दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सड़क धंसने का वीडियो: कांग्रेस ने किया सवाल, एनएचएआई ने बताई वजह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे पर बारिश के बाद कई जगह सड़क धंसने की ख़बर है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दिल्ली देहरादून हाईवे पर हुए गड्ढों का वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोशल मीडिया पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी है.
एनएचएआई ने कहा है, "दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर पर बारिश के बाद सड़क धंसने से यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद है. उस हिस्से को ठीक कर दिया गया है और सामान्य ट्रैफ़िक के लिए खोल दिया गया है."
क़ांग्रेस ने इसे लेकर सरकार पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया था. लेकिन 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेस वे में 2 महीने बाद ही बड़े-बड़े गड्ढे हो गए. ये दिखाता है कि इस एक्सप्रेस वे को बनाने में जमकर भ्रष्टाचार और पैसों का बंदरबांट किया गया है."
"ये पहला ऐसा मामला नहीं है, पूरे देश में पुल हो या सड़क, हाईवे या पानी की टंकी, रेलवे स्टेशन हो या एयरपोर्ट की छत- हर ओर इंफ्रास्ट्रक्चर ढह रहा है. कुल मिलाकर बात साफ है कि मोदी सरकार देश और जनता के लिए घातक है."
एनएचआई ने क्या कहा
पोस्ट में आगे कहा गया है, “यह घटना एक जगह पर पानी जमा होने की वजह से हुई, क्योंकि वहां पर पक्का क्रॉस-ड्रेनेज सिस्टम चालू नहीं किया जा सका था. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि स्थानीय लोगों ने लगातार विरोध किया; उन्होंने बैलेंसिंग कलवर्ट को जोड़ने की अनुमति नहीं दी."
"इसके बजाय कलवर्ट के रास्ते का इस्तेमाल गाड़ियों के आने-जाने के लिए करने लगे. इस वजह से पानी की निकासी का जो सिस्टम बनाया जाना था, वह चालू नहीं हो पाया.”
“कल हुई घटना के बाद, एनएचएआई ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया और बारिश के पानी की सुरक्षित निकासी के लिए एक अस्थायी समानांतर नाला बनाना शुरू कर दिया है, ताकि पक्का ड्रेनेज सिस्टम चालू होने तक पानी ठीक से निकल सके.”
एनएचएआई ने बताया है, “इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रोजेक्ट डायरेक्टर, अथॉरिटी इंजीनियर और ईपीसी कॉन्ट्रैक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि अथॉरिटी इंजीनियर के टीम लीडर और कॉन्ट्रैक्टर के प्रोजेक्ट मैनेजर को सस्पेंड कर दिया गया है.”
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि सड़क धंसने की वजह से बीच में गड्ढे हो गए हैं और सड़क पर ट्रैफ़िक जारी है, जिससे हादसे का ख़तरा पैदा हो गया था.
ग़ज़ा में इलाज़ के बिना 300 लोगों की मौत, 15000 लोग गंभीर रूप से घायल या बीमार- स्वास्थ्य मंत्रालय
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इलाज़ के इंतज़ार क़रीब 300 लोगों की मौत हो चुकी है (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि युद्ध में घायल हुए या गंभीर रूप से बीमार क़रीब 15,000 लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है.
साथ ही क़रीब 300 लोगों की ग़ज़ा से बाहर इलाज के लिए मेडिकल इवैक्यूएशन का इंतज़ार करते हुए मौत हो गई.
जो देश इलाज के लिए मरीजों को अपने यहां लेते हैं उनके अपने नियम और शर्तें होती हैं. ग़ज़ा से बाहर जाने से पहले मरीजों को कई तरह की सुरक्षा जांचों से गुजरना पड़ता है, जिनमें इसराइल की ओर से की जाने वाली जांच भी शामिल होती है.
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक़, ग़ज़ा के 600 से ज़्यादा स्वास्थ्य केंद्रों में से फ़िलहाल सिर्फ़ लगभग 30 ही पूरी तरह काम कर रहे हैं.
मदद पहुंचाने वाली एजेंसियों का कहना है कि इसराइल अब भी दवाइयों और ज़रूरी मेडिकल उपकरणों की आपूर्ति पर पाबंदियां लगा रहा है, जबकि इसराइल इस आरोप से इनकार करता है.
बंगाल में सोने की तस्करी करने वाले सात लोग गिरफ़्तार, 24 किलो सोना बरामद, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पकड़े गए सोने की अनुमानित क़ीमत 34 करोड़ रुपये बताई जा रही है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
खुफ़िया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बांग्लादेश सीमा से सटे चाकदह में सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 किलो सोना बरामद किया है.
नदिया पुलिस ने डीआरआई अधिकारियों के हवाले इसकी पुष्टि की है. अधिकारियों का दावा है कि यह लोग अंतरराष्ट्रीय सोना तस्कर गिरोह के सदस्य हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफ़िया जानकारी के आधार पर इन लोगों को गिरफ्तार किया गया. सात मोटरसाइकिलों पर सवार सात लोग कृष्णनगर से चाकदह की ओर जा रहे थे. चाकदह के पास डीआईआई अधिकारियों ने उनको घेर कर तलाशी शुरू की.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्होंने कमर में कपड़े से बनी बेल्ट लगा रखी थी और उसके भीतर 180 गोल्ड बार बरामद हुई. वह सोना विदेश में बना था. इसका अनुमानित बाजार मूल्य 34 करोड़ से ज्यादा बताया जा रहा है.
डीआरआई सूत्रों ने गिरफ्तार युवकों से प्राथमिक पूछताछ के हवाले बताया कि यह लोग मुख्य रूप से कैरियर थे.
उन्होंने सीमावर्ती इलाक़े में किसी से यह सोना लिया था और इसे कोलकाता पहुंचाने जा रहे थे. इस गिरोह के सरगना का पता लगाने के लिए उन लोगों से पूछताछ की जा रही है.
अंकिता भंडारी हत्याकांड: देहरादून में सीबीआई कार्यालय के बाहर क्यों हुआ प्रदर्शन?, आसिफ़ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Asif Ali
इमेज कैप्शन, अंकिता भंडारी हत्याकांड में देहरादून में सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर गुरुवार को देहरादून स्थित सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया.
अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने सीबीआई कार्यालय की प्रतीकात्मक तालाबंदी की और जांच की प्रगति को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा.
आंदोलनकारियों का कहना है कि पुलिस ने सीबीआई कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की. इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी दूसरे गेट तक पहुंचे और वहां प्रतीकात्मक रूप से ताला लगाया.
उनका दावा है कि बाद में सीबीआई अधिकारी कार्यालय से बाहर आए और आंदोलनकारियों से बातचीत की.
प्रदर्शनकारियों के अनुसार बातचीत के दौरान उन्होंने जांच की वर्तमान स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए. उनका कहना है कि अधिकारियों के जवाबों से संतुष्ट नहीं होने के बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर भी प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़ दिया.
प्रदर्शनकारियों ने सीबीआई से पूछा कि मामले में कथित ‘वीआईपी’ कौन है और उसकी पहचान अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई. उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और अजय कुमार से पूछताछ न होने, बुलडोजर कार्रवाई के दौरान संभावित साक्ष्य मिटाए जाने के आरोपों पर कार्रवाई, पिछले छह महीनों में जांच की प्रगति और अंकिता भंडारी के माता-पिता के बयान अब तक दर्ज न किए जाने जैसे मुद्दों पर भी जवाब मांगा.
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जांच में जल्द ठोस प्रगति नहीं हुई और उनके सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिले, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
वेनेज़ुएला भूकंप: आठ दिन बाद मलबे से ज़िंदा निकला युवक
इमेज कैप्शन, हरनान गिल 140 मलबे के नीचे फंसे हुए थे.
वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद गिरी एक इमारत के मलबे में आठ दिनों तक फंसे रहने के बाद एक व्यक्ति को ज़िंदा बचा लिया गया है.
इमरजेंसी वर्कर, 140 टन मलबे के नीचे फंसे हरनॉन गिल का पता लगाने के 100 घंटे से भी ज़्यादा समय बाद उन्हें बाहर निकालने में कामयाब रहे.
शनिवार को गिल का पता लगने के बाद से ही सैकड़ों बचावकर्मी उन्हें बचाने के लिए तेज़ी से काम कर रहे थे. वेनेज़ुएला, चिली, कोस्टा रिका, अल साल्वाडोर, मेक्सिको, पुर्तगाल और अमेरिका की टीमों ने उसे बचाने में मदद की.
वेनेज़ुएला में 24 जून को आए भूकंप में लगभग 2,300 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और हज़ारों लोग अभी भी लापता हैं.
उमर अब्दुल्लाह बोले 'हम चाहते हैं कि पड़ोसियों से अच्छे हों रिश्ते'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बेहतर होने चाहिए.
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भारत-पाकिस्तान के रिश्तों को सुधारने को लेकर टिप्पणी की है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह कोई नई बात नहीं है, यह तनाव (भारत-पाकिस्तान) पिछले 30-40 साल का है. पहलगाम के बाद इसमें और ज़्यादा बढ़ोतरी आई है.”
उमर अब्दुल्लाह ने कहा, “अब चिट्ठी के जरिए प्रधानमंत्री से गुजारिश की जा रही है. किसी न किसी तरह दोनों मुल्कों के रिश्तों को सुधारा जाए. इसमें किसी को कोई एतराज़ नहीं होना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “पिछले दिनों आरएसएस के प्रमुख ने भी कहा था कि भारत और पाकिस्तान को बातचीत करनी चाहिए. दोस्ती का रिश्ता कायम करना चाहिए. जब यह बात आरएसएस कहे तो किसी को एतराज़ नहीं होता है लेकिन जब जम्मू कश्मीर के नेता यही बात कहते हैं तो बवाल मचता है.”
उमर अब्दुल्लाह ने कहा, “हम भी वही बात कहते हैं जो अटल बिहारी वाजपेयी कहते थे: दोस्त बदले जा सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं बदले जा सकते. हम चाहते हैं कि पड़ोसियों की बीच रिश्ते अच्छे हों.”
इससे पहले ऐसी ख़बरे आई थीं कि भारत और पाकिस्तान की सौ ज़्यादा प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री मोदी और शहबाज़ शरीफ को पत्र लिखकर दोनों देशों के रिश्तों को सुधारने की अपील की थी.
बाग़ी विधायकों के चुनाव आयोग से मिलने पर बोलीं महुआ मोइत्रा- ममता बनर्जी के इतने बुरे दिन नहीं आए...
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, टीएमसी के बाग़ी विधायकों ने गुरुवार को चुनाव आयोग से मुलाक़ात कर असली टीएमसी होने का दावा किया (फ़ाइल फ़ोटो)
तृणमूल कांग्रेस के बाग़ी विधायकों के चुनाव आयोग से मुलाकात करने की ख़बरों पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रतिक्रिया दी है.
मीडिया से बात करते हुए महुआ ने कहा, "कौन किसके पास जाता है, हम इस पर कुछ नहीं कहेंगे. आप यह बता रहे हैं कि वह (ऋतब्रत बनर्जी) यह कहने के लिए गए हैं कि वो असली तृणमूल हैं. जो नकली होते हैं उन्हें ही सड़क पर छाती पीटकर कहना पड़ता है कि वह असली हैं."
उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी तो कही नहीं गई हैं. ममता बनर्जी जी तो यहीं पर हैं, हम यहीं पर हैं. ममता बनर्जी के अभी इतने बुरे दिन नहीं आए हैं कि उनको ज्ञानेश कुमार के पास जाकर बोलना पड़े कि हम असली तृणमूल हैं. जो नकली हैं, गद्दार हैं वो जाकर करें ये सब."
इससे पहले आज दोपहर टीएमसी के बाग़ी विधायकों के नेता ऋतब्रत बनर्जी से चुनाव आयोग से मुलाक़ात की थी.
यूक्रेन पर हुए ताज़ा रूसी हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रातभर ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए हैं.
यूक्रेन की राजधानी कीएव पर रूस की ओर से किए गए हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 18 हो गई है.
रूसी सेना ने कीएव शहर पर रातभर ड्रोन और मिसाइलों से ज़बरदस्त हमला किया था. कीएव के मेयर ने इसे यूक्रेन की राजधानी पर "सबसे बड़ा हमला" बताया है.
मेयर विटाली क्लिट्स्को कहा कि लगभग 90 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि हमलों में जिन जगहों को निशाना बनाया गया, उनमें एक एम्बुलेंस स्टेशन भी शामिल था.
रूस ने कहा कि रूसी नागरिक और उसके बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के जवाब में उसकी सेना ने यह हमला किया है. रूस ने कहा है कि उसने सैन्य ढांचों को निशाना बनाया है.
कार्टून: अंडे की खपत
इमेज कैप्शन, कार्टून: अंडे की खपत
मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत, बीएमसी ने चार अधिकारियों को निलंबित किया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत
मुंबई के साकीनाका इलाके में एक खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मृतक की पहचान 60 वर्षीय असलम इशाक शेख़ के रूप में हुई है जो खुले मैनहोल में गिर गए थे.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, बीएमसी ने कहा है कि शव मिल गया है.
वहीं मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा है, "यह बहुत दुखद घटना है. मुझे इसका बहुत दुख है. बारिश का रेड अलर्ट जारी है और इस दौरान मैनहोल को खोलकर जाली लगाने का काम किया जा रहा है. काम करने के दौरान कोई बैरिकेट भी नहीं लगाया गया था."
उन्होंने कहा, “इतने समय में प्रशासन ने क्या किया? मैं इसके बारे में पूरी जानकारी ले रही हूं. इस पर जांच कमेटी बैठाई गई है. हमने यहां के वार्ड अधिकारी, एई, जेई समेत चार अधिकारियों को निलंबित किया है. मैंने पीड़ित परिवार के लिए 10 लाख रुपए की मदद देने की बात कही है.”
उन्होंने कहा, "इस मामले में एक जांच बिठाई गई है कि जब दो साल पहले इसका कॉन्ट्रैक्ट निकाला गया था तो देर क्यों हुई? इस बार बारिश भी लेट आई तो हमारे पास समय था. तो ये तभी क्यों नहीं किया, अब बारिश में क्यों काम किया जा रहा है?"
ग़ौरतलब है कि इस समय मुंबई में भारी बारिश हो रही है और कई इलाक़ों में सड़कों पर पानी भर गया है.
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी
इमेज स्रोत, Getty Images
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. कांग्रेस पब्लिक अकाउंट कमेटी के चेयरपर्सन केसी वेणुगोपाल ने इसकी जानकारी दी है.
केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अयोध्या राम मंदिर में चंदे की भारी चोरी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. करोड़ों मासूम श्रद्धालुओं ने भगवान राम के नाम पर अपनी मेहनत की कमाई दान की थी. हिंदू आस्था के रक्षक होने का दावा करने वालों ने ही 'मर्यादा पुरुषोत्तम' की छवि को धूमिल किया है और उनके नाम का ग़लत इस्तेमाल किया है.”
उन्होंने लिखा, “अयोध्या राम मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद, सरकारी ज़मीन पर और भारत सरकार की ओर से बनाए गए एक पब्लिक ट्रस्ट के ज़रिए किया गया था. मंदिर के प्रशासन से जुड़ी हर बात की ज़िम्मेदारी पूरी तरह से केंद्र सरकार की है.”
केसी वेणुगोपाल ने लिखा, “चोरी के बारे में अलग-अलग जगहों से कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उन्हें बार-बार नज़रअंदाज़ किया गया और जब करोड़ों की लूट हो रही थी, तो ज़िम्मेदार लोगों ने जान-बूझकर दूसरी तरफ़ देखा.”
उन्होंने लिखा, “मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर 'चंदा चोरी' के इस बड़े घोटाले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में तुरंत जांच कराने की मांग की है”
राहुल गांधी: मणिपुर असहनीय पीड़ा से गुज़र रहा है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा है कि मणिपुर सालों से जल रहा है
मणिपुर में फिर से हुई हिंसा की ख़बरों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मणिपुर सालों से जल रहा है और आज फिर नफ़रत और हिंसा की आग में 20 घर राख हो गए. दो सरकारों और राष्ट्रपति शासन के बावजूद संघर्ष गहराता ही जा रहा है.”
उन्होंने कहा, “हज़ारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, अनगिनत परिवार उजड़ गए हैं. मणिपुर जिस असहनीय पीड़ा से गुज़र रहा है, उसकी कल्पना भी मुश्किल है. यह मोदी सरकार की उस विभाजनकारी विचारधारा का नतीजा है, जो लोगों को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और पहचान के नाम पर बाँटती है.”
राहुल गांधी ने कहा, “आज मणिपुर ही नहीं, पूरा देश प्रधानमंत्री से संवेदना के दो शब्द की भी उम्मीद छोड़ चुका है, कार्रवाई की बात तो दूर गई. मणिपुर बेहतर का हक़दार है - और इसके लिए भारत जोड़ना ही एकमात्र रास्ता है.”
टीएमसी के बाग़ी विधायकों के गुट ने चुनाव आयोग से की मुलाकात
इमेज स्रोत, ANI
तृणमूल कांग्रेस के बाग़ी विधायकों गुट ने आज दिल्ली में चुनाव आयोग से मुलाकात की है. बाग़ी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने इसकी जानकारी दी है.
मीडिया से बात करते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, "हमने 23 जून को एक पत्र भेजकर चुनाव आयोग की फुल बेंच से मिलने की मांग की थी. हम चुनाव आयोग का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने हमसे मुलाकात की."
उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग से लंबी बातचीत हुई है. आयोग ने हमारी बातों को सुना है. आयोग ने कहा है कि वह सारी जांच करने के बाद हमें अपना जवाब देंगे."
इससे पहले 23 जून को टीएमसी विधायकों के गुट ने मूल टीएमसी अलग होग नया गुट बनाया था.
बाग़ी विधायकों ने बैठक कर पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटा दिया था. उन्होंने अरूप राय को पार्टी का नया अध्यक्ष और ऋतब्रत बनर्जी को महासचिव चुना था.
इमेज कैप्शन, बेंगलुरु में खदान ढहने से श्रमिकों की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बेंगलुरु दक्षिण तालुक में गुरुवार को एक पत्थर खदान में ग्रेनाइट की विशाल चट्टान ढहने से आठ मज़दूरों की मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि यह हादसा गुरुवार तड़के बेंगलुरु शहरी और बेंगलुरु दक्षिण जिले की सीमा से सटे मडापट्टना इलाके में हुआ.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मरने वाले सभी लोग दिहाड़ी मजदूर थे और एक स्टोन क्रशर इकाई में काम कर रहे थे.
पुलिस के मुताबिक़, चट्टानें गिरने से वे उनके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है, '' कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''
अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उन पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
पाकिस्तान और सऊदी अरब ने इस अहम समझौते पर किए दस्तख़त, क्या है मक़सद
इमेज स्रोत, @AbdulazizSNA
पाकिस्तान और सऊदी अरब ने सुरक्षा से जुड़े एक एमओयू पर दस्तख़त किए हैं.
एमओयू पर सऊदी अरब के गृह मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सऊद बिन नायेफ़ ने और पाकिस्तान की ओर से गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने दस्तख़त किए.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ सऊदी अरब के आंतरिक मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सऊद बिन नायेफ़ की ओर जारी एक बयान में कहा गया है, ''हमने दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया और सुरक्षा क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.''
उन्होंने कहा कि यह कदम रणनीतिक साझेदारी की मजबूती और सऊदी अरब और इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की व्यापकता को दर्शाता है.
इस यात्रा के दौरान,पाकिस्तानी गृह मंत्री ने रियाद क्षेत्र में स्थित एकीकृत सुरक्षा अभियान केंद्र का दौरा किया.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय समेत चार लोगों के ख़िलाफ़ अब इन लोगों ने की शिकायत
इमेज स्रोत, ge
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में फैज़ाबाद बार एसोसिएशन के सदस्यों ने गुरुवार को एफ़आईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस में शिकायत दी.
ये शिकायत राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा और गोपाल राव के ख़िलाफ़ दर्ज कराई गई है.
चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है, लेकिन उसे स्वीकार करने के लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए.
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची भारत पहुंचीं, किन सेक्टर्स में होगी डील
इमेज स्रोत, @MEAIndia
पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर बुधवार को दिल्ली पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का स्वागत करते हुए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान के संयुक्त प्रयास इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सहित दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देंगे.
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची बुधवार शाम तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं.
प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''भारत में आपका बहुत-बहुत स्वागत है, प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची. हमें आपके पहले भारत दौरे पर आपकी मेजबानी करके बहुत खुशी हो रही है और मैं गुरुवार को हमारी बड़ी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं. जिससे भारत और जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप और गहरी होगी.”
वहीं ताकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच गई हूं. जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर यह लगभग तीन साल में मेरा पहला भारत दौरा होगा और व्यक्तिगत तौर पर भी.''
भारत और जापान की बातचीत का सबसे बड़ा फोकस सेमीकंडक्टर, एआई और इंडो-पैसिफ़िक को लेकर होने वाले समझौतों पर होगा.
ट्रंप के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न का मामला, लेखिका ने मांगा हर्जाना, मेडलिन हेलपर्ट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लेखिका ई. जीन कैरोल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद अदालत पहुंचीं लेखिका ई. जीन कैरोल ने अनुरोध किया है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जूरी की ओर से तय किए गए 50 लाख डॉलर के हर्जाने का भुगतान करने का आदेश दे.
तीन साल पहले एक दीवानी (सिविल) मामले में जूरी ने ट्रंप को कैरोल का यौन उत्पीड़न करने और बाद में उनकी मानहानि करने के लिए जिम्मेदार ठहराया था.
लेखिका का ये अनुरोध अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की ओर से ट्रंप की उस याचिका को खारिज किए जाने के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने मामले की दोबारा सुनवाई की मांग की थी.
मई 2023 में न्यूयॉर्क की एक जूरी ने कैरोल के पक्ष में 50 लाख डॉलर हर्जाना देने का फैसला सुनाया था.
कैरोल का आरोप था कि ट्रंप ने 1990 के दशक में उनका यौन उत्पीड़न किया था और बाद में सोशल मीडिया पर इस घटना को "झूठा और मनगढ़ंत" बताया था.
ट्रंप ने इन आरोपों से इनकार किया है. 82 वर्षीय कैरोल पहले एक पत्रिका में स्तंभकार रह चुकी हैं.
उन्होंने आरोप लगाया है कि 1990 के दशक के मध्य में ट्रंप ने मैनहैटन स्थित बर्गडॉर्फ गुडमैन डिपार्टमेंट स्टोर के ट्रायल रूम में उनका यौन उत्पीड़न किया था.
उनका यह भी आरोप है कि 2022 में ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप ने उनके आरोपों को झूठा बताकर उनकी मानहानि की.