यूक्रेन की राजधानी पर एक ही हफ़्ते में रूस का दूसरा बड़ा हमला, 11 लोगों की मौत, सराह रेन्सफोर्ड, पूर्वी यूरोप संवाददाता, कीएव और हैरी सेकुलिच

इमेज स्रोत, Reuters
यूक्रेन की राजधानी कीएव पर एक सप्ताह के भीतर हुए रूसी हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है.
शहर के शीर्ष सैन्य प्रशासक तिमूर तकाचेंको ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 46 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं.
वहीं, कीएव क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी तीन लोगों की मौत हुई है. आपातकालीन अधिकारियों के मुताबिक़, बचाव अभियान 20 से अधिक स्थानों पर जारी है.
उन्होंने बताया कि शहर के दो ज़िलों में ऊंची आवासीय इमारतें भी हमले की चपेट में आई हैं.
ये हमले तुर्की में होने वाले नेटो शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले हुए हैं, जहां यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होने की उम्मीद है.
ताज़ा हमलों से कुछ घंटे पहले ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी थी कि रूस कीएव पर दूसरा 'बड़ा हमला' करने की तैयारी कर रहा है. बीते गुरुवार को हुए रूसी हमलों में 30 लोगों की मौत हुई थी.
कीएव के लोगों के लिए यह एक और डरावनी रात रही. शहर में लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं. हमलों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भूमिगत शरणस्थलों में जाकर शरण ली.


























