्ली में पूर्व अग्निवीरों के लिए इसी कैटेगरी की भर्ती में 20 फ़ीसदी आरक्षण देने की घोषणा की थी.

    इसकी जानकारी गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने एक्स पर दी है. उन्होंने लिखा, “देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले साहसी अग्निवीर अब गुजरात की आंतरिक सुरक्षा और क़ानून व्यवस्था को और मजबूत करेंगे.”

    संघवी ने कहा है कि इस नियम के तहत फ़िजिकल टेस्ट और उम्र सीमा में छूट दी गई है, जिससे अग्निवीरों को समाज की सेवा जारी रखने के नए अवसर मिल सकें.

    अग्निवीर की सेवा से रिटायर होने वाले जवानों के लिए केंद्रीय सशस्त्र सुरक्षा बलों की भर्ती में 10 फ़ीसदी सीटें आरक्षित हैं.

    कई राज्य सरकारों ने भी पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण की घोषणा की है, जिनमें से अधिकांश दस फ़ीसदी आरक्षण दे रहे हैं.

  5. राजस्थान: नीट परीक्षा देने गई युवती से बरामद हुआ मोबाइल, आख़िर ऐसे पकड़ी गई, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए, जयपुर से

    नीट (यूजी) री-एग्ज़ाम में रविवार को जयपुर के एक परीक्षा केंद्र में 22 साल की छात्रा 'अंडरगारमेंट' में मोबाइल छिपाकर परीक्षा हॉल में पहुंच गई.

    डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रसाद किरण ने बताया है कि छात्रा पेपर की तस्वीर खींचकर चैट जीपीटी से पेपर सॉल्व करना चाहती थी.

    पुलिस ने सोमवार को छात्रा को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है.

    पुलिस सुरक्षा और परीक्षा केंद्रों पर थ्री लेयर चेकिंग होने का दावा किया गया. लेकिन, जयपुर के बिंदायका इलाक़े में छात्रा के मोबाइल फ़ोन परीक्षा हॉल में ले जाने के बाद परीक्षा केंद्रों पर हुई जांच पर सवाल खड़े हो गए हैं.

    इतनी जांच होने के बावजूद छात्रा मोबाइल फ़ोन परीक्षा हॉल में कैसे लेकर पहुंच गई?

    बीबीसी के इस सवाल पर बिंदायका पुलिस थाना प्रभारी विनोद कुमार बीबीसी से कहते हैं कि, "छात्रा अंडरगारमेंट में छिपाकर मोबाइल ले गई थी."

    क्या मेटल डिटेक्टर अंडरगारमेंट में छिपा मोबाइल नहीं पकड़ सका? बीबीसी के इस सवाल पर थाना प्रभारी कहते हैं, "मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के दौरान बीप की आवाज़ आई थी, पूछने पर छात्रा ने कपड़ों में बटन होना बताया."

    डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रसाद किरण ने बताया, "परीक्षा हॉल में ड्यूटी कर रहीं निरीक्षक द्वारा उक्त अभ्यर्थी हिमांशी तिवारी को मोबाइल का उपयोग प्रश्न पत्र हल करने का प्रयास करते हुए पकड़ा."

    डीसीपी के मुताबिक़, पकड़ी गई छात्रा के ख़िलाफ़ परीक्षा केंद्र सुप्रीटेंडेंट ने एफ़आईआर दर्ज कराई है. छात्रा के ख़िलाफ़ लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत शिकायत दर्ज की गई है.

    पुलिस के मुताबिक़, छात्रा ने पूछताछ में बताया कि मोबाइल फ़ोन से पेपर की फ़ोटो खींच कर चैट जीपीटी के ज़रिए आंसर जानने थे लेकिन, परीक्षा केंद्र में जैमर लगे होने के कारण इंटरनेट का उपयोग नहीं किया जा सका.

  6. अमेरिका ने ईरान के तेल उत्पादों से हटाया प्रतिबंध, इतने दिन की दी मोहलत

    अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान के तेल उत्पादों पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है. अमेरिका ने यह प्रतिबंध अगले 60 दिनों के लिए हटाया है.

    वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, "स्विट्ज़रलैंड में चल रही सकारात्मक बातचीत में ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट में फ़्री और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को अपने देश में प्रवेश की अनुमति देने की बात कही है."

    "इस फ़्रेमवर्क के तहत, अमेरिकी वित्त विभाग ने 60 दिनों के लिए एक अस्थायी सामान्य लाइसेंस जारी किया है, जिसके तहत ईरानी तेल के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री की अनुमति दी गई है."

    इससे पहले शांति वार्ता में अमेरिका के मुख्य वार्ताकार उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान ने अपने देश में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षण की अनुमति दे दी है.

  7. अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने कहा, ईरान ने परमाणु कार्यक्रमों की निगरानी पर भरी हामी

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड में कहा कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की निगरानी को लेकर सहमति दे दी है.

    हालांकि ईरान का कहना है कि वार्ता के दौरान परमाणु मुद्दा नहीं उठा था, लेकिन अभी उसकी ओर से अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षण से जुड़े दावे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    दरअसल, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफ़ेल ग्रोसी ने रविवार को स्विट्ज़रलैंड में ईरान-अमेरिका वार्ता स्थल पर स्विस विदेश मंत्री से मुलाक़ात की थी.

    इसे ईरान ने परमाणु मुद्दे से जोड़ने से नकार दिया था. लेकिन अब अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने इस मुद्दे पर बयान दिया है.

    उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि “ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षकों की वापसी पर सहमति दे दी है.”

    साथ ही वेंस ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई है और होर्मुज़ स्ट्रेट खुला हुआ है.

    ईरान की सीज़ पड़ीं संपत्तियों को रिलीज़ किए जाने के बारे में वेंस ने कहा, “हम ऐसी प्रक्रिया बनाना चाहते हैं जिससे इस राशि का फ़ायदा आम ईरानियों को हो, न कि इससे आतंकवाद को वित्तीय मदद मिले.”

    अमेरिकी राष्ट्रपति वेंस ने ईरानी संपत्तियों के रिलीज़ से जुड़ी उस अमेरिकी योजना का भी ज़िक्र किया, जिसके तहत ये संपत्तियां रिलीज़ किए जाने के बाद अमेरिकी सोयाबीन, मक्का और गेहूं खरीदा जा सकता है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति वेंस ने बताया कि यह योजना, वार्ता दल के सदस्य जैरेड कुशनर की ओर से प्रस्तावित है. बता दें कि कुशनर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद हैं.

  8. ईरान ने बताया, स्विट्ज़रलैंड में हुई शांति वार्ता में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

    ईरान ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड में दो दिनों तक चली शांति वार्ता के दौरान एमओयू से जुड़े उन मुद्दों पर बात हुई, जिनके लागू होने के बाद ही अंतिम समझौते के लिए वार्ता शुरू हो सकेगी.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने यह जानकारी एक्स पर दी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, बक़ाई ने यह भी बताया है कि कल यानी मंगलवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान एक दिन के दौरे पर पाकिस्तान जाएंगे.

    बता दें कि स्विट्जलैंड में हुई शांति वार्ता में पाकिस्तान और क़तर मध्यस्थ थे.

    बक़ाई ने शांति वार्ता में चर्चा के मुख्य बिंदुओं के बारे में बताया, "मुख्य रूप से उन बिंदुओं पर बात हुई, जो लेबनान में युद्ध रोकने, ईरान की फ्रीज़ संपत्तियां रिलीज़ करने और ईरानी तेल के निर्यात से जुड़े हैं."

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने एक्स पर यह भी बताया है कि वार्ता के बाद उनका प्रतिनिधिमंडल वापस देश लौट रहा है.

    बता दें कि 14 बिंदुओं वाले इस समझौते को मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) कहा गया है. इसके मुताबिक़ ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा.

  9. कार्टून: रोटी, कपड़ा और मकान

  10. योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की एक इमारत में आग की घटना पर क्या कहा

    लखनऊ की एक इमारत में आग की घटना में 14 बच्चों की मौत हो गई है. इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान आया है.

    वह अलीगढ़ के दौरे पर थे, जहां से अब वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है. वहां पर एक अग्निकांड की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं. उसके कारण उनकी दुखद मौत... प्रशासन वहां पर राहत कार्यों में लगा हुआ है."

    योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को जांच के आदेश दिए गए हैं.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि वे स्वयं मौक़े पर जाकर इसकी रिपोर्ट पेश करें."

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, लखनऊ की एक इमारत में आग, ब्रजेश पाठक ने कहा- कम से कम 14 लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के मुताबिक़, लखनऊ की एक इमारत में आग की घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है.

    ब्रजेश पाठक ने कहा, "हमारे अपने परिवार के 14 बच्चे इस घटना में हताहत हुए हैं. चार बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है."

    उन्होंने कहा कि घटना के उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार होंगे उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    उन्होंने यह भी बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरा हो चुका है.

    ब्रजेश पाठक ने कहा, "घटना कैसे घटी, इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह पाएंगे."

    इस घटना में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. प्रशासन और चिकित्सा कर्मचारी मौक़े पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य चलाया जा रहा है.

  12. लखनऊ की एक इमारत में आग, देखिए घटनास्थल की ताज़ा तस्वीरें, तारिक़ ख़ान, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ से

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ की एक इमारत में आग लग गई है. इमारत में कुछ स्टूडेंट्स के फंसे होने की आशंका है.

    हालांकि, इसका सही आंकड़ा अब तक सामने नहीं आया है.

    उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि तीन-चार स्टूडेंट्स के फंसे होने की आशंका है.

    मौक़े पर मौजूद फ़ायर ब्रिगेड के कर्मचारी सर्च अभियान में जुटे हुए हैं.

  13. शहबाज़ शरीफ़ ने स्विट्ज़रलैंड में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता को बताया 'सफल'

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड के बर्गेनस्टॉक में 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' के तहत पहली बार आयोजित वार्ता 'सफलतापूर्वक' ख़त्म हो गई है.

    उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान 'चर्चाएं सकारात्मक और सार्थक माहौल' में हुईं और इनमें 'उत्साहजनक प्रगति' हुई.

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट कर ये सब बातें कहीं.

    उन्होंने यह भी बताया कि इस बातचीत में '60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते की दिशा में एक रोडमैप तैयार करने, राजनीतिक निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाने और आगे की तकनीकी वार्ताओं को शुरू करने पर सहमति' बनी.

    शहबाज़ शरीफ़ ने 'सार्थक संवाद की ओर प्रतिबद्धता' के लिए अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों की तारीफ़ की.

    इसके अलावा उन्होंने मध्यस्थ देश क़तर और बैठक के मेजबान देश स्विट्ज़रलैंड का भी आभार जताया.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, लखनऊ की एक इमारत में आग, डिप्टी सीएम ने क्या बताया

    उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है. यह घटना अलीगंज स्थित पुरनिया इलाक़े की है.

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि आग कोचिंग सेंटर में लगी है.

    हालांकि, अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ़्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित था.

    उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि 'कोचिंग सेंटर' के अंदर काफी धुआं भर जाने के कारण बचाव कार्य के लिए दीवार तोड़ी गई और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

    उन्होंने अंदर फंसे लोगों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.

    ब्रजेश पाठक ने बताया, "अलीगंज की कोचिंग सेंटर में आग लगी है. सभी बच्चों को सुरक्षित बचाया जाए, यह प्राथमिकता है. ज़्यादातर बच्चों को निकाल लिया गया है. मात्र दो-तीन या तीन-चार बच्चे हैं. ऐसा बच्चों के साथियों का कहना है कि अंदर वॉशरूम में बंद कर लिए थे."

    एएनआई से बातचीत में एक प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि उसने कुछ लोगों को आग से बचने के लिए इमारत से कूदते हुए देखा.

    डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इमारत से कूदने की वजह से कुछ स्टूडेंट्स घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    पीटीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.

    हालांकि, आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मौके पर दमकल विभाग की टीम तैनात है.

  15. भारत भूषण तिवारी के एनकाउंटर केस में सुप्रीम कोर्ट ने तुरंत सुनवाई से किया इनकार

    सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के भारत भूषण तिवारी के पुलिस एनकाउंटर केस में तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है.

    कानूनी मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली समाचार वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक़, सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया है.

    जस्टिस नागरत्ना की अदालत ने सोमवार को वकील से कहा कि वे इस मामले को रजिस्ट्री के सामने रखें.

    इस जनहित याचिका में यह भी मांग की गई है कि जिन पुलिसकर्मियों पर भारत भूषण तिवारी की हत्या का आरोप है, उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाए.

    साथ ही, इस मामले की स्वतंत्र जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाई जाए, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश करें.

    दरअसल भोजपुर (आरा) पुलिस ने 17 जून को भरत भूषण तिवारी नाम के व्यक्ति का एनकाउंटर किया था, इससे एक दिन पहले पुलिस ने उन्हें 'मानसिक अस्वस्थ' बताया था.

    भोजपुर के एसपी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, "पुलिस टीम द्वारा खुद और लोगों की सुरक्षा के लिए गोली चलाई गई थी जो भरत भूषण के पांव में लगी."

    हालांकि, गोली लगने से पहले भरत भूषण ने अपने फ़ेसबुक अकांउट से जो लाइव किया था, उसमें यह दिख रहा है कि उन्होंने अपनी पिस्टल पुलिस की तरफ फेंक दी थी.

    बीबीसी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता.

  16. राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले केजरीवाल- 'हर सनातनी दुखी, मैं दर्शन के लिए जाऊंगा'

    अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो वहां दर्शन करने जाएंगे.

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से हर सनातनी बेहद दुखी है. शुक्रवार को मैं दर्शन के लिए श्री राम मंदिर जाऊंगा."

    इससे पहले रविवार को केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि 'राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई', लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा था, "अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है.''

    उन्होंने कहा, "यूपी पुलिस, ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आईआर नहीं की. केंद्र में और यूपी में, दोनों जगह इनकी (बीजेपी) सरकारें हैं. कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं."

    इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो जाएगा.

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह और बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. ईरानी सांसद बोले- होर्मुज़ स्ट्रेट अमेरिका का कैसीनो नहीं, इस पर अंतिम फ़ैसला हम करेंगे

    अमेरिका से चल रही बातचीत के दौरान एक ईरानी सांसद ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट पर अंतिम फ़ैसला ईरान करेगा.

    संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "तुम (अमेरिका) धमकी दो, हम कार्रवाई करेंगे. होर्मुज़ स्ट्रेट न तो तुम्हारा पर्सनल कैसीनो है और न ही आधुनिक समुद्री डाकुओं का अड्डा."

    उन्होंने कहा, "यह ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है और इस बारे में अंतिम फ़ैसला ईरान की जनता और उसकी बहादुर सेना के हाथ में है."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने लेबनान में चल रही झड़पों के बाद शनिवार को होर्मुज़ स्ट्रेट बंद करने का दावा किया. हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को ख़ारिज किया था.

  19. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: बेल्जियम और ईरान के बीच ड्रॉ हुआ मुक़ाबला

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया ग्रुप-जी का मुक़ाबला ड्रॉ पर ख़त्म हुआ.

    लॉस एंजेलिस स्टेडियम में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन शानदार मज़बूत गोलकीपिंग और डिफ़ेंस के कारण दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं.

    इस ड्रॉ के साथ ही बेल्जियम और ईरान को अभी भी इस विश्व कप में अपनी पहली जीत का इंतज़ार है. दोनों ही टीमें अभी तक कोई मैच नहीं जीत पाई हैं.

    ईरान के गोलकीपर अलीरज़ा बेइरनवैंड ने शानदार प्रदर्शन किया और एक भी गोल नहीं होने दिया.

    दूसरी ओर, बेल्जियम के थिबाउट कोर्टोइस का भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा, उन्होंने भी अपनी टीम के ख़िलाफ़ एक भी गोल नहीं होने दिया.

    मैच के दौरान ईरान के फैंस काफ़ी उत्साहित नज़र आए, उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं.

  20. एनटीए ने नीट री-एग़्ज़ाम के पेपर लीक का दावा करने वाले वीडियो पर ये कहा

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस वीडियो को फ़र्ज़ी बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर लीक हुआ है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक बयान में एजेंसी ने कहा कि परीक्षा पूरी सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक कराई गई.

    पीआईबी फ़ैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लीक हुआ था. यह दावा फ़र्ज़ी है."

    उल्लेखनीय है कि नीट की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने इसे 12 मई 2026 को रद्द कर दिया था.

    इसके बाद री-एग़्ज़ाम 21 जून 2026 को आयोजित की गया.