'मैं जल्दी में हूँ, हर जगह मुझे खोज रहे हैं'

ब्रसेल्स
प्रकाशित

बेल्जियम में पुलिस ब्रसेल्स हमले के चौथे संदिग्ध की खोज में जुट गई है. ये व्यक्ति उस समय बच गया था जब उसका बम फटा ही नहीं था.

ये आदमी ब्रसेल्स एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज में दो अन्य लोगों के साथ दिखाई दिया था जो हमले में मारे गए थे.

बेल्जियम की स्वास्थ्य मंत्री मैगी डे ब्लॉक ने बताया है कि मंगलवार के हमले में 31 लोग मारे गए और 300 लोग घायल हुए हैं.

ब्रसेल्स संदिग्ध

मैगी डे ने कहा कि कई घायल इंटेसिव केयर में हैं और उनमें से 61 लोगों की हालत गंभीर है.

इससे पहले अभियोजकों ने पुष्टि की थी कि चार हमलावारों में से दो की पहचान खालिद और ब्राहिम अल बाकरावी के रूप में हुई है.

ब्रसेल्स

दो अन्य हमलावारों की अभी पहचान नहीं हो पाई है.

नाम न लेने की शर्त पर फ्रांस और बेल्जियम के अधिकारियों ने बताया है कि आत्मघाती हमलावारों में से एक नाजिम लाकरावी हैं.

उन्होंने बताया है कि नाजिम बीते नवंबर में पेरिस हमलों में बम बनाने में शामिल थे. हालांकि इस बारे में अभी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ग़ौरतलब है कि अभियोजकों के मुताबिक़ एक कथित हमलावर ब्राहिम ने एक नोट छोड़ा जिसमें उन्होंने अपनी बेचैनी के बारे में लिखा है.

ब्रसेल्स में सुरक्षा

इस नोट में लिखा है- "मैं जल्दी में हूं....वो हर जगह पर मुझे खोज रहे हैं. मैं अब सुरक्षित नहीं हूँ. यदि मैने आत्मसमर्पण किया तो ये मुझे जेल में डाल देंगे."

मंगलवार को हुए इन हमलों के बाद बेल्जियम में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक है.

बेल्जियम के राजा और रानी ने एयरपोर्ट का दौरा किया और हमलों में घायल क़रीब तीन सौ लोगों में से कुछ से मुलाक़ात की है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi%20%20%20%20%20%20" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)