शरीर पर बने टैटू विज्ञापन से भरता है पेट

टैटू विज्ञापन
प्रकाशित

अपने शौक़ से शरीर पर टैटू बनवाना और बात है लेकिन ब्राज़ील के एक शख़्स की आजीविका टैटू वाले विज्ञापनों की वजह से चलती है जिसे उन्होंने अपने शरीर पर बनवाया है.

उन्हें अब एक ऐसे ग्राहक की तलाश है जो उनके माथे पर टैटू वाले विज्ञापन देने की पेशकश करे.

जी-1 न्यूज़ पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक़ एडसन अपारसिडो बोरिम नाम के इस शख्स के सीने, पीठ और बाहों पर पहले से ही 49 टैटू विज्ञापन हैं.

उनका कहना है कि यह सिलसिला आठ साल पहले इत्तेफ़ाक शुरू हुआ था लेकिन अब ये विज्ञापन उनकी आमदनी का मुख्य स्रोत हैं.

उनका कहना है, "मेरा लक्ष्य अब अपने माथे पर किसी बड़ी कंपनी का टैटू बनवाना है, लेकिन इसके लिए अनुबंध अच्छा होना चाहिए."

विज्ञापनदाता

साओ पाउलो के एक छोटे शहर ताबानी में वह अपने शरीर का ऊपरी हिस्सा बिना ढके सीना दिखाते हुए चलते हैं लेकिन उनका कहना है कि वह हर वक़्त ऐसा करने के लिए बाध्य नहीं हैं.

टैटू विज्ञापन

बोरिम एक टैटू के लिए हर महीने 50 से 400 रियाल वसूलते हैं. टैटू की क़ीमत इसके आकार, शरीर के किस हिस्से पर टैटू वाला विज्ञापन बना है और इसके विज्ञापनदाता कौन हैं, इस पर निर्भर करती है.

उनका कहना है कि जब कोई ग्राहक भुगतान नहीं करता है और विज्ञापन रद्द कर देता है तब वह उस विज्ञापन पर क्रॉस का निशान बना देते हैं.

"स्किनवर्टाइजिंग" वर्ष 2000 के दशक के मध्य में चलन में आया था जब कई डॉट.कॉम कंपनियों ने इसके साथ प्रयोग किया था. बज़फीड रिपोर्ट के मुताबिक़ इस तरह के चलन से कई ऐसी कंपनियों के विज्ञापनों की निशानी बाक़ी रह गई है जिनका अस्तित्व अब मौजूद नहीं है.

<bold><italic>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</italic></bold>