ब्रसेल्स हमले की नौ अहम बातें

प्रकाशित

बेल्जियम के ब्रसेल्स शहर में हुए चरमपंथी हमले में अब तक 30 लोग मारे गए हैं और ढाई सौ से ज़्यादा ज़ख़्मी हुए हैं. जानिए ब्रसेल्स हमले में अब तक क्या हुआ?

1- ब्रसेल्स के उत्तर पूर्व में ज़ेवेंटम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोहरे धमाके हुए. एक और धमाका शहर के बीच माएलबीक मेट्रो स्टेशन पर हुआ, जिसके पास ही यूरोपियन यूनियन की इमारतें हैं.

ये हमले ब्रसेल्स में 13 नवंबर के पेरिस हमलों के मुख्य संदिग्ध सालाह अब्देस्लाम की गिरफ़्तारी के चार दिन बाद किए गए हैं.

2- जिन लोगों ने हमले किए उनके नाम बेल्जियन मीडिया ने ख़ालिद और ब्राहीम एल बकरावी बताए हैं, जिनके बारे में पुलिस पहले से जानती है.

3- बेल्जियन ब्रॉडकास्टर RTBF के मुताबिक़ ख़ालिद एल बकरावी शायद मेट्रो पर हुए हमले का ख़ुदकुश हमलावर था. उसके भाई ब्राहीम को ज़ेवेंटम एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरे में देखे गए संदिग्धों में से एक माना गया है. काले कपड़े पहने दोनों व्यक्ति अपने बाएं हाथों में दस्ताने पहने थे जिससे इन ख़बरों को बल मिला कि उनमें डेटोनेटर छिपाए गए थे. ब्रसेल्स पुलिस ने हैट पहने दिखे व्यक्ति के लिए वारंट जारी किया, जिसे हफ़्ते भर पहले आब्देस्लाम का सहयोगी बताया गया था.

4- आईएस से जुड़ी आमाक़ न्यूज़ एजेंसी पर जारी एक बयान में इस्लामिक स्टेट ने इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली और इन्हें "विस्फोटक बेल्टों और डिवाइसों के ज़रिए किए गए धमाके" बताया.

5- ज़ेवेंटेम एयरपोर्ट पर चेक इन वाली जगह भारतीय समयानुसार सुबह 12.30 बजे एक के बाद एक दो धमाके हुए. एक चश्मदीद ने विस्फोट से पहले गोलियां चलने और अरबी में नारेबाज़ी की आवाज़ें सुनने का दावा किया.

6- एक घंटे बाद शहर के बीच मौजूद माएलबीक मेट्रो स्टेशन पर एक धमाका हुआ जिसके पास यूरोपियन यूनियन के कई दफ़्तर हैं. हमले के समय तीन डिब्बों वाली ट्रेन स्टेशन से निकल रही थी. बम बीच वाले डिब्बे में फटा था. ड्राइवर ने तुरंत ट्रेन रोकी और पहले और आख़िरी डिब्बे खाली कराए.

7- तीनों धमाकों में अब तक 30 लोगों से ज़्यादा के मारे जाने की ख़बर है लेकिन मरने वालों की तादाद अभी तक साफ़ नहीं है. बेल्जियम के स्वास्थ्यमंत्री के मुताबिक़ एयरपोर्ट पर 11 लोग मारे गए और 81 ज़ख़्मी हुए. ब्रसेल्स के मेयर के मुताबिक़ मेट्रो धमाके में कम से कम 20 लोग मारे गए.

8- बेल्जियम के फ़ैडरल प्रॉसीक्यूटर की चरमपंथ विरोधी शाखा ने हमलों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने ब्रसेल्स के आसपास छापेमारी में इस्लामिक स्टेट के झंडे के अलावा कुछ कैमिकल बरामद किए हैं. हमलों के बाद बेल्जियम ने चरमपंथ के ख़तरे का स्तर सर्वाधिक कर दिया है.

9- ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को ब्रसेल्स की यात्रा न करने की सलाह दी है. ज़ेवेंटम एयरपोर्ट को बुधवार और गुरुवार के लिए बंद कर दिया गया. शहर का मेट्रो रेल यातायात भी बंद किया गया.

बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)