पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर वोटिंग शुरू, चुनाव आयोग ने दिए थे पुनर्मतदान के आदेश

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्टा सीट पर अनियमितताओं की रिपोर्ट के बाद यहां 21 मई को दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिए गए थे. इस सीट के लिए डाले जा रहे वोटों की गिनती 24 मई को होगी.
हाल में ये सीट चर्चा में रही है क्योंकि पुनर्मतदान से दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान चुनावी प्रक्रिया से हट गए थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उनकी इस घोषणा पर राज्य के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि जहांगीर ख़ान भाग गए हैं क्योंकि उन्हें कोई पोलिंग एजेंट नहीं मिल रहा है.
वहीं जहांगीर ख़ान के पीछे हटने पर टीएमसी ने कहा था कि यह उनका निजी फ़ैसला है, यह पार्टी का फ़ैसला नहीं है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हुए थे और चार मई को परिणाम आए थे. दूसरे चरण के मतदान के दौरान फाल्टा सीट पर भी मतदान हुआ था.
हालांकि, चुनाव आयोग ने इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर अनियमितताएं पाईं थी और उसके बाद 21 मई को दोबारा मतदान कराने की की घोषणा की थी
4 मई को आए चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 207 सीटें और टीएमसी ने 80 सीटें जीती थीं. इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.


