You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीयूष गोयल ने कहा- तब तक अमेरिका से ट्रेड डील नहीं जब तक...

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का कहना है कि भारत तब तक अमेरिका के साथ ट्रे़ड डील पक्का नहीं कर सकता, जब तक उसे अपने दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के मुक़ाबले टैरिफ़ में बेहतर फ़ायदा न मिल जाए.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पीयूष गोयल ने कहा- तब तक अमेरिका से ट्रेड डील नहीं जब तक...

    वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल का कहना है कि भारत तब तक अमेरिका के साथ ट्रे़ड डील पक्का नहीं कर सकता, जब तक उसे अपने दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के मुक़ाबले टैरिफ़ में बेहतर फ़ायदा न मिल जाए.

    पीयूष गोयल ने यह बयान एक इंटरव्यू के दौरान दिया है.

    पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत पर लगाया गया 50 फ़ीसदी टैरिफ़ 18 फ़ीसदी किया गया था और यह भारत के पड़ोसी देशों से कम था, इसलिए काफ़ी अच्छा था.

    भारतीय वाणिज्य मंत्री ने संकेत दिया कि भारत को इस बात को लेकर स्पष्टता चाहिए कि समझौते को आगे बढ़ाने से पहले वह अन्य अहम पड़ोसी देशों के मुक़ाबले अपनी बढ़त कैसे बनाए रख सकता है.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ समझौते पर मूल रूप से कम टैरिफ़ दरों के आधार पर बातचीत हुई थी, लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ को रद्द करने वाले फैसले और 24 जुलाई को 10 प्रतिशत टैरिफ की अवधि समाप्त होने की स्थिति ने पूरे तस्वीर बदल दी है.

  3. राजस्थानः मोमोज़ बेचने वाली महिला के झुलसने का मामला, अशोक गहलोत ने किया सवाल, मोहर सिंह, बीबीसी के लिए

    कथित तौर पर राजस्थान में मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सड़क किनारे पुलिस ने मोमोज़ के एक स्टॉल को धक्का दे दिया जिससे एक युवती झुलस गई.

    इस मामले में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कई सवाल उठाए हैं.

    साथ ही, राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. झुलसी हुई युवती यूपी के अयोध्या की रहने वालीं हैं, यहां पढ़ाई के लिए आई थीं. पारिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी तो काम भी करने लगीं.

    युवती के पिता का कोविड में निधन हुआ था, इसके बाद वह परिवार पालने के लिए अपनी बहन के साथ मोमोज का स्टॉल लगाती थी.

    युवती का शरीर गर्दन से लेकर पैरों तक गम्भीर तरह से झुलस गया है.

    इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है, "मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार बनते ही घोषणा की थी कि वे लाल बत्ती पर रुकेंगे और उनके लिए रूट लाइनिंग लगाकर ट्रैफिक को बाधित नहीं किया जाएगा, लेकिन यह घोषणा हवा-हवाई साबित हुई."

    कुछ दिनों पहले पेट्रोल-डीजल के संकट को देखते हुए उन्होंने अपने काफ़िले में भारी कटौती की घोषणा भी की थी, परन्तु वह भी लागू नहीं हुई. सरकार के लिए शर्मनाक स्थिति यह है कि सीधे मुख्यमंत्री से जुड़ा मामला होने के बावजूद अब तक सरकार ने पीड़िता की कोई मदद नहीं की है. उल्टे, पुलिस-प्रशासन पीड़िता पर इस मामले को दबाने का दबाव डाल रहा है."

  4. वेनेज़ुएला: ला ग्वेइरा में भीषण भूकंप से सौ से ज़्यादा इमारतें ढहीं

    वेनेज़ुएला में आए भूकंप की वजह से यहां के ला ग्वेइरा राज्य में सबसे ज़्यादा नुक़सान हुआ है. संयुक्त राष्ट्र ने जानकारी दी है कि यहां सौ से ज़्यादा इमारतें ढह गई हैं.

    इससे पहले कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज़ ने कहा था कि ला ग्वेइरा में दर्जनों इमारतें गिर गई हैं. उन्होंने इसे देश का सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य बताते हुए आपदा क्षेत्र भी कहा था.

    साथ ही यह भी पता लगा है कि कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने संयुक्त राष्ट्र की सभी बचाव टीमों को तैनात करने की अनुमति दे दी है.

    ये टीमें अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों को लॉजिस्टिक और दूसरी मदद देंगी.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, अंतरराष्ट्रीय टीमें ला ग्वेइरा और राजधानी काराकास में तैनात रहेंगी. बाक़ी इलाक़ों में राहत का काम स्थानीय टीमों और सिविल प्रोटेक्शन के जिम्मे है.

    दो भूकंपों और उसके बाद आए कई झटकों (आफ्टर शॉक) से वेनेज़ुएला के अधिकांश हिस्सों में तबाही का मंज़र है.

    कार्यवाहक राष्ट्रपति ने सरकारी टीवी पर दिए संबोधन में बताया है कि अब तक 164 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है. साथ ही 971 लोग घायल हुए हैं.

    उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ओर से 20 करोड़ डॉलर का एक फंड बनाया गया है, जिसका इस्तेमाल क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में किया जाएगा.

  5. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः नागरिकता का प्रमाण क्या?

  6. कमर्शियल एलपीजी पर लगी रोक को केंद्र सरकार ने हटाया

    भारत सरकार ने कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर लगाए गए सभी बैन हटा दिए हैं, जबकि एलपीजी की थोक ख़रीद पर लगे प्रतिबंधों में आंशिक राहत दी है.

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में यह जानकारी दी.

    गुरुवार को जारी बयान में यह भी बताया गया है कि एलपीजी की थोक ख़रीद को मध्य-पूर्व के संकट से पहले की खपत स्तर के 50 फ़ीसदी तक बहाल किया गया है.

    इससे कमर्शियल और इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी.

    केंद्र सरकार ने यह क़दम होर्मुज़ स्ट्रेट से मालवाहक जहाज़ों की आवाजाही शुरू हो जाने के बाद उठाया है.

    थोक एलपीजी की सप्लाई को मध्य-पूर्व संकट की शुरुआत में रोक दिया गया था, अब इसे आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है.

    सरकार ने कहा कि ईरान संकट से पहले एलपीजी की जितनी सप्लाई हो रही थी, अब उसी लेवल की सप्लाई बहाल हो गई है. इसलिए देश में कमर्शियल सप्लाई को लेकर लगाए गए प्रतिबंध भी हटा दिए गए हैं.

  7. भूकंप से तबाही के बीच वेनेज़ुएला में दो साल बाद एक्स पर लगी रोक हटी

    बीती रात एक के बाद एक आए दो भूकंपों के बाद वेनेज़ुएला में इंटरनेट यूज़र्स के लिए एक्स से रोक हटा ली गई है.

    बीबीसी न्यूज़ मुंडो की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.

    अगस्त 2024 में सरकारी आदेश के तहत देश में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पाबंदी लगा दी गई थी.

    सोशल मीडिया साइट्स पर सेंसरशिप से बचने में माहिर अकाउंट्स का कहना है कि इंटरनेट और फ़ोन सेवा देने वाली कंपनियों सीएएनटीवी, थंडरनेट, डिज़िटल और मूवीस्टार ने एक्स पर लगी रोक हटा दी है.

    हालांकि यूज़र्स के एक्स तक पहुंच की ख़बरों पर सरकार ने अब तक आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय तथ्य-जांच मिशन ने वेनेज़ुएला के दूरसंचार नियामक से अपील की थी कि वह 'सोशल मीडिया और सभी मीडिया संस्थानों तक पहुंच को पूरी तरह बहाल करे, ताकि लोगों को जानकारी मिल सके.'

  8. बांग्लादेश का नया उच्चायुक्त बनाने के बाद दिनेश त्रिवेदी को मिला कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा

    भारत ने दो साल बाद बांग्लादेश के लिए टूरिस्ट वीज़ा शुरू करने की घोषणा कर दी है. इसकी घोषणा ढाका में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के बाद की.

    पीटीआई ने गृहमंत्रालय के आधार पर बताया है कि त्रिवेदी को केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के समकक्ष का दर्जा भी दिया है. हालांकि यह सीमित स्तर पर लागू रहेगा.

    76 साल के दिनेश त्रिवेदी पश्चिम बंगाल से हैं और लंबे समय तक बीजेपी से जुड़े रहे हैं. साथ ही, उच्चायुक्त (हाईकमिश्नर) की ज़िम्मेदारी पाने वाले वे चुनिंदा राजनेताओं में से एक हैं.

    बीते दो साल में भारत-बांग्लादेश के बीच के उतार-चढ़ाव भरे रिश्तों के बीच उनकी नियुक्ति को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है.

    उनकी नियुक्ति की घोषणा 27 अप्रैल को हुई थी, 24 जून को गृह मंत्रालय ने उन्हें कैबिनेट के समकक्ष दर्जा दिया है.

    कैबिनेट के समकक्ष दर्जा दिए जाने को लेकर गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल प्रोटोकॉल संबंधी समारोहों तक सीमित रहेगी.

    मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह किसी संवैधानिक या प्रशासनिक अधिकार में बदलाव नहीं है और न ही इससे पद की स्थायी स्थिति प्रभावित होगी.

    साथ ही बताया है कि व्यक्तिगत आधार पर त्रिवेदी को यह दर्जा मिला है.

    गौरतलब़ है कि त्रिवेदी संसद के दोनों सदनों के सदस्य रह चुके हैं. साथ ही, मनमोहन सिंह की कैबिनेट में केंद्रीय रेलवे मंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री भी रहे हैं.

    साल 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे.

  9. कार्टून: सप्लीमेंट्स के फ़ायदे

  10. कोलकाता गोदाम हादसाः मरने वालों की संख्या 11 हुई, दूसरे दिन भी बचाव कार्य जारी, प्रभाकर मणि त्रिपाठी, कोलकाता से बीबीसी के लिए

    दक्षिण कोलकाता के तारातल्ला इलाके़ में एक निर्माणाधीन गोदाम ढहने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है. बीते बुधवार को हुए हादसे के बाद बचाव कार्य अब भी जारी है.

    इस हादसे में 20 लोग घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है. तीन मंजिला गोदाम की छत (शेड) गिरने से कई लोग मलबे में दब गए.

    हादसे के दूसरे दिन भी कई लोग मलबे में फंसे हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है.

    इस इलाके में गुरुवार को भारी बारिश और बिजली गिरने के कारण बचाव कार्यों में बाधा आई है.

    मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार की शाम को घटनास्थल और अस्पताल का दौरा करने के बाद जानकारी दी थी कि हादसे की चपेट में आए अधिकांश लोग बिहार से हैं.

    इस हादसे की जांच के लिए कोलकाता पुलिस के ख़ुफिया विभाग के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में सात-सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है.

    पुलिस ने खुद से मामला दर्ज करते हुए सुपरवाइज़र समेत सात लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

    बंदरगाह की यह ज़मीन एक निजी संस्था ने 30 साल के लिए लीज़ पर ली थी और वहां चाय का गोदाम बनाने का काम चल रहा था, घटना के समय क़रीब 40 मजदूर काम कर रहे थे.

  11. कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट, ईरान जंग से ठीक पहले के स्तर पर पहुंचीं क़ीमतें

    वैश्विक कच्चे तेल की क़ीमतें चार महीनों के दौरान अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं.

    गुरुवार को वैश्विक मानक ब्रेंट कच्चे तेल की क़ीमत थोड़ी देर के लिए गिरकर 72.48 डॉलर प्रति बैरल हो गई.

    यह वही स्तर था जो 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के ईरान पर हमले से एक दिन पहले था.

    हालांकि बाद में क़ीमत हल्की बढ़कर 72.63 डॉलर प्रति बैरल हो गई.

    दुनिया को यह बड़ी राहत बीते 17 जून को अमेरिका-ईरान के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद मिली.

    यह बदलाव इसलिए आया है क्योंकि होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है जो कच्चे तेल और गैस के वैश्विक परिवहन के लिए बेहद अहम रास्ता है.

    ईरान के हमलों के बाद यह रास्ता लगभग बंद हो गया था, इससे ऊर्जा की क़ीमतों में तेज़ उतार-चढ़ाव देखा गया.

    ध्यान रहे कि ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम और युद्ध ख़त्म करने से जुड़े मुद्दों पर 60 दिनों तक बातचीत होगी.

  12. राघव चड्डा बोले- बेअदबी क़ानून की पहली एफ़आईआर सीएम भगवंत मान पर दर्ज हो

    हाल ही में आम आदमी पार्टी से निकले राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने पंजाब में लागू नए बेअदबी क़ानून के तहत पहली एफ़आईआर खु़ुद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ख़िलाफ़ दर्ज किए जाने की मांग की है.

    दो महीने पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर राघव चड्डा भाजपा में शामिल हो गए थे. उन्होंने भगवंत मान से कथित रूप से जुड़े एक वायरल वीडियो के मामले में यह मांग उठाई है.

    ग़ौरतलब है कि 15 जून को पंजाब के मुख्यमंत्री से कथित रूप से जुड़े एक वीडियो को लेकर अकाल तख़्त साहिब में बैठक हुई थी. जिसके बाद जत्थेदार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को 'गुरु दोखी' और 'पंथ विरोधी' कहा था.

    हालांकि आम आदमी पार्टी और खुद भगवंत मान ने इस वीडियो को फ़ेक बताया.

    फिर राज्य सरकार ने दो अलग-अलग फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट जारी की और कहा कि वायरल वीडियो का मान से संबंध नहीं है.

    दूसरी ओर, इसी रिपोर्ट को फ़र्जी बताते हुए बीजेपी शासित हरियाणा के गुरुग्राम की पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.

    पुलिस ने दावा किया है दोनों युवकों से फ़र्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट बनाई गई.

    राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा ने गुरुवार को कहा, “भगवंत मान और आम आदमी पार्टी को असली वीडियो छिपाने के लिए एक फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट बनानी पड़ी. इसकी जांच होनी चाहिए और मुख्यमंत्री इस्तीफ़ा दें. बेअदबी कानून की पहली एफ़आईआर खुद उनके ख़िलाफ़ होनी चाहिए.”

  13. राहुल गांधी ने शिवराज सिंह चौहान के बेटे से जुड़े मानहानि मामले में जताया खेद

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मानहानि से जुड़ी एक शिक़ायत में लिखित रूप से खेद जताया है.

    यह मामला केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह से जुड़ा है. उन्होंने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ भोपाल की एमपी-एमएलए मामलों की अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई.

    उन्होंने आरोप लगाया कि 2018 में झाबुआ ज़िले की एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स लीक मामले का ज़िक्र करते हुए उनका नाम लिया था.

    उनका कहना है कि इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, "राहुल गांधी के वक़ील ने बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में एक आवेदन दाख़िल किया. इसमें उन्होंने अपने कथित मानहानि वाले बयान पर खेद जताया है."

    इस आवेदन में कहा गया है कि “उनका (राहुल गांधी) बयान कार्तिकेय सिंह से जुड़ा नहीं था.”

  14. बीजेपी यूपी के नए पदाधिकारियों की घोषणा, राजनाथ सिंह के बेटे को बनाया उपाध्यक्ष

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश इकाई के लिए नए पदाधिकारियों की घोषणा की है.

    पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.

    बीजेपी ने लिस्ट शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं."

    बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के लिए 19 उपाध्यक्ष, आठ महामंत्री और 19 मंत्री नियुक्त किए हैं.

    पार्टी ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को भी उपाध्यक्ष बनाया है.

    फिलहाल पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हैं.

    पूरी लिस्ट देखें-

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. वेनेज़ुएला में भूकंप से भारी तबाही, अब तक 164 लोगों की मौत हुई

    वेनेज़ुएला की राजधानी काराकस में बुधवार भीषण भूकंप आया. इसमें अब तक 164 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और 971 लोग घायल हुए हैं.

    वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और हर संभव मदद की पेशकश की है.

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका वेनेज़ुएला में "तुरंत खोज और बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता तैनात कर रहा है."

    देखें तस्वीरें-

  17. वेनेज़ुएला भूकंप: अंतरिम राष्ट्रपति रॉड्रिगेज़ ने मदद के लिए हाथ बढ़ाने पर भारत के प्रति आभार जताया

    वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने एक्स पर पोस्ट कर मदद के लिए हाथ बढ़ाने पर भारत के प्रति आभार जताया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "भारत ने जो मुश्किल वक़्त में एकजुटता दिखाई है, वो हमारे लोगों के बीच सहयोग की भावना के अनुरूप है. हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिले इस समर्थन को स्वीकार करते हैं और हमारे साथ दिखाई गई एकजुटता के लिए आभारी हैं."

    उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का पोस्ट शेयर करते हुए, एक दूसरे पोस्ट में लिखा, "हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन टिप्पणियों का हार्दिक स्वागत करते हैं, जिनमें उन्होंने हमारे देश में आए विनाशकारी भूकंपों के गंभीर प्रभावों पर संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों में मदद करने के लिए भारत की ओर से इच्छा जताई."

    वेनेज़ुएला में बुधवार को विनाशकारी भूकंप आया जिससे राजधानी कराकस में भारी नुकसान हुआ है.

    भूकंप के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था, "वेनेज़ुएला में आए भीषण भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है. भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेज़ुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है."

    प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, "हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं. भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है."

  18. आईआरजीसी ने कहा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित आवागमन केवल हमारे सहयोग से ही संभव'

    ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित आवागमन केवल उनके साथ समन्वय और जो रास्ते ईरान ने बताए हैं, उसी के ज़रिए संभव है.

    ईरानी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, आईआरजीसी की नौसेना ने "होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों की आवाजाही के लिए एक नए मार्ग" की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह मार्ग स्वीकार्य नहीं है और पूरी तरह ख़तरनाक है.

    आईआरजीसी के बयान के अनुसार, होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने के लिए केवल वही मार्ग वैध हैं जो ईरान ने घोषित किए हैं. जहाज़ों को केवल चैनल 16 के माध्यम से संपर्क करना चाहिए और ईरानी सैन्य बलों के साथ समन्वय स्थापित करके ही आवागमन करना चाहिए.

    गौरतलब है कि कल ओमान ने घोषणा की थी कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में यातायात को आसान और तेज़ बनाने के लिए उसने एक नया समुद्री मार्ग खोल दिया है. हालांकि, आईआरजीसी के बयान में स्पष्ट रूप से यह नहीं कहा गया है कि उनका इशारा इसी नए मार्ग की ओर है.

  19. वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति ने बताया, 'भूकंप में कम से कम 32 लोगों की मौत, करीब सात सौ घायल'

    वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने बताया है कि वेनेज़ुएला में आए भीषण भूकंप में कम से कम 32 लोग मारे गए हैं और सात सौ से ज़्यादा घायल हुए हैं.

    मारे गए लोगों को लेकर ये पहला आंकड़ा है जो उन्होंने दिया है.

    अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने इससे पहले अनुमान लगाया था कि इस भूकंप में दस हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत होने की संभावना 44 फ़ीसदी है.

    डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने कहा कि ट्रंप वेनेज़ुएला के अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहे हैं.

    फेसबुक पर शेयर किए गए एक बयान में उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार ने वेनेज़ुएला को समर्थन और एकजुटता का भरोसा दिलाया है.

    रॉड्रिगेज़ ने कई नेताओं का समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया है, और यह उन्हीं संदेशों की एक कड़ी है. उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चिली के राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्ट का भी धन्यवाद किया है.

  20. इस्माइल बक़ाई बोले- ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध में शामिल होने के लिए नेटो को ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने नेटो के महासचिव मार्क रूटे के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि नेटो महासचिव का बयान इस बात की पुष्टि है कि नेटो ने संयुक्त राष्ट्र के एक संप्रभु सदस्य देश के खिलाफ एक अवैध युद्ध में भाग लिया.

    इस वीडियो में नेटो के महासचिव को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान इटली में स्थित अमेरिकी अड्डे से लगभग 500 अमेरिकी विमानों ने उड़ान भरी थी.

    उन्होंने आगे कहा कि इसी दौरान एक दूसरे यूरोपीय देश रोमानिया की राजधानी के हवाई अड्डे पर यात्री विमानों की उड़ानों को कम करना पड़ा, क्योंकि उस हवाई अड्डे का उपयोग ईंधन भरने (टैंकर) की सुविधा के रूप में किया जा रहा था.

    अमेरिका ने ईरान के खिलाफ फरवरी के आखिर में शुरू की गई सैन्य कार्रवाई को “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” नाम दिया था.

    इस्माइल बक़ाई का कहना है कि नेटो और उसके वो सदस्य देश जिन्होंने इसमें भाग लिया, उन्हें इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.