ब्रसेल्स हमले में दो भाई शामिल

ब्रसेल्स
प्रकाशित

ब्रसेल्स में हुए आत्मघाती हमलों में दो भाई भी शामिल थे. उनकी पहचान ख़ालिद और ब्राहिम अल बक़ारू के रूप में हुई है.

संघीय अभियोजक के मुताबिक़ ब्राहिम ने एयरपोर्ट को निशाना बनाया जबकि ख़ालिद ने माएलबीक मेट्रो स्टेशन को.

एयरपोर्ट पर हुए धमाके में 11 लोग मारे गए थे. मेट्रो स्टेशन पर हुए धमाके में 20 लोगों की मौत हुई.

एयरपोर्ट पर हमले में शामिल दो अन्य हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.

इनमें से एक की हमले के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरा लापता है.

ब्रसेल्स संदिग्ध

अभियोजकों के मुताबिक़ ब्राहिम ने एक नोट छोड़ा है जिसमें उन्होंने अपनी बेचैनी के बारे में लिखा है.

मंगलवार को हुए इन हमलों के बाद बेल्जियम में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक है.

बुधवार को बेल्जियम में सुबह 11 बजे एक मिनट का मौन भी रखा गया.

बेल्जियम के राजा और रानी ने एयरपोर्ट का दौरा किया और हमलों में घायल क़रीब तीन सौ लोगों में से कुछ से मुलाक़ात की है.

ब्रसेल्स

अभी भी 161 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जिनमें से 150 को आईसीयू में रखा गया है.

तथाकथित इस्लामिक स्टेट ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है.

संघीय अभियोजक फ्रेडेरिक वॉन लीयू ने कहा कि सीसीटीवी तस्वीर में दिख रहे तीन लोगों में जो बीच में हैं वही ब्राहिम हैं.

माना जा रहा है कि हैट पहने दाईं और दिख रहा संदिग्ध मौक़े से फ़रार होने में कामयाब रहा है.

ब्रसेल्स में सुरक्षा

वॉन लीयू का कहना है कि एक टैक्सी ड्राइवर ने बताया है कि उसने इन तीनों संदिग्धों को ब्रसेल्स के शारबीक इलाक़े के एक पते से लिया था.

बाद में पुलिस ने इस अपार्टमेंट पर छापा मारा और यहां से विस्फ़ोटक बरामद हुए हैं.

पास के ही एक कूड़ेदान से ब्राहिम का लिखा एक नोट मिला है.

इसमें लिखा है, "मैं जल्दी में हूँ. मैं नहीं जानता की अब मैं क्या करूं. वो हर जगह मुझे खोज रहे हैं. मैं अब सुरक्षित नहीं हूँ. अगर मैंने आत्मसमर्पण कर दिया तो वो मुझे क़ैद में डाल देंगे."

वॉन लीयू का कहना है कि दोनों ही भाइयों पर पुलिस पहले से नज़र रखे हुए थी और उन दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi%20%20%20%20%20%20" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)