राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने बीजेडी से दिया इस्तीफ़ा, बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर ये कहा, संदीप साहू, भुवनेश्वर से बीबीसी हिन्दी के लिए
ओडिशा से राज्यसभा के सदस्य देबाशीष सामंतराय ने बीजू जनता दल (बीजेडी) से इस्तीफ़ा दे दिया है.
उन्होंने उप राष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन से मिलकर राज्यसभा से भी इस्तीफ़ा दे दिया है. इसके साथ हीं राज्यसभा में बीजेडी सदस्यों की संख्या घटकर अब पाँच रह गई है.
पूर्व सीएम नवीन पटनायक को भेजे गए अपने इस्तीफ़े में सामंतराय ने लिखा, "पिछले एक वर्ष से दल में मेरी लगातार अनदेखी हो रही है और मुझे लगता है कि पार्टी को अब मेरी कोई ज़रूरत नहीं रही."
देबाशीष सामंतराय के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
इस्तीफ़ा देने के बाद बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं इस दिशा में सोच रहा हूं और बीजेपी नेतृत्व के साथ इस बारे में बातचीत हो रही है. एक राष्ट्रीय दल में काम करने का पर्याप्त मौक़ा मिलेगा. वैसे भी बीजेडी में अब मेरा कोई भविष्य नहीं रहा."
गौरतलब है कि सामंतराय से पहले राज्यसभा सदस्य ममता महंत और सुजीत कुमार ने भी बीजेडी छोड़ दी थी. इसके बाद वो बीजेपी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.