इराक़: आईएस से 'छिना एक चौथाई इलाक़ा'

प्रकाशित

अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन का कहना है कि अमरीकी नेतृत्व में हवाई हमले शुरू होने के बाद से इराक़ में इस्लामिक स्टेट ने अपने नियंत्रण वाला एक चौथाई से ज़्यादा इलाक़ा गंवाया है.

चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के ख़िलाफ़ अमरीकी नेतृत्व में पिछले साल अगस्त में हवाई हमले शुरू किए गए थे.

पेंटागन के प्रवक्ता कर्नल स्टीव वॉरेन ने कहा कि ये कहना अभी जल्दबाज़ी होगी कि परिस्थितियां पलट दी गई हैं, लेकिन हवाई हमलों और ज़मीन पर इराक़ी सेना की कार्रवाई से निश्चित तौर पर उन्हें नुक़सान हुआ है.

आईएस ने पिछले साल जून में इराक़ और सीरिया के एक बड़े हिस्से पर अपना नियंत्रण कर लिया था.

'हवाई हमले बढ़ाएं'

इराक़ी प्रधानमंत्री अमरीकी दौरे पर हैं
इमेज कैप्शन, इराक़ी प्रधानमंत्री अमरीकी दौरे पर हैं

कर्नल वॉरेन ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेस में कहा कि इराक़ में इस्लामिक स्टेट को अपना 25 फ़ीसदी से लेकर 30 फ़ीसदी क्षेत्र गंवाना पड़ा है जो 12,950 से लेकर 15,540 वर्ग किलोमीटर के आसपास बैठता है.

पेंटागन की तरफ से ये घोषणा अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और इराकी प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी की मुलाकात से ठीक पहले की गई.

इराकी प्रधानमंत्री चाहते हैं कि अमरीकी गठबंधन इस्लामिक स्टेट पर हवाई हमले बढ़ाए.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>