इमरान की शादी: रेहम-जेमाइमा समर्थक कैंप

इमरान ख़ान
    • Author, बीबीसी ट्रेंडिंग
    • पदनाम, क्या है चर्चित और क्यों?
  • प्रकाशित

इमरान ख़ान ने जब गुपचुप तरीक़े से निकाह किया तो उसे लेकर तूफ़ान तो उठना ही था.

ख़बरों के मुताबिक़ इमरान ख़ान ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की कि वह अब एक शादीशुदा आदमी हैं. वह 'ये ख़ुशख़बरी' देशवासियों के साथ बाँटने पाकिस्तान जाने से पहले लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे.

अब इस ख़बर पर उनके देशवासियों की फ़ेसबुक और ट्विटर पर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है.

इमरान ने डॉन न्यूज़ पर एक शो होस्ट करने वाली और बीबीसी मौसम की पूर्व प्रस्तुतकर्ता रेहम ख़ान से निकाह किया है.

ट्विटर पर संघर्ष

रेहम ख़ान
इमेज कैप्शन, रेहम ख़ान ने 2013 में बीबीसी छोड़ दिया था

पाकिस्तान में #BestOfLuckIK को 24 घंटों के भीतर 11,000 बार रीट्वीट किया गया है. मगर साथ ही कुछ लोग इमरान ख़ान की पूर्व पत्नी जेमाइमा ख़ान के साथ सहानुभूति भी जता रहे हैं. वे जेमाइमा की पुरानी तस्वीरें पोस्ट कर रहे हैं.

इसके अलावा लोग इमरान की नई पत्नी रेहम पर भी ट्विटर और फ़ेसबुक पर भी टिप्पणियाँ कर रहे हैं.

वैसे रेहम ने अपने ट्विटर पर इसका जवाब देते हुए लिखा, "मुझे ये पता नहीं था कि पाकिस्तानी इस्लामी गणराज्य में तलाक़ की इजाज़त नहीं है."

'रेहम की फ़र्ज़ी तस्वीरें'

उनकी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर काफ़ी चल रही थी जिसमें रेहम को एक सेक्स शॉप से बाहर निकलते हुए दिखाया जा रहा था.

इस पर भी रेहम ने कहा है कि वह तस्वीर फ़र्ज़ी है और फ़ोटोशॉप करके बनाई गई है.

इसके अलावा रेहम की कई पुरानी तस्वीरें भी लोग शेयर कर रहे हैं जिसमें उनकी बीबीसी में काम करते समय की तस्वीरें हैं. लोग रेहम की स्कर्ट की लंबाई को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं.

जेमाइमा ने पाकिस्तान से आ रहे इन ट्वीटों का जवाब भी दिया है. वह लोगों को समर्थन के लिए शुक्रिया कह रही हैं.

जेमाइमा का समर्थन

जेमाइमा के समर्थकों के कुछ ट्वीट के मुताबिक़, "जेमाइमा ख़ान, आप एक बेटी, बहन और माँ के तौर पर लाखों पाकिस्तानियों के लिए सम्मानजनक रहेंगी."

एक अन्य ट्वीट में कहा गया है, "आप हमेशा फ़र्स्ट लेडी रहेंगी. रेहम जैसी कोई भी आपको हटा नहीं सकती."

वैसे रेहम ने निकाह की ख़बर के बाद ट्वीट करके कहा कि वह हमेशा ख़ुद को पाकिस्तान का मानद नागरिक मानती रहेंगी. साथ ही उन्होंने इमरान के लिए ख़ुशियों की भी कामना की है. उन्होंने लिखा, "मैं हमेशा पाकिस्तान से मोहब्बत करती रहूँगी."

निकाह के बारे में सोशल मीडिया पर इमरान ख़ान ने सिर्फ़ 31 दिसंबर को ट्विटर और फ़ेसबुक एक संदेश डाला. उसमें उन्होंने निकाह की बातों से इनकार तो नहीं किया मगर ये ज़रूर कहा कि उनकी निकाह की बातें 'काफ़ी बढ़ाचढ़ाकर' बताई जा रही हैं.

<bold>(बीबीसी हिंदी का <link type="page"><caption> एंड्रॉयड मोबाइल ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi&hl=en" platform="highweb"/></link> डाउनलोड करने के लिए क्लिक करें. आप हमसे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी जुड़ सकते हैं.)</bold>