पाकिस्तान में भयंकर बाढ़, लाखों प्रभावित

पाकिस्तान में बाढ़
प्रकाशित

पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में हुए बारिशों से एक दर्जन से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक़ बाढ़ से साढ़े तीन लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं.

एनडीएमए का कहना है कि ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के प्रभावित ज़िले चतराल के कई इलाक़ों से गुरुवार को भी संपर्क स्थापित नहीं किया जा सका.

वहीं बाढ़ की भविष्यवाणी करने वाली एजेंसी ने सिंध और बलूचिस्तान में अगले चार-पाँच दिनों में मानसून की तेज़ बारिश की चेतावनी दी है.

पाकिस्तान में बाढ़

संस्था का कहना है कि इससे शहरी इलाक़ों में भी बाढ़ आ सकती है.

एनडीएमए के प्रवक्ता अहमद कमाल ने बीबीसी को बताया कि चतराल में क़रीब दो लाख, गरम चश्मा में साठ हज़ार और कैलाश घाटी में 25 हज़ार लोग प्रभावित हुए हैं.

उनका कहना है कि यदि चतराल में सड़क मार्गों से संपर्क स्थापित नहीं किया गया तो हालात और भी ख़राब हो सकते हैं.

एनडीएमए के मुताबिक चतराल में तीस गाँव प्रभावित हुए हैं, 15 पुल पानी में बह गए हैं, संपर्क मार्गों के अलावा 20 अहम सड़कें को भी नुक़सान हुआ है.

पाकिस्तान में बाढ़

एनडीएमए के मुताबिक पंजाब में बाढ़ से 320 गांव और क़रीब 73 हज़ार लोग प्रभावित हैं.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में होने वाली तेज़ बारिशों के कारण कराची में भी बाढ़ आ सकती है. कई और शहरों में बाढ़ का अंदेशा ज़ाहिर किया गया है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>