रूस ने आईएस के ठिकानों पर 'मिसाइल दाग़ीं'

प्रकाशित

रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने कहा है कि रूस ने कैस्पियन सागर में अपने युद्धपोतों से सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर रॉकेट दाग़े हैं.

रूसी मीडिया में उनके हवाले से कहा गया है कि चार युद्धपोतों से 11 ठिकानों को तबाह करने के लिए 26 मिसाइलें दाग़ी गई हैं.

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूसी सेना की तारीफ़ करते हुए कहा है कि लक्ष्य 1,500 किलोमीटर दूर था.

हालांकि अभी इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है.

'बड़ा अभियान'

रूस इस बात से इनकार करता है कि सीरिया में उसके हवाई हमलों में ऐसे ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है जिनका आईएस से कोई लेना देना नहीं है.

पश्चिमी जगत ये कह कर रूस के हमलों का विरोध कर रहा है कि वो राष्ट्रपति असद के उदारवादी विरोधियों को भी निशाना बना रहा है.

इस बीच, सीरियाई अधिकारियों ने कहा है कि रूसी हवाई कार्रवाई की मदद से उनके सरकारी बलों ने विद्रोहियों के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान छेड़ा है.

इससे पहले, तुर्की ने अपने वायुक्षेत्र के उल्लंघन को लेकर रूस को कड़ी चेतावनी दी थी.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>