रक्त-जांच वाली अरबपति

प्रकाशित

अमरीका के सिलिकॉन वैली में अपने स्वास्थ्य को लेकर लोगों की जागरुकता एकबारगी बढ़ गई लगती है.

लोग अपने रक्तचाप पर चौबीस घंटे नज़र रखने क लिए कलाई पर दो-दो तीन-तीन बैंड पहन रहे हैं. ऐसे सेंसर पहने जा रहे हैं जो आपको बताएगा कि आप कितना चले हैं दिन भर में.

शायद यही कारण है कि सिलिकॉन वैली में नई कंपनियां इस तरह के गैजेटों पर ख़ूब ध्यान दे रही हैं. मोबाइल टेक्नोलॉजी ने लोगों के दूसरे लोगों के साथ संबंधों को तो बदला ही है पर अपने शरीर के साथ संबंधों को नई परिभाषा दे दी है.

आपका अपना शरीर भी आपके डिजिटल नेटवर्क का हिस्सा होता जा रहा है.

एलिज़ाबेथ और थेरानॉस

इन सबके बीचे स्टैन्फ़र्ड यूनिवर्सिटी कैंपस के एक कोने में जहां कभी फ़ेसबुक का दफ़्तर हुआ करता था, एलिज़ाबेथ होम्स स्वास्थय पर नज़र रखने वाले एक प्रोजेक्ट पर 11 साल से लगी हुई हैं.

एलिज़ाबेथ की कंपनी थेरानॉस डिजिटल हेल्थकेयर से जुड़ी भी है लेकिन पैसे के पीछे भाग नहीं रही.

एलिज़ाबेथ सिर्फ़ 30 साल की हैं और वो तब से इस कंपनी को बना रही हैं जब वो बीस साल की भी नहीं थी.

एपल के मालिक स्टीव जॉब्स की तरह काले कपड़े पहनने वाली एलिज़ाबेथ का आत्मविश्वास लोगो को उनकी तरफ़ खींचता है.

सिर्फ़ 19 साल की उम्र में ही एलिज़ाबेथ ने स्टैन्फ़र्ड यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ दी थी और अपना काम शुरु कर दिया था.

थेरानॉस के बारे में अब भी कम लोग जानते हैं लेकिन निजी निवेशक ने जो पैसे डाले हैं उसस इस कंपनी की क़ीमत क़रीब नौ अरब डॉलर आंकी गई है.

एलिज़ाबेथ इस कंपनी के आधे हिस्से की मालिक है जो उन्हें ऐसी सबसे युवा महिला बनाता है जो अपने बूते अरबपति बनी हैं.

बड़ी कंपनी

थेरानॉस के बोर्ड में पूर्व विदेश मंत्री हेनरी किसिंगर और पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज शुल्टज़ जैसे लोग हैं.

थेरानॉस का उद्देश्य सीधा था- रक्त की जांच को सामान्य करना, समय पर करना और सस्ता करना.

कंपनी 200 तरह के रक्त टेस्ट करती है जिसकी क़ीमतें किसी और कंपनी की तुलना में बेहद कम है. इतना ही नहीं वो रक्त के नमूने कम लेती हैं-अमूमन एक ड्रॉप.

सुनने में तो अच्छा लगता है लेकिन क्या कम क़ीमत पर रक्त का टेस्ट हेल्थकेयर में क्रांति ला पाएगा.

एलिज़ाबेथ को इसका पूरा विश्वास है. थेरानस ने पिछले दिनों अमरीका की सबसे बड़ी दवाओं के स्टोर के साथ साझेदारी की है. वालग्रीन के पास पूरे अमरीका में साढ़े आठ हज़ार से अधिक स्टोर हैं.

थेरानॉस के साथ मिलकर ये स्टोर अब थेरानॉस वेलनेस सेंटर बना रहे हैं.

एलिज़ाबेथ का मानना है कि अगर रक्त के टेस्ट सस्ते होंगे तो लोग जल्दी जल्दी ब्लड टेस्ट करवा सकेंगे और इससे बीमारियों का पता भी जल्दी लग सकेगा.

अमरीका में रक्त परीक्षण एक बड़ा उद्योग है जिसकी लागत अरबों में है. इसमें क्वेस्ट डायगॉनेस्टिक्स औऱ लैबकार्प जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं

ऐसे में ये देखना होगा कि थेरानॉस और एलिज़ाबेथ कितनी बड़ी चुनौती के रुप में सामने आते हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="www.twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>