अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पहले ब्लैक स्पीकर बन सकते हैं हकीम जेफ़्रीज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने आधिकारिक तौर पर हकीम जेफ़्रीज़ को स्पीकर पद के लिए नामित कर दिया है
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने आधिकारिक तौर पर हकीम जेफ़्रीज़ को स्पीकर पद के लिए नामित कर दिया है.
इससे उनके प्रतिनिधि सभा का नेतृत्व करने वाले पहले काले सांसद बनने का रास्ता साफ़ हो गया है.
3 जनवरी को नया कार्यकाल शुरू होने पर प्रतिनिधि सभा अपने नए स्पीकर का चुनाव करेगी. उस समय प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के पास बहुमत होगा.
बुधवार तक के आंकड़ों के अनुसार, अगले साल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स के पास कम से कम 257 सीटें होंगी. हालांकि सात सीटों के नतीजे अभी आना बाकी हैं.
इस प्रभावशाली पद पर हकीम जेफ़्रीज़ का चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. उपराष्ट्रपति के बाद स्पीकर राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार क्रम में शामिल होता है.
बुधवार को बंद कमरे में हुए मतदान में जेफ़्रीज़ को 251 के मुक़ाबले 11 वोटों से दोबारा पार्टी नेता चुना गया.
वह 2023 से प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के अल्पमत नेता के रूप में काम कर रहे हैं.
भारी समर्थन मिलने के बावजूद, पार्टी के वामपंथी धड़े के कुछ सदस्यों ने उनका समर्थन नहीं किया.
इराक़ी सरकार और कताइब हिज़बुल्लाह के बीच जुर्फ़ अल-नस्र को लेकर समझौता, बीबीसी पर्शियन
इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, बाबिल प्रांत का जुर्फ़ नस्र इलाक़ा लगभग 12 वर्षों से कताइब हिज़बुल्लाह के नियंत्रण में है
बीबीसी पर्शियन को पता चला है कि इराक़ी सरकार और कताइब हिज़बुल्लाह समूह के बीच लंबी बातचीत के बाद बाबिल प्रांत के जुर्फ़ नस्र इलाक़े से समूह की वापसी पर समझौता हो गया है.
समझौते के तहत हिज़बुल्लाह को एक महीने के भीतर वहां से हटना होगा.
इराक़ की प्रमुख शिया पार्टियों के गठबंधन के मंच कोऑर्डिनेशन काउंसिल के जानकार सूत्रों ने बीबीसी की वरिष्ठ मध्य पूर्व संवाददाता नफ़ीसा कोहनवर्द को बताया कि एक महीने की यह अवधि कल से शुरू हो चुकी है.
इन सूत्रों के मुताबिक़, आईआरजीसी की क़ुद्स फ़ोर्स के कमांडर इस्माइल क़ानी के साथ हुई बातचीत ने इस समझौते में "महत्वपूर्ण भूमिका" निभाई.
हाल के दिनों में इराक़ी सरकार ने एक जांच के नतीजे घोषित किए थे. इनमें जुर्फ़ नस्र इलाक़े से ईंधन की तस्करी होने की बात कही गई थी और इसके लिए कताइब हिज़बुल्लाह को ज़िम्मेदार ठहराया गया था. समूह ने इन आरोपों से इनकार किया है.
हालांकि, इराक़ी प्रधानमंत्री ने संघीय पुलिस और पॉप्युलर मोबिलाइज़ेशन फ़ोर्सेज़ के कुछ हिस्सों समेत सरकारी बलों को उस इलाक़े में भेजने का आदेश दिया था. साथ ही वहां आने-जाने वाले रास्तों की घेराबंदी भी कर दी गई थी.
बाबिल प्रांत का जुर्फ़ नस्र इलाक़ा, जिसे आईएसआईएस से दोबारा नियंत्रण में लेने से पहले जुर्फ़ सख़्र के नाम से जाना जाता था, लगभग 12 वर्षों से कताइब हिज़बुल्लाह के नियंत्रण में है.
इन वर्षों के दौरान इस समूह की अनुमति के बिना किसी अन्य बल को वहां प्रवेश करने का अधिकार नहीं था.
विदेशी नागरिकों पर जुर्माना लगाएगा ईरान, संसद में इस प्रस्ताव को मिली मंज़ूरी
इमेज स्रोत, Hamed Malekpour / Middle East Images / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़
ईरानी संसद ने देश के सुरक्षा हितों का उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिकों पर 5,000 से 10,000 यूरो तक जुर्माना लगाने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरानी संसद में "विदेशी प्रभाव का मुक़ाबला करने की योजना" की समीक्षा जारी रखते हुए एक प्रस्ताव पारित हुआ.
इसके तहत ईरानी संसद के सदस्यों ने कहा कि विदेशी नागरिकों पर 5,000 से 10,000 यूरो तक जुर्माना लगाने का प्रस्ताव स्वीकार किया है.
यह जुर्माना उन लोगों पर लगाया जाएगा जो "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के सुरक्षा या राष्ट्रीय हितों के ख़िलाफ़ कार्रवाई" करते हैं.
विधेयक के इस अनुच्छेद को 176 उपस्थित सांसदों में से 155 के समर्थन, 19 के विरोध और दो के तटस्थ रहने के साथ मंज़ूरी मिली.
ग़ौरतलब है कि तीन दिन पहले सांसदों ने "विदेशी एजेंटों से जुड़े फ़ारसी भाषा के सैटेलाइट नेटवर्क और मीडिया संस्थानों के साथ वित्तीय, व्यावसायिक, तकनीकी और प्रचार संबंधी सहयोग" पर सज़ा देने के प्रस्ताव को भी मंज़ूरी दी थी.
इस सज़ा में छह महीने से पाँच साल तक सामुदायिक सेवा से वंचित किया जाना और तीसरे दर्जे का जुर्माना शामिल है.
इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी संसद (फ़ाइल फ़ोटो)
अपराध की सज़ा के साथ जुर्माना भी लगेगा
ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, संसद सदस्यों ने बुधवार को विधेयक के अनुच्छेद 15 में संशोधन पर सहमति जताई और इसे इस रूप में मंज़ूरी दी-
"कोई भी विदेशी नागरिक जो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान की सुरक्षा या राष्ट्रीय हितों के ख़िलाफ़ कोई काम करता है, या इस क़ानून के तहत आने वाले किसी अपराध में शामिल पाया जाता है, उसे उस अपराध के लिए तय सज़ा के अलावा जुर्माना भी देना होगा. यह जुर्माना 5,000 यूरो से 10,000 यूरो के बराबर होगा. इसके साथ ही उस पर इस क़ानून या अन्य क़ानूनों के तहत लागू कानूनी प्रतिबंध भी लागू होंगे."
एमपी: होटल में एक जोड़े को धमकाने के मामले में 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड, सीएम ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मोहन यादव ने इस वायरल वीडियो के मामले में एक्स पर पोस्ट करके प्रतिक्रिया दी
मध्य प्रदेश के सिवनी में वयस्क जोड़ों को होटल में धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर जानकारी दी है कि सिवनी के वायरल वीडियो में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने पर एएसपी, एसडीओपी सहित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
साथ ही इस मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं.
बता दें कि सिवनी जिले के एक होटल के सीसीटीवी कैमरा की फुटेज वायरल होने के बाद जिले के एएसपी समेत कई पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए.
वायरल वीडियो में बर्दी पहने पुलिसकर्मी वयस्क जोड़े पर घर फ़ोन लगाने का दवाब बनाते हैं. और फिर उनमें से एक पुलिसकर्मी अपने सहकर्मी की ओर इशारा करते हुए कहते हैं- "जाओ इनके बैग में गांजा रख दो, इनकी जिंदगी अच्छी हो जाएगी."
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम ज़मानत के बाद जेल से रिहा हुए आज़म ख़ान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आज़म ख़ान एक नवंबर से न्यायिक हिरासत में डासना जेल में बंद थे (फ़ाइल फ़ोटो)
मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम ज़मानत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान बुधवार को गाज़ियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए.
रिहाई की सूचना मिलने पर उनके बेटे अब्दुल्लाह आज़म ख़ान और मोहम्मद अराफ़ात ख़ान डासना जेल पहुंचे.
औपचारिकताओं के तहत बेल बॉन्ड भरे जाने के बाद आज़म ख़ान जेल से बाहर आए और रामपुर के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उनके समर्थकों की भी बड़ी संख्या वहां मौजूद रही.
गौरतलब है कि आज़म ख़ान एक नवंबर से न्यायिक हिरासत में डासना जेल में बंद थे. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को ईडी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज़म ख़ान को अंतरिम ज़मानत दी थी.
हाईकोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने 10 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अंतरिम ज़मानत देने का आदेश दिया था.
बेटा बोला- 'टाइगर इज़ बैक..'
पिता की रिहाई के समय जेल पहुंचे अब्दुल्लाह आज़म ख़ान ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आज यहां जुटे उनके सभी शुभचिंतकों के लिए बेहद ख़ुशी का दिन है. यह उन लोगों का जमावड़ा है जो वास्तव में उनका बहुत सम्मान करते हैं. टाइगर इज़ बैक."
जब उनसे आज़म ख़ान की आगे की रणनीति के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "आगे उनकी क्या रणनीति रहेगी, यह वह ख़ुद ही मीडिया को बेहतर बता पाएंगे."
उधर, समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज़म ख़ान को मिली अंतरिम ज़मानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष मामले का उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की थी. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को गुरुवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
रूसी मीडिया ने पुतिन, ट्रंप और शी की गर्मजोशी को कहा- ऐतिहासिक हैंडशेक, लिज़ा फ़ोख़्त, संवाददाता, बीबीसी रूसी
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, एपेक शिखर सम्मेलन के इतर शेनझेन में यह मुलाक़ात हुई
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की साथ मौजूदगी को रूसी मीडिया बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि के तौर पर पेश कर रहा है.
एपेक शिखर सम्मेलन के इतर शेनझेन में यह मुलाक़ात हुई, जिसका एक वीडियो क्रेमलिन की ओर से जारी किया गया.
कुछ रूसी मीडिया संस्थानों ने इसे दिन की सबसे अहम तस्वीर बताया है, जबकि एक सरकारी समाचार एजेंसी ने इस दृश्य को "ऐतिहासिक हैंडशेक" का नाम दिया है.
बीबीसी रूसी की पत्रकार लिज़ा फ़ोख़्त के मुताबिक़, यह वही तस्वीर है जिसे क्रेमलिन दुनिया के सामने रखना चाहता था.
रूस दुनिया की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल नहीं है, लेकिन इस मंच पर पुतिन ख़ुद को शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के बराबर की वैश्विक ताक़त के नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.
रूस इस मौके के ज़रिए यह संदेश देना चाहता है कि यूक्रेन युद्ध के बाद उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की पश्चिमी कोशिशें सफल नहीं हुई हैं.
मॉस्को दिखाना चाहता है कि वह अब भी वैश्विक राजनीति के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल है.
विश्लेषकों का मानना है कि शी, पुतिन और ट्रंप के बीच होने वाली बैठक से कोई बड़ा व्यावहारिक नतीजा निकलना मुश्किल है. लेकिन रूस के लिए प्रतीकात्मक महत्व कहीं ज़्यादा है.
इस मंच पर पुतिन की मौजूदगी और दुनिया भर के मीडिया का ध्यान क्रेमलिन को यह मौका देता है कि वह ख़ुद को एक ऐसी शक्ति के रूप में पेश करे जिसकी वैश्विक भूमिका अब भी बरक़रार है.
कार्टून: रहने ही दो
इमेज कैप्शन, अर्थव्यस्था को लेकर अमेरिका में राहुल गाँधी के बयान पर आज का कार्टून
शी की मौजूदगी में पुतिन और ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाक़ात, कल होगी त्रिपक्षीय बैठक
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, रूस के क्रेमलिन ने टेलीग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप एक साथ दिखाई दिए
चीन के शेनझेन में बुधवार की रात होने वाले गाला डिनर से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गर्मजोशी भरी मुलाक़ात देखने को मिली.
दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी में हाथ मिलाया और एक-दूसरे का अभिवादन किया.
यूरोप संवाददाता लॉरा गोज़ी के मुताबिक़, क्रेमलिन की ओर से टेलीग्राम पर जारी एक वीडियो में पुतिन, ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग रेड कार्पेट पर साथ दिखाई देते हैं.
वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते हैं. इसके बाद दोनों नेता एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर भी अभिवादन करते हैं.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, वीडियो में ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी खड़े नज़र आते हैं. तभी पुतिन वहां पहुंचते हैं और ट्रंप से हाथ मिलाते नज़र आते हैं
अगस्त 2025 में अलास्का में हुई रूस-अमेरिका शिखर बैठक के बाद यह ट्रंप और पुतिन की पहली आमने-सामने की मुलाक़ात है. ऐसे में इस मुलाक़ात को कूटनीतिक लिहाज़ से अहम माना जा रहा है.
कल दोपहर शी जिनपिंग, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय शिखर बैठक भी प्रस्तावित है. यह पहली बार होगा जब तीनों नेता एक साथ औपचारिक बैठक करेंगे.
इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ यात्रा कर रहीं बीबीसी की अमेरिका संवाददाता नादा तौफ़ीक का कहना है कि एशिया दौरे के दौरान ट्रंप को मिले स्वागत से वह काफ़ी संतुष्ट दिखाई दिए हैं.
उनके अनुसार, मनीला से लेकर शेनझेन तक लगभग हर पड़ाव पर ट्रंप के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और मेज़बान देशों के नेताओं ने उन्हें ख़ास महसूस कराने की कोशिश की.
हालांकि, उनके मुताबिक़ कई नेता निजी तौर पर इस बात पर भी नज़र रखे हुए हैं कि दो साल के बाद जब ट्रंप अमेरिका में राष्ट्रपति पद से हटेंगे तो अमेरिका की राजनीति किस दिशा में जाएगी.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, एपेक सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं की सामूहिक तस्वीर जारी की गई
झारखंड: एनटीपीसी टंडवा प्रोजेक्ट में हादसा, तीन मजदूरों की मौत, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज कैप्शन, एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना के कार्य के दौरान यह घटना हुई
झारखंड में स्थित एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना में टेकअप ट्रॉली गिरने से वहां काम कर रहे तीन मज़दूरों की मौत हो गई.
यह हादसा राज्य के चतरा ज़िले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी की एक्सटर्नल सीएचपी परियोजना के परिसर में हुआ.
हादसे में हुईं इन मौतों की पुष्टि चतरा ज़िला के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से की है.
उन्होंने बताया कि "परियोजना में कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर हुए इस हादसे में तीन मज़दूरों की मौके पर मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल एक मज़दूर अस्पताल में इलाजरत है."
इमेज कैप्शन, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि राहत कार्य जारी है
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को आगे बताया कि “राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है. साथ ही ये भी कोशिश की जा रही है कि अगर कोई और मजदूर फंसा हो तो उसे तुरंत रेस्क्यू किया जा सके.”
इस प्लांट में निर्माण कार्य सिम्पलेक्स नाम की कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था. इसी दौरान ये हादसा हुआ है.
हादसे के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से शोक व्यक्त किया है और ज़िला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है.
सैंडपेपर कांड पर बैनक्रॉफ़्ट के दावे से कप्तान कमिंस पर पड़ सकता है दबाव, स्टीफ़न शेमिल्ट, क्रिकेट संवाददाता, बीबीसी स्पोटर्स
इमेज स्रोत, Josh Chadwick/Getty Images
इमेज कैप्शन, कैमरन बैनक्रॉफ़्ट
कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने दावा किया है कि 2018 के सैंडपेपर कांड की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.
उनके इस विस्फोटक दावे से मौजूदा कप्तान पैट कमिंस पर दबाव बढ़ सकता है.
वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में प्रकाशित अपने विस्तृत बयान में बल्लेबाज़ बैनक्रॉफ़्ट ने केपटाउन में आठ साल पहले हुई घटनाओं का शायद अब तक का सबसे बड़ा ब्यौरा दिया है.
दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के दौरान सैंडपेपर के साथ पकड़े गए खिलाड़ी वही बैनक्रॉफ़्ट थे.
बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई थी. मैंने भी कभी पूरी ईमानदारी से नहीं बताया कि क्या हुआ था."
पिछले दो हफ़्तों से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फिर से बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर बहस में घिरा हुआ है. इसकी वजह उस्मान ख़्वाजा की आत्मकथा का प्रकाशित होना है.
ख़्वाजा ने अपनी किताब में लिखा कि इस योजना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. डेविड वॉर्नर और चाड सेयर्स ने भी इस दावे का समर्थन किया. वहीं कमिंस ने ख़्वाजा के बयान को "ग़लत" और "बकवास" बताया.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कैमरन बैनक्रॉफ़्ट और स्टीव स्मिथ को सैंडपेपर कांड में अपनी भूमिका के लिए प्रतिबंधित किया गया था
'मेरे साथ विश्वासघात हुआ, कमिंस समेत पूरी टीम जानती थी'
जिस दिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सैंडपेपर प्रकरण की समीक्षा के लिए एक फ़ोरम बनाने की घोषणा की, उसी दिन बैनक्रॉफ़्ट ने अपना बयान प्रकाशित किया. उन्होंने कहा कि ऐसा करने की बड़ी वजह कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी.
बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "मेरे लिए यह बयान लिखने की आख़िरी वजह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी."
"इससे मुझे ग़ुस्सा आया. मुझे लगा कि मेरे साथ विश्वासघात हुआ है और मैं अकेला छोड़ दिया गया हूं."
"मैंने जो देखा, जो अनुभव किया और जिसके साथ जिया, वह सिर्फ़ कमिंस ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर मौजूद सभी लोगों ने भी देखा था. लेकिन उनकी प्रेस कॉन्फ़्रेंस और पिछले वर्षों में दिए गए बयानों में उस दौर की जो तस्वीर पेश की गई, वह मेरे अनुभव से मेल नहीं खाती."
ट्रंप की अगवानी के लिए ख़ुद हवाई अड्डे पहुंचे शी जिनपिंग, क्यों है यह अहम?, चीन के शेनझेन से बीबीसी संवाददाता लॉरा बिकर का विश्लेषण
इमेज स्रोत, Win McNamee/Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन के शेनझेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने खुद राष्ट्रपति शी पहुंचे
यह सिर्फ़ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ओर से हवाई अड्डे पर किया गया औपचारिक स्वागत नहीं है. बल्कि बहुत सोच-समझकर तैयार किया गया एक कूटनीतिक पल है.
माना जा रहा है कि राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने पहली बार किसी विदेशी नेता का हवाई अड्डे पर जाकर स्वागत किया है.
सबसे पहले तो वह वही कर रहे हैं जो राष्ट्रपति ट्रंप ने किया था. इसी साल अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप ख़ुद वॉशिंगटन के हवाई अड्डे पर शी जिनपिंग का स्वागत करने पहुंचे थे. अब चीनी नेता उसी शिष्टाचार का जवाब दे रहे हैं.
लेकिन शी जिनपिंग यह भी जानते हैं कि ट्रंप व्यक्तिगत सम्मान, औपचारिकता और हैसियत को काफ़ी महत्व देते हैं.
इस ज़िम्मेदारी को किसी और को न सौंपकर चीनी राष्ट्रपति ट्रंप का विशेष सम्मान कर रहे हैं. वह ख़ुद स्वागत करके उन्हें यह महसूस करा रहे हैं कि वे उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं.
शी जिनपिंग को उम्मीद हो सकती है कि सद्भावना का यह संकेत व्यापार, ताइवान और तकनीक जैसे मुद्दों पर होने वाली बातचीत को आसान बनाएगा.
वह बिना अपनी प्रतिष्ठा को नुक़सान पहुंचाए ऐसा कर सकते हैं. इसकी वजह यह है कि ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन के बीच होने वाले इस अभूतपूर्व शिखर सम्मेलन की पूरी रूपरेखा और व्यवस्थाएं पहले से ही चीन के नियंत्रण में हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के चीन पहुंचने पर राष्ट्रपति शी ने लगाया गले, तस्वीरें देखिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति का एयर फ़ोर्स वन विमान चीन के शेनझेन बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लाल कालीन बिछाकर रनवे पर ट्रंप का स्वागत किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, चीन के शेनझेन में ट्रंप की झलक पाने के लिए मौजूद स्थानीय लोग
एलपीजी ले जा रहे यूएई के एक जहाज़ पर हमला, ईरान पर लगा ये आरोप
इमेज स्रोत, Nicolas Koutsokostas/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में उसके एक जहाज़ पर हुए हमले में एक क्रू सदस्य लापता हो गया और 11 अन्य घायल हो गए हैं.
यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी की सरकारी स्वामित्व वाली प्रमुख राष्ट्रीय तेल और ऊर्जा कंपनी है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने इसे ईरानी हमला बताया है.
कंपनी ने कहा कि जहाज़ पर मौजूद बाकी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.
अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी ने लापता क्रू सदस्य के बारे में कहा, "संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर तलाश और बचाव अभियान चलाया जा रहा है."
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने समुद्री सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार को एक प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद एलपीजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) ले जा रहे एक टैंकर के क्रू ने जहाज़ छोड़ दिया.
ग़ौरतलब है कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) और नौसेना ने मंगलवार को घोषणा की थी कि एलपीजी ले जा रहे एक जहाज़ और दो तेल टैंकरों में होर्मुज़ स्ट्रेट में आग लग गई थी.
अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
बांग्लादेश के गोपालगंज में जले वाहन और दुकानों में तोड़फोड़ बीबीसी संवाददाता को क्या दिखा?
इमेज स्रोत, BBC/ABUL KALAM AZAD
इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों ने सैन्यबलों की गाड़ियों को जला दिया
बांग्लादेश के गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को भी तनाव बना रहा.
तुंगीपारा इलाके में प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कें बंद कर रखी हैं.
मौके पर पहुंचे बीबीसी बांग्ला के संवाददाता अबुल कलाम आज़ाद के मुताबिक़, मौजूदा समय में तुंगीपारा सबसे ज़्यादा प्रभावित है.
उन्होंने बताया कि गोपालगंज शहर से तुंगीपारा होते हुए पिरोजपुर जाने वाली सड़क पर कई जगह पेड़ों के तने डाले गए हैं और टायर जलाए गए हैं.
इमेज स्रोत, BBC/ABUL KALAM AZAD
इमेज कैप्शन, गोपालगंज में प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया
अबुल कलाम आज़ाद आगे बताते हैं कि, ''अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता नीलफा बाज़ार इलाक़े में डेरा डाले हुए हैं. वहां माइक्रोफ़ोन पर शेख़ मुजीबुर रहमान का सात मार्च का भाषण चलाया जा रहा है.''
बीबीसी बांग्ला के संवाददाता के मुताबिक, मंगलवार रात नीलफा बाज़ार में कई दुकानों में तोड़फोड़ और आगज़नी हुई थी, जिसके निशान अब भी दिखाई दे रहे हैं.
बीबीसी संवाददाता ने गोपालगंज से तुंगीपारा जाने वाली सड़क पर अलग-अलग जगह सुरक्षा एजेंसियों के कम से कम चार जले हुए वाहनों के अवशेष भी देखे.
हालांकि, आज़ाद ने बताया कि बुधवार सुबह से गोपालगंज शहर में स्थिति काफ़ी हद तक सामान्य है. सुरक्षा एजेंसियों के सदस्यों ने हालात पर चर्चा के लिए बैठक भी की है.
अमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था वाले बयान पर बीजेपी ने राहुल से पूछा ये सवाल?
इमेज स्रोत, x.com/INCIndia
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने अमेरिका में बेरोज़गारी और भारत की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि देश बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारत में बेरोज़गारी, कमज़ोर पड़े मैन्युफ़ैक्चरिंग सेक्टर और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का ज़िक्र किया.
बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को दुष्प्रचार और भारत को बदनाम करने की कोशिश बताया है.
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत के आर्थिक मॉडल ने क़रीब एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था. उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा आर्थिक रास्ते पर चलते रहने से देश गंभीर मुश्किलों में पड़ सकता है.
उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी सरकारी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये अर्थव्यवस्था की कमज़ोर पड़ी बुनियाद को मज़बूत करने में नाकाम रही हैं.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया.
गौरव भाटिया ने कहा कि भारत का लोकतंत्र स्थिर और अर्थव्यवस्था मज़बूत है. उन्होंने राहुल गांधी के बयानों को ''झूठ और दुष्प्रचार से भरा'' बताते हुए आरोप लगाया कि इनमें तथ्यों पर आधारित रिसर्च नहीं है.
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसा मॉडल अपनाकर भारत को अस्थिर करना चाहते हैं.
भाटिया ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए उन्हें ''ग़ैरज़िम्मेदार'' और ''भारत विरोधी'' बताया.
आठ साल पुराने गेंद से छेड़छाड़ विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फ़ैसला
इमेज स्रोत, Darrian Traynor/Getty Images
इमेज कैप्शन, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक़, ‘सैंडपेपरगेट’ से जुड़े लोगों को बात रखने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ़ को अपना पक्ष रखने का मौक़ा देने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है.
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह मामले की दोबारा जांच नहीं है और न ही इसका मक़सद किसी को सज़ा देना है. इसमें शामिल होना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा.
यह क़दम पूर्व खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा के उस दावे के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 2018 की टेस्ट सिरीज़ में गेंद से छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "यह पता चला है कि उस समय कुछ खिलाड़ियों की बात नहीं सुनी गई थी. अब उन्हें बिना किसी फ़ैसले या सज़ा के डर के अपनी बात रखने का मौक़ा मिलेगा."
2018 के इस विवाद के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बल्लेबाज़ कैमरन बैनक्रॉफ़्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे.
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में पाया गया था कि टीम के गेंदबाज़ों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी नहीं थी.
केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ी में पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, नेथन लायन और मिचेल स्टार्क शामिल थे.
इन चारों ने 2021 में एक साझा बयान में कहा था कि उन्हें मैदान पर कोई बाहरी चीज ले जाए जाने की जानकारी नहीं थी.
पिछले हफ़्ते एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कमिंस ने ख़्वाजा के दावे को "100 फ़ीसदी ग़लत" बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि ख़्वाजा ने उनकी ज़िंदगी और प्रतिष्ठा को लेकर लापरवाही से बात की है.
आज़म ख़ान की अंतरिम ज़मानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
इमेज स्रोत, Sakib Ali/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, आज़म ख़ान की अंतरिम जमानत को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज़म ख़ान को मिली अंतरिम ज़मानत के ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है.
समाचार एजेंसी एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के सामने मामला उठाते हुए उसी दिन सुनवाई की मांग की थी. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को कल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर लिया है
आपको बता दें कि, आज़म ख़ान को ईडी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से मंगलवार को अंतरिम ज़मानत मिली थी.
हाईकोर्ट की दो जजों की बेंच ने 10 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अंतरिम ज़मानत देने का आदेश दिया था.
जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने आज़म ख़ान की गिरफ़्तारी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे.
कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत तय अनिवार्य प्रक्रिया का ईडी ने सख़्ती से पालन नहीं किया.
आज़म ख़ान की ओर से अदालत में दलील दी गई कि गिरफ़्तारी के समय उन्हें लिखित रूप में गिरफ़्तारी के आधार नहीं बताए गए और न ही रिमांड पर पेश किए जाने से पहले ये दस्तावेज़ दिए गए.
ईडी का कहना था कि अधिकारियों ने उन्हें दस्तावेज़ देने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने लेने से इनकार कर दिया था.
इससे पहले आज़म ख़ान को बर्थ सर्टिफिकेट मामले में भी राहत मिली थी. आज़म ख़ान के वकील नासिर सुल्तान के मुताबिक़, "इस मामले में उनकी सज़ा पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी."
"हाईकोर्ट के इस आदेश को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान के संबंध में सरकार की अपील ख़ारिज कर दी. बर्थ सर्टिफिकेट मामले में दोषसिद्धि (कन्विक्शन) पर रोक की राहत आज़म ख़ान को मिली थी, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म और पत्नी डॉ. तज़ीन फ़ातिमा को यह राहत नहीं मिली थी."