सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने आंदोलन के वॉलंटियर जुनैद को लेकर क्या बताया

इमेज स्रोत, Dilnawaz pasaha
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने आंदोलन से जुड़े वॉलंटियर जुनैद के परिवार केख़िलाफ़ गैरकानूनी पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया है.
सीजेपी ने दावा किया है कि जुनैद के परिजनों को हिरासत में लिया गया है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है.
जुनैद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों तक खाना और पानी पहुंचाने का काम कर रहे थे. सीजेपी का आरोप है कि उनके परिवार के सदस्यों के ख़िलाफ़ पुलिस कार्रवाई की गई है.
मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यूपी पुलिस की ओर से जुनैद भाई के ख़िलाफ़ की गई गैरकानूनी पुलिस कार्रवाई की हम निंदा करते हैं. हम पहले दिन से ही उनके लगातार संपर्क में हैं और उन्हें हर जरूरी मदद दे रहे हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "हम यूपी पुलिस से अपील करते हैं कि वह जुनैद के परिवार के ख़िलाफ़ इस गैरकानूनी, मनमानी और अमानवीय कार्रवाई को रोके और उन्हें तुरंत रिहा करे."
इससे पहले जुनैद ने एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि पुलिस उनके घर पहुंची और उनके पिता को अपने साथ ले गई.
जुनैद ने यह भी आरोप लगाया, "पुलिस मेरठ में मेरी बहन के ससुराल भी पहुंची. पुलिस ने मेरी बहन के ससुर और देवर को उठा लिया. मेरे भाई, बहन और माता-पिता की पासबुक और आधार कार्ड जब्त कर लिए."
उन्होंने कहा "पुलिस मेरे घरवालों से कह रही है कि उसको (जुनैद) यहां लाकर दो, हम आपको छोड़ देंगे."
फिलहाल, यूपी पुलिस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.















