अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे क्लिक कर पढ़ सकते हैं-
पार्टी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी है. वे कोलकाता के बालीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं
अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे क्लिक कर पढ़ सकते हैं-

इमेज स्रोत, ANI
ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा से जुड़े पदों की घोषणा कर दी है.
पार्टी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी है. वो कोलकाता के बालीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं और उन्होंने विधानसभा चुनाव में 61 हज़ार से ज़्यादा वोटों से जीत हासिल की है.
पार्टी ने धानेखाली विधानसभा सीट से विधायक असीमा पात्रा और चौरंगी विधानसभा सीट से विधायक नयना बंदोपाध्याय को विपक्ष की उपनेता घोषित किया है. वहीं फ़िरहाद हकीम को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है.
टीएमसी ने एक्स पर लिखा, ''हम इन नेताओं को बधाई देते हैं और बंगाल के लोगों के हित में समर्पण के साथ काम करने के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं.''
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. राज्य में पहली बार बीजेपी ने अपनी सरकार बनाई है.

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी एयरलाइंस कंपनी फ़्रंटियर एयरलाइंस के एक विमान ने शुक्रवार देर रात डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे से उड़ान भरने की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
एयरपोर्ट के बयान के मुताबिक, टक्कर के कारण इंजन में थोड़ी देर के लिए आग लग गई थी, जिसे डेनवर फायर डिपार्टमेंट ने तुरंत बुझा दिया.
विमान के केबिन में धुआं देखा गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर विमान में मौजूद सभी 224 लोगों को इमरजेंसी स्लाइड्स के ज़रिए बाहर निकाला गया. फ्रंटियर एयरलाइंस ने अपने बयान में यह जानकारी दी है.
हवाई अड्डे के मुताबिक़, वह शख़्स हवाई अड्डे की सुरक्षा बाड़ पार करके अंदर घुस आया था और रनवे पार करते समय दो मिनट बाद विमान की चपेट में आ गया.
फ़्रंटियर एयरलाइंस ने कहा, “हम इस घटना से बेहद दुखी हैं.”
अधिकारियों के मुताबिक, फ़्रंटियर एयरलाइंस की यह फ्लाइट स्थानीय समयानुसार रात करीब 11 बजे डेनवर से लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रही थी, तभी वो शख़्स उसकी चपेट में आ गया.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने पायलट को टेकऑफ़ की अनुमति देते हुए शुभ रात्रि कहा ही था कि कुछ सेकंड बाद पायलट ने अचानक टावर से दोबारा संपर्क किया.
पायलट ने टावर से कहा, “हम रनवे पर रुक रहे हैं. हमने किसी को टक्कर मार दी है. हमारे इंजन में आग लग गई है.”

इमेज स्रोत, EPA
ईरानी फ़ुटबॉल फ़ेडरेशन ने घोषणा की है कि ईरानी टीम अगले महीने से शुरू होने वाले वर्ल्ड कप में निश्चित रूप से भाग लेगी, लेकिन "मेज़बान देश को हमारी चिंताओं को ध्यान में रखना होगा."
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, फेडरेशन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि "ईरान निश्चित तौर पर टूर्नामेंट में भाग लेगा और कोई भी बाहरी दबाव इसे रोक नहीं सकता, साथ ही मेज़बान देश से ईरानी चिंताओं को ध्यान में रखने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया."
फ़ेडरेशन ने आगे कहा, "ईरान अपनी मान्यताओं और संस्कृति का सम्मान करते हुए टूर्नामेंट में भाग लेगा. असली लड़ाई फुटबॉल के मैदान के भीतर है और मेज़बान देश को संघर्ष को दूसरे क्षेत्रों में भेजने की कोशिश से बचना चाहिए."
गौर करने वाली बात ये है कि 2026 फ़ीफ़ी वर्ल्ड कप अगले महीने अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में आयोजित हो रहा है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने मार्च में, ईरान जंग के दौरान कहा था कि वह वर्ल्ड कप में ईरानी टीम की भागीदारी का स्वागत करेंगे, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि टीम के लिए टूर्नामेंट में भाग लेना सही होगा.
यह ध्यान देने लायक है कि ईरानी फुटबॉल फेडरेशन ने सुरक्षा वजहों से अमेरिका में अपने मैच आयोजित करने को लेकर पहले भी आपत्ति जताई थी.
फ़ीफ़ा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने कुछ दिन पहले यह भी कहा था कि ईरान इस साल के फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप में "भाग लेगा", जो अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में खेला जाएगा.
ईरानी टीम ग्रुप जी में है और उसे अपने ग्रुप मैच न्यूज़ीलैंड, बेल्जियम और मिस्र के ख़िलाफ़ 15, 21 और 26 जून को लॉस एंजिल्स और सिएटल में खेलने हैं.

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार शाम, कोलकाता स्थित भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के घर पहुंचे.
वहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "जिस विचारधारा और राजनीतिक नींव पर बीजेपी का उदय और जीत आधारित है, वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ही है. अगर श्यामा प्रसाद मुखर्जी न होते, तो हमारी हालत भी वैसी ही होती जैसी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की है. मैं कैबिनेट और विधानसभा में यह प्रस्ताव रखूंगा कि 20 जून, 1947 को 'पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस' के रूप में घोषित किया जाए."
शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था. आज यानी शनिवार को उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के मौके पर पश्चिम बंगाल में बीजेपी के ख़िलाफ़ राजनीतिक लड़ाई शुरू करने की घोषणा की.
उन्होंने कहा, “आतंक का राज शुरू हो चुका है. आतंक के ख़िलाफ़ हमारी नैतिक और राजनीतिक लड़ाई शुरू हो गई है. मैं सभी गैर-बीजेपी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील करती हूं. मैं एनजीओ और दूसरे निष्पक्ष मंचों से भी इस आंदोलन में शामिल होने का आग्रह करती हूं. विपक्ष के सभी राष्ट्रीय नेताओं ने मुझसे संपर्क किया है."
उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रीय दलों के साथ-साथ वामपंथी और अति वामपंथी दलों से भी बंगाल और दिल्ली में एकजुट होने की अपील करती हूं. अगर कोई राजनीतिक दल इस मुद्दे पर मुझसे बात करना चाहता है, तो मैं चर्चा के लिए तैयार हूं.”
उन्होंने कहा, “रवींद्रनाथ टैगोर हमारी प्रेरणा हैं. हम उनकी जयंती मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं. ‘देश बचाओ गणतांत्रिक मंच’ ने टैगोर जयंती मनाने के लिए तीन जगहों पर इजाज़त मांगी थी, लेकिन इसकी इजाज़त नहीं दी गई.”
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता की पार्टी टीएमसी सिर्फ 80 सीटें ही जीतने में कामयाब हो सकी.
वहीं, इस चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें हासिल की हैं, जिसके बाद शनिवार को बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images
28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के ईरान पर किए गए हमले के बाद पहली बार ईरानी संसद का सत्र बुलाया गया है.
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक़, ईरानी संसद के प्रवक्ता अब्बास कोदारज़ी ने घोषणा की कि युद्ध के बाद संसद की पहली बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए होगी.
कोदारज़ी ने कहा, “बैठक कल, रविवार को, घोषित उपायों का पालन करते हुए और मौजूदा हालात को देखते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए आयोजित की जाएगी."
बयान में कहा गया है कि बैठक में सांसद आर्थिक मुद्दों और जंग की वजह से ईरान के लोगों की आजीविका से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा करेंगे.
इससे पहले, ईरानी संसद का सार्वजनिक सत्र 16 फ़रवरी को आयोजित किया गया था.

इमेज स्रोत, Getty Images
एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को छत्रपति संभाजी नगर में एक प्रेस कॉन्फ़्रेस को संबंधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी एक ऐप बना रही है जिसमें महाराष्ट्र के 288 विधानसभा सीटों का रिकॉर्ड होगा.
एआईएमआईएम पार्टी के प्रमुख ओवैसी ने बताया कि इस ऐप को बनाने के पीछे एक ही मक़सद है कि जो सही वोटर्स हैं उनका नाम किसी वजह से हटा न दिया जाए.
उन्होंने कहा, “हम एक ऐसा ऐप बना रहे हैं जिसमें 2002 से 2024 तक महाराष्ट्र के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों का रिकॉर्ड मौजूद है. हमें उम्मीद है कि महाराष्ट्र में जहां-जहां हमारी पार्टी एक्टिव यूनिट्स हैं, वहां हेल्प डेस्क सेंटर बनाए जाएंगे. कई जगहों पर मैपिंग का काम पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि कुछ जगहों पर यह अभी भी बाकी है."
उन्होंने आगे कहा, "हमारी कोशिश यही है कि इसका सही ढंग से उपयोग हो. जैसा कि आप जानते हैं, बंगाल में एडजुडिकेशन लिस्ट (जांच सूची) में 27 लाख नाम शामिल थे, और उनमें 97 फ़ीसदी नाम ग़रीब मुस्लिम समुदायों से थे. इसलिए, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इस डेटा का सही उपयोग हो."
"इसमें स्पेलिंग की ग़लतियां भी हैं, जिनसे मुश्किलें पैदा होती हैं. इसीलिए, जहां-जहां एसआईआर के एआईएमआईएम के हेल्प डेस्क सेंटर बनाए जाएंगे, वहां के वोटर्स- ख़ासतौर से कमज़ोर और हाशिए पर पड़े समुदायों जैसे मुस्लिम अल्पसंख्यक, बौद्ध अल्पसंख्यक, ईसाई अल्पसंख्यक, दलित भाई-बहन, आदिवासी समुदाय और आम जनता, आकर अपने डिटेल्स की जांच कर सकेंगे. यह सुविधा सभी के लिए है."

इमेज स्रोत, ANI
ईडी ने तीसरी बार शनिवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता संजीव अरोड़ा के घर छापेमारी की. इसके बाद ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में गिरफ़्तार कर लिया.
इस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बीजेपी पंजाब से प्यार नहीं करती है. वह पंजाब से नफ़रत करती है. बीजेपी का काम करने का तरीका यह है कि वह जहां भी जाती है, सबसे पहले दंगे और झगड़े भड़काती है. बंगाल तो पहले से ही जल रहा है. लेकिन पंजाब में ध्रुवीकरण की यह कोशिश कामयाब नहीं होगी.”
उन्होंने कहा, “कभी वह ईडी, सीबीआई या आईटी को भेज देते हैं, लेकिन पंजाबियों को डराया नहीं जा सकता. अशोक मित्तल के साथ भी उन्होंने यही किया. उन्होंने ईडी को भेजा, जिसने दो दिनों तक छापेमारी की. फिर उन्होंने बीजेपी में शामिल होकर खुद को बचा लिया. फिर ईडी के उस केस का क्या हुआ?"
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ही प्रधानमंत्री मोदी के विजय रथ को रोकेगा.

इमेज स्रोत, ANI
टीएमसी सांसद सयानी घोष ने पश्चिम बंगाल की नई सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बिना भेदभाव काम करने की नसीहत दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “बंगाल के नए मुख्यमंत्री, पद की शपथ ले चुके हैं, मुझे उम्मीद है कि वो अपनी शपथ का पूरी तरह पालन करेंगे. उन्हें और उनकी सरकार को बंगाल के हर व्यक्ति की सेवा करनी चाहिए, चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या भाषा के हों. चाहे उन लोगों ने उन्हें वोट दिया हो या नहीं.”
उन्होंने लिखा, “उन्हें बंगाल के समग्र विकास और समृद्धि के अपने वादों को सच करके दिखाना होगा. हर भविष्य की नींव अतीत की ईंटों पर ही रखी जाती है. और अगर दिल में नेक इरादे न हों, तो दिखावा ज़्यादा दिन नहीं टिकता और मुखौटे उतर ही जाते हैं. बंगाल बहुत बारीकी से सब पर नज़र रखेगा.”
आज यानी शनिवार को बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को के रेड स्क्वायर में अपने सालाना विजय दिवस भाषण का इस्तेमाल यूक्रेन में युद्ध को सही ठहराने और नेटो की आलोचना करने के लिए किया.
सैकड़ों सैन्यकर्मियों और कुछ विश्व नेताओं की मौजूदगी में रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि वह एक “न्यायसंगत” युद्ध लड़ रहे हैं. उन्होंने यूक्रेन को एक आक्रामक ताक़त बताया, जिसे नेटो हथियार और समर्थन दे रहा है.
उनकी यह टिप्पणी रूस के विभिन्न हिस्सों में पहले की तुलना में शांत तरीक़े से मनाए जा रहे विजय दिवस समारोहों के बीच आई है. ये रूस का सबसे बड़ा राष्ट्रीय समारोह है, जो नाज़ी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत की याद में मनाया जाता है.
समारोह से पहले रूस और यूक्रेन तीन दिन के युद्धविराम पर सहमत हुए थे, जिसकी घोषणा शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी.
करीब दो दशकों में पहली बार मॉस्को की विजय दिवस परेड में कोई सैन्य हथियार या भारी सैन्य उपकरण शामिल नहीं किया गया.
हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी संख्या में सैन्यकर्मियों ने रेड स्क्वायर में मार्च किया.
भीड़ को संबोधित करते हुए पुतिन ने अपने भाषण की शुरुआत द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सोवियत सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए की.
उन्होंने यूक्रेन में चल रहे युद्ध का ज़िक्र करते हुए कहा, “विजेताओं की पीढ़ी के महान कार्य आज विशेष सैन्य अभियान के लक्ष्यों को पूरा कर रहे सैनिकों को प्रेरित करते हैं.”

इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
ईरान ने उन ख़बरों को ग़लत बताया है जिनमें दावा किया गया था कि ईरानी फ़ौज ने चीनी नाविकों वाले तेल टैंकर पर हमला किया है.
ईरानी न्यूज़ एजेंसी तस्नीम के मुताबिक़, चीन में ईरान के राजदूत अब्दुलरेज़ा रहमानी फ़ज़ली ने कहा, "हाल ही में विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने चीन की यात्रा की थी, इसकी अहमियत को कम करने के लिए ऐसी ख़बरें फैलाई गई हैं."
दरअसल, चीन के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को ही इस बात की पुष्टि की थी कि चीनी क्रू वाले एक तेल टैंकर पर होर्मुज़ स्ट्रेट में हमला हुआ है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि मध्य पूर्व में जारी तनाव की वजह से व्यापारिक जहाज़ों पर ख़तरा बढ़ रहा है और उसने इस पर गंभीर चिंता जताई.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि जहाज़ पर चीनी नागरिक मौजूद थे, लेकिन अब तक किसी भी क्रू सदस्य के घायल होने की ख़बर नहीं है.
गौरलतब है कि अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण होर्मुज़ स्ट्रेट बंद है. यहां पर अमेरिका ने भी नाकाबंदी कर रखी है.

इमेज स्रोत, ANI
तमिलनाडु चुनाव में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है. विजय की पार्टी 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
कांग्रेस, सीपीआई और सीपीएम ने विजय की पार्टी टीवीके को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया है, लेकिन अभी भी वह बहुमत के आंकड़े से दूर है.
तमिलनाडु की वीसीके पार्टी के पास दो सीटें हैं, लेकिन पार्टी ने अभी तक टीवीके को समर्थन देने पर फ़ैसला नहीं किया है.
पार्टी के नेता एसएस बालाजी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वह समर्थन को लेकर फ़ैसला कब करने वाले हैं.
एसएस बालाजी ने कहा, “हमारे निर्णय को लेकर कोई सवाल नहीं है. हमारी पार्टी के नेता ने साफ़ कहा है. हमारी पार्टी की एक प्रक्रिया है और कुछ औपचारिकताएं हैं, जिन्हें पूरा करना ज़रूरी है.”
“कल हमारी हाई लेवल कमिटी की मीटिंग हुई, जो रात 10 बजे तक चली. हाई लेवल कमिटी की मीटिंग के बाद पार्टी ने हमारे अध्यक्ष को निर्णय लेने का अधिकार दिया.”
“हमारे नेता ने हमें संदेश भेजा है कि ‘वो एक प्रेस रिलीज़ जारी करेंगे, जिसमें प्रेस कॉन्फ्रेंस का समय और स्थान बताया जाएगा, जहां हमारे पार्टी प्रमुख अपना फ़ैसला सुनाएंगे'.”

इमेज स्रोत, ANI
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज का दिन देश और बंगाल के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री की इच्छा थी कि नई सरकार रवींद्र जयंती के दिन अपना कार्यभार संभाले. इसलिए हम लोगों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गुरु रवींद्र को प्रणाम करते हुए और संविधान को मानते हुए शपथ ली.”
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर आधारित राजनीतिक पार्टी को किसी सर्टिफिकेशन की ज़रूरत नहीं है. मैं अब मुख्यमंत्री हूं और मैं सबका हूं. जो लोग अभी भी नतीजों पर चर्चा कर रहे हैं, उन्हें सद्बुद्धि मिले."
"बंगाल को बहुत नुक़सान पहुंचा है. शिक्षा ख़त्म हो गई है, संस्कृति नष्ट हो गई है और हम बंगाल को फिर से बनाएंगे. हमारे कंधों पर बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है. उन्हें बात करने दो, मैं तो बस आगे बढ़ूंगा."
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, FAYEZ NURELDINE/AFP via Getty Images
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) ने शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए 1.2 अरब डॉलर की लोन किस्त को मंज़ूरी दी है.
पीटीआई के मुताबिक़, यह रकम दो अलग-अलग चल रहे फाइनेंसिंग प्रोग्राम के तहत दी जाएगी.
आईएमएफ़ के कार्यकारी बोर्ड ने फ़ैसला किया है कि पाकिस्तान को 1 अरब डॉलर ईएफ़एफ़ के तहत और करीब 21 करोड़ डॉलर आरएसएफ़ के तहत दिए जाएंगे.
आईएमएफ़ ने सितंबर 2024 में फैसला किया था कि पाकिस्तान को 37 महीने की अवधि में 7 अरब डॉलर दिए जाएंगे, जो एक्स्टेंडेड फंड फेसिलिटी (ईएफ़एफ़) के तहत होंगे.
इसके अलावा, 1.4 अरब डॉलर रेसिलिएंस सस्टेनेबिलिटी फेसिलिटी (आरएसएफ़) के तहत दिए जाने का फ़ैसला हुआ था.

इमेज स्रोत, Arun Kumar/ The India Today Group via Getty Images
शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चुनाव के बाद हिंसा लोकतंत्र में अस्वीकार्य है.
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि हमने बहुत मुश्किल चुनाव लड़ा है, जिसमें करीब 30 लाख असली वोटरों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया.
अभिषेक बनर्जी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "पूरी चुनावी प्रक्रिया में हमने देखा कि कई सरकारी एजेंसियों और भारत निर्वाचन आयोग का रवैया पक्षपाती रहा. गिनती की प्रक्रिया से लेकर ईवीएम की मूवमेंट, कंट्रोल यूनिट्स की गड़बड़ी जैसी घटनाओं ने करोड़ों लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या जनता का असली फ़ैसला माना गया है."
उन्होंने लिखा, "मैंने पहले ही मांग की है कि मतगणना केंद्रों की सीसीटीवी फ़ुटेज जारी की जाए और वीवीपैट स्लिप्स की गिनती हो, ताकि सच्चाई सामने आए और हर शक दूर हो."
"चुनाव बाद हिंसा, पार्टी दफ़्तरों पर हमले, हमारे कार्यकर्ताओं को डराना और समर्थकों को धमकाना बहुत चिंताजनक और लोकतंत्र में अस्वीकार्य है. कई समर्पित तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर निशाना साधा गया और उन्हें अपने घर छोड़ने पड़े. लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता को अपनी सुरक्षा और राजनीतिक विचारों में से किसी एक को चुनने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए."
अभिषेक बनर्जी ने आगे लिखा, "हम दिल्ली और पश्चिम बंगाल दोनों जगह मज़बूत, मुखर और बिना समझौते वाला विपक्ष बने रहेंगे. ममता बनर्जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी लड़ाई लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और जनता के अधिकार व सम्मान के लिए बिना डर और बिना समझौते के जारी रहेगी."
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 207 और तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं. तीन बार लगातार शासन में रही टीएमसी सत्ता से बाहर हो गई, जबकि बीजेपी पहली बार इस पश्चिम बंगाल में सत्ता में आई है.

इमेज स्रोत, Facebook/@SanjeevAroraPB
पंजाब सरकार मे कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रेड की है.
पीटीआई के मुताबिक़, उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े कुछ लोगों के ख़िलाफ़ मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच में यह छापा पड़ा है.
अधिकारियों ने पीटीआई को बताया कि संजीव अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित सरकारी घर भी उन पांच जगहों में शामिल है, जहां छापे मारे गए.
रेड में दिल्ली और गुरुग्राम (हरियाणा) के भी कई ठिकाने हैं, इनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नाम की कंपनी का दफ़्तर भी शामिल है.
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने क्या कहा?
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज़ ईडी की रेड करना शुरू कर दिया है. पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाबियों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है."
उन्होंने लिखा, "कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई. वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहाँ फिर से रेड करवा दी."
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, "आज फिर से बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है. एक साल में ये तीसरी बार उनके घर बीजेपी की ईडी आई है. पिछले एक महीने में दूसरी बार. फिर भी कुछ नहीं मिला है."
उन्होंने आगे लिखा, "ईडी-बीजेपी के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा."
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Reuters
तमिलनाडु में आज वीसीके पार्टी टीवीके चीफ़ जोसेफ़ विजय को समर्थन देने पर अंतिम फ़ैसला ले सकती है.
वीसीके के प्रमुख थोल थिरुमावलवन पहले ही कह चुके हैं कि उनकी पार्टी का फ़ैसला वामपंथी पार्टियों के फ़ैसले के साथ होगा. वामपंथी पार्टियां पहले ही टीवीके को समर्थन दे चुकी हैं.
दरअसल, टीवीके को वीसीके का समर्थन इसलिए चाहिए क्योंकि बहुमत पाने के लिए उसे दो और विधायकों की ज़रूरत है. 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है.
टीवीके के पास अपने 108 विधायक हैं. इसके अलावा, कांग्रेस के 5 विधायक, सीपीआई के 2 और सीपीएम के 2 विधायकों का समर्थन मिल चुका है.
विजय को कांग्रेस और वाम दलों का समर्थन इस शर्त पर मिला है कि बीजेपी का कोई सहयोगी दल टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल नहीं होगा. इसका मतलब है कि पीएमके के चार विधायकों के टीवीके के साथ आने की संभावना ख़त्म गई है.
टीवीके नेता विजय ने शुक्रवार शाम राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर से मुलाक़ात कर 116 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा था.
वीसीके के सांसद और महासचिव डी रविकुमार ने बीबीसी हिंदी से कहा, "कल शाम हमारी ऑनलाइन बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि हमारे नेता को उप मुख्यमंत्री का पद मिलना चाहिए. हम वाम दलों की तरह बाहर से समर्थन नहीं देना चाहते. किसी ज़िम्मेदारी के बग़ैर सिर्फ समर्थन देना एक असफ़ल तरीका है."
इसके अलावा, वीसीके को चिदंबरम लोकसभा सीट भी चाहिए, जहां से थोल थिरुमावलवन सांसद हैं. साथ ही थिरुमावलवन को तिरुची ईस्ट विधानसभा सीट भी चाहिए, जहां से विजय के इस्तीफ़ा देने की संभावना है.
विजय दो सीटों से विधानसभा चुनाव जीते हैं, संभावना है कि वह तिरुची ईस्ट सीट छोड़ सकते हैं.
डी रविकुमार ने कहा, “हम जल्दबाज़ी में फ़ैसला नहीं ले रहे हैं. हमारे पास फ़ैसला करने के लिए दोपहर 2 बजे तक का समय है. अगर हम समर्थन पत्र दे देते हैं तो राज्यपाल निश्चित रूप से शपथ ग्रहण समारोह के लिए बुलाएंगे.”
समर्थन देने के विषय पर पार्टियों को आज ही फ़ैसला लेना होगा, क्योंकि कल विधानसभा का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है.
अगर टीवीके आज वीसीके की मांगों पर फ़ैसला नहीं कर पाती है तो राज्यपाल दो औपचारिक क़दम उठा सकते हैं.
पहला, कल विधानसभा का कार्यकाल औपचारिक रूप से ख़त्म करना. दूसरा, वो राज्य में राष्ट्रपति शासन की सिफ़ारिश भी कर सकते हैं.