लाइव, ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने सुप्रीम लीडर मोजतबा से हुई मुलाक़ात के बारे में क्या बताया?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने दावा किया है कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने सुप्रीम लीडर मोजतबा से हुई मुलाक़ात के बारे में क्या बताया?

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Iranian Presidency/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से ढाई घंटे तक बातचीत की (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने दावा किया है कि उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने यह बात ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज़ स्ट्रेट में हुई नौसैनिक झड़प से एक घंटा पहले कही.

    दरअसल, पेज़ेश्कियान ने गुरुवार को तेहरान के उद्योग मंत्रालय में व्यापारियों और मार्केट प्रतिनिधियों के साथ एक अनौपचारिक बैठक की. इसमें उन्होंने कहा, "इस मुलाक़ात में जो बात मुझे सबसे ज़्यादा महसूस हुई, वह थी सुप्रीम लीडर का सामना करने का तरीका, उनका नज़रिया और उनका विनम्र व्यवहार."

    पेज़ेश्कियान और मोजतबा की मुलाक़ात की कोई फ़ोटो या वीडियो अभी तक जारी नहीं हुए हैं. हालांकि, पेज़ेश्कियान का कहना है कि दोनों के बीच ढाई घंटे तक बातचीत हुई.

    गौरतलब है कि अमेरिका और इसराइल की बमबारी में ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत के कुछ दिन बाद ही उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई को सर्वोच्च नेता घोषित कर दिया था.

    सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा ख़ामेनेई का कोई ऑडियो या वीडियो जारी नहीं हुआ है, ईरानी मीडिया ने सिर्फ़ उनके लिखित संदेश प्रकाशित किए हैं. कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि हमले में वे घायल भी हुए थे.

  2. अमेरिका और ईरान में तनातनी बढ़ने से कच्चे तेल की क़ीमतों में फिर उछाल, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर, बीबीसी न्यूज़

    कच्चा तेल

    इमेज स्रोत, Rasid Necati Aslim/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में गोलीबारी होने के बाद तेल की क़ीमतों में वृद्धि हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ी तनातनी से एक बार फिर एशिया में शुक्रवार सुबह कच्चे तेल की क़ीमतों में उछाल आया है.

    वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट की क़ीमत 2.6% बढ़कर 102.70 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि अमेरिका में कारोबार होने वाला क्रूड 2.3% बढ़कर 97 डॉलर पर पहुंच गया है.

    दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में गोलीबारी हुई थी. जिसके बाद अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसने ईरान की ओर से "बिना वजह" किए गए हमलों को रोकने के लिए जवाबी हमला किया गया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया, "जिन अमेरिकी जहाज़ों पर हमला हुआ, वे तीन अमेरिकी डेस्ट्रॉयर थे, जो होर्मुज़ से बिना नुकसान के निकल गए. जवाबी हमले में ईरान की कई छोटी नावें पूरी तरह तबाह कर दी गईं और अमेरिकी जहाज़ों को निशाना बनाने वाली मिसाइलें आसानी से गिरा दी गईं."

    दूसरी ओर, ईरान की सेना ने अमेरिका पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाया है.

    गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच बीते कुछ हफ़्तों से युद्धविराम चल रहा था, लेकिन इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच एक बार फिर युद्ध गहराने की आशंका बढ़ गई है.

  3. नासिक टीसीएस मामले में अभियुक्त निदा ख़ान को पुलिस ने हिरासत में लिया

    इस मामले में गिरफ़्तार अभियुक्त
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने इस मामले में पहले भी कुछ अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    नासिक टीसीएस मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त निदा ख़ान को गुरुवार रात को हिरासत में ले लिया.

    निदा पर यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगे हैं. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि निदा को छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और वहां की क्राइम ब्रांच की मदद से पकड़ा गया है.

    इससे पहले 2 मई को नासिक कोर्ट ने निदा ख़ान की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज की थी. अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में कहा कि आरोप गंभीर हैं और उनसे हिरासत में पूछताछ ज़रूरी है. हालांकि, तब निदा फ़रार चल रही थीं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर अजय मिसर ने बताया था कि निदा इस केस की मुख्य अभियुक्तों में से एक हैं. कोर्ट ने इसी आधार पर अग्रिम ज़मानत देने से मना कर दिया था.