सहवाग की अपील, 'हम रक्षक हैं, हिंसक नहीं'

वीरेंदर सहवाग
प्रकाशित

हरियाणा में जाटों के आरक्षण आंदोलन से पैदा तनाव के बीच कई सिलेब्रिटीज़ ने शांति की अपील की है.

मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंदर सहवाग ने आरक्षण की मांग कर रहे आंदोलनकारियों से हिंसा छोड़ने की अपील की है.

उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल @virendersehwag से लिखा, "सभी भाइयों से मेरी विनती है कि हिंसा त्याग दो और जिसकी जो मांग हो, संवैधानिक तरीके से रखो. हम रक्षक हैं, हिंसक नहीं."

सहवाग ने एक और ट्वीट में लिखा, "देश की सेना और खेल जगत और ना जाने कितनी चीज़ों में देश का नाम ऊँचा किया है. हमारा जोश देश के भले लिए इस्तेमाल होना चाहिए."

वीरेंदर सहवाग का ट्वीट

सहवाग ने यह अपील तब की है जब हरियाणा में जाट समुदाय के लोगों के लिए शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है. इसमें अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है.

सहवाग ने एक रिट्वीट भी किया जिसमें भिवानी के रहने वाले मशहूर मुक्केबाज़ विजेंदर सिंह को शांति की अपील करते हुए दिखाया गया है.

इसमें विजेंदर की तस्वीर के साथ उनकी अपील लिखी है, "मैं हरियाणा राज्य के सभी लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करता हूं."

अभिनेता और फिल्म निर्देशक सतीश कौशिक ने भी शांति की अपील की है.

विजेंदर सिंह का ट्वीट हुआ रीट्वीट

उन्होंने @satishkaushik2 से ट्वीट किया है, "मैं अपने सभी हरियाणवी लोगों से अपील करता हूं कि वे क़ानून व्यवस्था बनाए रखें और हिंसा छोड़ दें. हमारा प्यारा राज्य बीते आठ दिनों में काफ़ी नुक़सान उठा चुका है."

वहीं अपने बयानों से अकसर सुर्ख़ियों में रहने वाले कमाल ख़ान ने लिखा, "सरकार ने हरियाणा के जाटों की मांग मान ली है. यह इसका सबूत है कि आप भारत में सिर्फ़ गुंडागर्दी के बल पर कुछ भी हासिल कर सकते हैं."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)