काठमांडू एयरपोर्ट पर बड़े विमानों का उतरना बैन

फ़ाइल फोटो
प्रकाशित

नेपाल के काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक नोटिस जारी कर भूकंप पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर आ रहे बड़े विमानों के उतरने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रमुख महेंद्र सिंह रावल ने बीबीसी को बताया, "भूकंप के बाद बड़े विमानों को काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की इजाज़त दी गई थी, लेकिन रनवे पर गड्ढे बन जाने के कारण अब बड़े विमानों को प्रतिबंधित किया गया है."

इस बीच, नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता लक्ष्मी प्रसाद ढकाल ने उन ख़बरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि हवाई अड्डे के रनवे पर क्रैक हैं.

इससे पहले, समाचार एजेंसी एपी और कांतिपुर के हवाले से ख़बरे आई थी कि काठमांडू के हवाई अड्डे के रनवे पर क्रैक हैं और बड़े विमानों के उतरने पर प्रतिबंध लगाया गया है.

'विमानों की आवाजाही सामान्य'

नेपाल में राहत कार्य

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ढकाल ने कहा कि काठमांडू हवाई अड्डे पर छोटे और मध्यम आकार के विमान पहले की तरह हवाई अड्डे पर उतरते रहेंगे.

हवाई अड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी बिजय लाल कायस्थ का कहना है कि रनवे पर क्रैक के दावे निराधार हैं.

कायस्थ ने कहा, "सब कुछ बेहतर तरीके से चल रहा है और अगर रनवे पर क्रैक होते तो हवाई अड्डे का संचालन सभी तरह के विमानों के लिए रोक दिया जाता."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>