असद ने दी मध्यपूर्व में तबाही की चेतावनी

बशर अल असद
प्रकाशित

सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद ने कहा है कि सीरिया, रूस, इराक़ और ईरान का गठबंधन कामयाब होना चाहिए नहीं तो समूचा मध्यपूर्व बर्बाद हो जाएगा.

असद ने अमरीकी नेतृत्व वाले गठबंधन और सीरिया और इराक़ में हो रहे उसके हवाई हमलों की भी आलोचना की.

उन्होंने कहा कि इन हमलों से सिर्फ़ चरमपंथ को बढ़ावा मिल रहा है.

इसी बीच, रूस ने सीरिया में कथित इस्लामिक स्टेट चमपंथियों पर और हवाई हमले किए हैं.

सीरियाई विपक्षी कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसा लगता है कि निशाने पर अन्य विद्रोही समूह थे.

रूस सीरिया में हवाई हमले कर रहा है
इमेज कैप्शन, रूस बुधवार से सीरिया में हवाई हमले कर रहा है.

अंदरूनी मामला

ईरान के सरकारी टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में असद ने कहा कि सीरिया, रूस, ईरान और इराक़ चरमपंथ के ख़िलाफ़ एकजुट हैं और 'व्यवहारिक नतीजे' हासिल करेंगे.

असद के अंतरराष्ट्रीय विरोधियों का कहना है कि सीरिया में चार साल से चल रहे गृह युद्ध के ख़ात्मे के लिए असद का सत्ता छोड़ना ज़रूरी है.

हालांकि फिलहाल कुछ पश्चिमी देशों का कहना है कि सत्ता परिवर्तन काल के दौरान वो पद पर बने रह सकते हैं.

रूस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन
इमेज कैप्शन, सीरिया में रूस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन भी हो रहे हैं.

लेकिन असद का कहना है कि 'सीरिया की राजनीतिक व्यवस्था या अधिकारियों के बारे चर्चा सीरया का अंदरूनी मामला है.'

रूस के हमले जारी

इसी बीच रविवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि बीते चौबीस घंटों के दौरान रूस ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के 24 ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं, जिनमें कमांडो चौकियां, गोला बारूद के भंडार और विस्फ़ोटक बनाने के ठिकाने शामिल हैं.

रूस ने कहा है कि वह बुधवार को शुरू हुए अपने हवाई अभियान का विस्तार कर रहा है.

तुर्की और ब्रिटेन ने सीरिया में रूस के हवाई हमलों की निंदा की है.

तुर्की ने इसे बड़ी भूल बताते हुए कहा है कि इससे रूस अलग-थलग पड़ जाएगा.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>