शादी की तस्वीरें बनीं दुखी करने वाली यादें..

प्रकाशित

मलेशियाई विमान एमएच-370 को गायब हुए छह महीने से अधिक हो चुके हैं लेकिन आज तक उस विमान की कोई खोज ख़बर नहीं है.

विमान पर सवार 239 यात्रियों के परिवार अलग अलग मुश्किलों से गुज़र रहे हैं. उनमें नाराज़गी है और प्रशासन के प्रति बेहद गुस्सा भी है.

इस हादसे में विधवा हुई ली लिंग की स्थिति ऐसी है जब शादी की रोमांटिक तस्वीरें बन गई हैं दुख भरी यादें...

बीबीसी संवाददाता मार्टिन पेशेंस की ख़ास रिपोर्ट:

छह महीने पहले ली लिंग अपने पति के इंतज़ार में बैठी थीं अपने दो साल के बेटे हाओहाओ के साथ. उनके पति बियान लियांगजिंग एमएमच-370 के यात्रियों में से थे जो आज तक वापस नहीं लौटे हैं.

24 साल की ली कहती हैं, "मेरी ज़िंदगी बर्बाद हो गई. मैं बता नहीं सकती कितना कठिन है ये सब. जब भी मैं उनकी तस्वीर देखती हूं तो दिल टूट जाता है.’’

बियान पेशे से दंत चिकित्सक थे और कुआलालंपुर में नौकरी कर रहे थे ताकि पैसे बचाकर बीजिंग में अपना क्लिनिक खोल सकें.

बियान और ली के घर की दीवारों पर टंगी शादी की रोमांटिक तस्वीरें अब दुख भरी यादों का प्रतीक बन कर रह गई हैं.

आंखों में आंसू लिए ली कहती हैं, "कभी कभी मेरा बेटा दूसरे लोगों को ही डैडी कहता है. उसे बस एक डैडी चाहिए. मैं कहती हूं कि डैडी वापस आएंगे. वो पैसे कमाने गए हैं.’’

बियान और लr जैसे कई परिवार उस विमान पर सवार थे. ये सभी परिवार जवाबों की तलाश में हैं. ज़बर्दस्त तलाशी अभियान के बावजूद अभी भी इस विमान का पता नहीं चला है.

वॉयस 370

जानकारी के अभाव में लोगों ने वॉयस 370 के नाम से एक समूह भी बनाया है.

31 साल के जिमी वांग कहते हैं, "सबसे मुश्किल है कि आपको कुछ नहीं पता है. ये समूह ज़रुरी है. आप उसी पर निर्भर हो सकते हैं जिनकी स्थिति आपके जैसी है.’’

उधर बियान के भाई लियांगवेई हर हफ्ते बीजिंग जाते हैं ताकि कोई जानकारी मिल सके.

एक बार लियांगवेई को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वो अपने संबंधियों के साथ मलेशिया एयरलाइंस के दफ्तर में सो गए थे. वो कहते हैं, "चीन की सरकार ने किसी भी तरह से मदद नहीं की है.’’

सगे संबंधियों की इस खोज पड़ताल के बीच दो साल के हाओहाओ अपनी इलेक्ट्रिक कार में घूमते हैं और खुश दिखते हैं. उन्हें शायद नहीं पता कि उनके डैडी अब शायद ही लौटें.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="www.twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>