शिवसेना-यूबीटी में टूट की चर्चा पर क्या बोले ओवैसी और कांग्रेस?

इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने शिवसेना (यूबीटी) में टूट को लेकर हो रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है.
हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा है कि 'शिकारी नया है, जाल पुराना है.'
ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कुछ यूबीटी सांसद भी बीजेपी में जाने की सोच रहे हैं. शायद हमें उन दो बड़े सांसदों से पूछना चाहिए कि किसने इन सांसदों को बीजेपी में जाने की धमकी दी? बाकी 19 टीएमसी सांसद क्यों गए? शायद किसी को दोष देने में एक महीना लग जाएगा."
उन्होंने आगे लिखा, "बीजेपी में बड़े पैमाने पर जाना इतना आसान क्यों है? सब लोग क्यों भाग रहे हैं? अपनी सारी नाकामियों का दोष आप एक बड़े सांसद पर नहीं डाल सकते. शिकारी नया है, जाल पुराना है…"
दूसरी ओर, कांग्रेस ने कहा है कि बीजेपी विपक्ष का मनोबल गिराने के लिए पार्टियों को तोड़ रही है.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "जब संविधान संशोधन बिल पास नहीं हो पाया तो गृह मंत्री और प्रधानमंत्री बहुत नाराज़ हुए और अब वे अलग-अलग पार्टियों को तोड़ने में लगे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि उन्हें दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलेगा. यह विपक्ष का मनोबल गिराने के लिए किया जा रहा है. यह संविधान और हमारी लोकतंत्र पर हमला है."

















